India News: केंद्र का राज्यों को सख्त निर्देश, लॉ एंड ऑर्डर पर हर 2 घंटे में गृह मंत्रालय को भेजें रिपोर्ट

India News: केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या के विरोध में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य लोगों के विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। सभी राज्यों के पुलिस बलों को हर दो घंटे में स्थिति रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।

Update: 2024-08-18 04:06 GMT

Home Minister Amit Shah (Pic:Social Media) 

India News: कोलकाता में सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और मर्डर की घटना के बाद देशभर में हो रहे डॉक्टरों के विरोध-प्रदर्शन के बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है। गृह मंत्रालय के नए आदेश के अनुसार, अब सभी राज्यों को अपने कानून व्यवस्था की जानकारी गृह मंत्रालय को हर 2 घंटे पर देने का निर्देश दिया गया है।

गृह मंत्रालय ने यह फैसला राज्यों में बढ़ रहे अपराध को देखते हुए लिया है और सभी राज्यों को आदेश जारी किए हैं। राज्य पुलिस बलों को भेजे गए संदेश में कहा गया है कि विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर सभी राज्यों की कानून व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखी जानी चाहिए। गृह मंत्रालय ने आदेश में सभी राज्यों को कानून व्यवस्था की रिपोर्ट हर 2 घंटे में ईमेल, फैक्स या व्हाट्सएप के माध्यम से केंद्र को भेजने को कहा है।

गृह मंत्रालय का आदेश

शुक्रवार को भेजे गए संदेश में कहा गया है, कृपया इस संबंध में लगातार दो घंटे की कानून व्यवस्था की स्थिति रिपोर्ट आज शाम 4 बजे से फैक्स/ईमेल/व्हाट्सएप के जरिए गृह मंत्रालय नियंत्रण कक्ष (नई दिल्ली) को भेजी जाए। आपको बता दें कि देश के विभिन्न हिस्सों में डॉक्टर और अन्य चिकित्सा कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। प्रदर्शनकारी स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा की जांच के लिए एक केंद्रीय कानून बनाने, अन्य मांगों के अलावा अनिवार्य सुरक्षा अधिकारों के साथ अस्पतालों को सुरक्षित क्षेत्र घोषित करने पर जोर दे रहे हैं।

IMA की PM Modi को चिट्ठी

दरअसल, नौ अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप और मर्डर हत्या की घटना ने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया है। देश भर के डॉक्टर लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। कोलकाता की इस घटना के विरोध में शनिवार को आईएमए के आह्वान पर देशभर के डॉक्टरों ने 24 घंटे की हड़ताल की थी। अपने 24 घंटे के विरोध प्रदर्शन के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है। जिसमें कहा है कि महिलाओं के लिए सुरक्षित स्थानों की कमी के कारण बड़े पैमाने पर अपराध हो रहे हैं। सुरक्षा प्रोटोकॉल की कमी की वजह से गुंडागर्दी होती है। इस अपराध और बर्बरता ने पूरे देश की अंतरात्मा को झकझोर दिया है। देशभर के डॉक्टरों ने आज सिर्फ इमरजेंसी में ही सेवाएं प्रदान की हैं।

IMA ने रखी ये मांगें

-महामारी रोग अधिनियम 1897 में 2020 के संशोधनों के (हेल्थकेयर पर्सनल और क्लीनिकल संस्थाओं में हिंसा और प्रॉपर्टी को नुकसान पहुंचाने का निषेध विधेयक-2019) मसौदे में शामिल कर केंद्रीय अधिनियम बने। यह 25 राज्यों को मजबूती प्रदान करेगा।

-सभी अस्पतालों के सिक्योरिटी प्रोटोकॉल किसी एयरपोर्ट से कम नहीं होने चाहिए। अनिवार्य सुरक्षा अधिकारों के साथ अस्पतालों को सुरक्षित क्षेत्र घोषित करना चाहिए। अस्पतालों में सीसीटीवी, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और प्रोटोकॉल का पालन किया जाए।

-पीड़िता 36 घंटे की ड्यूटी शिफ्ट कर रही थी, लिहाजा आराम करने के लिए सुरक्षित स्थानों के साथ ही रेस्ट रूम्स की कमी के कारण रेजिडेंट डॉक्टरों के काम करने और रहने की स्थिति में व्यापक बदलाव की जरूरत है।

-निश्चित समयसीमा के अंदर किसी अपराध की सावधानीपूर्वक और पेशेवर जांच हो और न्याय मिले।

-शोकाकुल परिवार को उचित और सम्मानजनक मुआवजा दिया जाए

अस्पताल में हुई थी हैवानियत

बता दें कि 8-9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर अस्पताल के सेमिनार हॉल में एक महिला डॉक्टर के साथ हैवानियत हुई थी। मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात 31 वर्षीय पोस्ट ग्रेजुएट रेजिडेंट डॉक्टर का 8-9 अगस्त की रात कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया। वह बेहोशी की हालत में सेमिनार हॉल में मिली थी। उसे तुरंत डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा

इस मामले की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ चुकी है, जिसे पुलिस ने पीड़िता के परिवार को सौंपा था। रिपोर्ट में हत्या से पहले की प्रकृति और सेक्सुअल पेनेट्रेशन की बात की कही गई। बताया गया कि पीड़िता की हत्या गला घोंटकर हुई थी। उससे पहले उसके साथ रेप हुआ था। आरोपी ने 2 बार उसका गला घोंटा था। उसकी मौत सुबह 3 से 5 बजे के बीच हुई थी।

Similar News