चंडीगढ़ में गरजे CM योगी, बोले- “अगर दंगे हुए तो उल्टा टांग दूंगा”

CM Yogi in Chandigarh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज चंडीगढ़ में चुनावी जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। साथ ही उन्होंने कहा कि जो राम का नहीं वो किसी काम का नहीं।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-05-20 10:55 GMT

CM Yogi in Chandigarh: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत आज देश की 49 सीटों पर वोटिंग हो रही है। आज के मतदान के बाद 2 चरणों के चुनाव शेष बचेंगे। राजनीतिक पार्टियां आगामी चरणों को लेकर अपने-अपने हिस्से की तैयारी में जुट गई हैं। दलों के स्टार प्रचारक लगातर अलग-अलग राज्यों में जाकर चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। इसी क्रम में आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चंडीगढ़ में जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने विपक्षी गठबंधन इंडिया पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब हम 400 की बात करते हैं तो कांग्रेस को चक्कर आने लगता है।

अगर दंगे हुए तो उल्टा टांग दूंगा: योगी

चंडीगढ़ की जनता को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे कि अगर अयोध्या में राम मंदिर बना तो दंगे हो जाएंगे, लेकिन मैंने कहा कि अगर दंगे हुए तो उल्टा टांग दूंगा। अब तो यूपी में लोगों ने सड़कों पर नमाज पढ़ना भी बंद कर दिया है और साथ ही मस्जिदों से लाउडस्पीकर भी उतरने शुरू हो चुके हैं।

जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज पांचवे चरण का चुनाव चल रहा है, लेकिन मैं निश्चिंत होकर चंडीगढ़ में हूं। क्योंकि पूरे देश में ये माहौल है कि प्रधानमंत्री मोदी एक बार फिर पीएम बनेंगे। उन्होंने आगे कहा कि जनता कहती है कि जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे और जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं। मुख्यमंत्री योगी ने आगे अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस राम विरोधी पार्टी है। हम तो कांग्रेस को कहते हैं कि इटली में ही राम मंदिर बना लो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विनाशकाले विपरीत बुद्धि की दिशा की ओर जा रही है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए सीएम योगी ने आगे कहा कि जब भी देश पर कोई संकट आता है तो सबसे पहले राहुल गांधी देश छोड़कर जाते हैं। हालांकि, इन्होंने हमेशा देश को संकट ही दिया है। चाहें वह नक्सल संकट हो या आतंकवाद हो।

अब पटाखा भी फूटे तो पाकिस्तान सफाई देता है: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि देश में जब कारोना का संकट आया तो राहुल गांधी कभी उत्तर प्रदेश नहीं आए, वहीं हमलोग जनता के बीच में काम करते रहे। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बीते 10 सालों में देश का सम्मान बढ़ाया है। पहले देश में आतंकी हमले होते थे। लेकिन अब जब कहीं पटाखा भी फूटता है तो पाकिस्तान सबसे पहले सफाई देता है कि इसमें मेरा हाथ नहीं है। वहीं सीएम योगी ने बीजेपी सरकार के कामों को गिनवाते हुए कहा कि विकास पूरे जोर पर है। एक्सप्रेसवे बनाए जा रहे हैं, एम्स बन रहे हैं। पहले की सरकार में लोग भूख से मरते थे लेकिन अब 80 करोड़ लोगों को फ्री राशन दिया जा रहा है।

Tags:    

Similar News