Politics : ...तो इसलिए अब बिखरने लगा इंडिया गठबंधन, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की राहें हुईं जुदा

India Alliance : हरियाणा और दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) का गठबंधन नहीं होगा। दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ेंगी।

Newstrack :  Network
Update: 2024-07-04 10:24 GMT

India Alliance : लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को शिकस्त देने के लिए बनी इंडिया गठबंधन में दरार पड़ती नजर आ रही है। हरियाणा और दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) का गठबंधन नहीं होगा। दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ेंगी।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने गुरुवार को कहा, महाराष्ट्र और झारखंड में इंडिया गठबंधन एक साथ चुनाव लड़ेगा, लेकिन जरूरी नहीं कि अन्य राज्यों में भी साथ लड़े। विधानसभा चुनावों के लिए इंडिया गठबंधन कोई एक फॉर्मूला नहीं अपनाएगा। उन्होंने आगे कहा, इंडिया गठबंधन उन राज्यों में मिलकर चुनाव लड़ेगा जहां कांग्रेस नेता और अन्य गठबंधन के नेताओं के बीच सहमति बनेगा, लेकिन जहां सहमति नहीं बन पाएगा, वहां अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे। इससे साफ है कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद आम आदमी पार्टी (आप) से दूरी बरत रही है।

'आप' खुद नहीं चाहती गठबंधन- जयराम रमेश

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आगे कहा, "पंजाब में विपक्षी गठबंधन का कोई जनबंधन नहीं है। हरियाणा में हमने आम आदमी पार्टी (आप) को लोकसभा चुनाव में एक सीट दी थी, लेकिन मुझे नहीं लगता कि विधानसभा चुनाव में कोई गठबंधन होगा। आम आदमी पार्टी (आप) ने खुद कहा है कि विधानसभा चुनाव में गठबंधन नहीं होगा। आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस ने दिल्ली और हरियाणा में मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन पंजाब में दोनों पार्टियां अलग-अलग चुनाव लड़ीं थी।

इस वजह से आई दोनों में दूरी

पंजाब में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन के बाद कहा गया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन से पार्टी को नुकसान हुआ और अगर पार्टी अकेले चुनाव लड़ती तो ज्यादा बेहतर प्रदर्शन होता। यही वजह है कि अब कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी से दूरी बना ली है और विधानसभा चुनाव में अकेले दम पर चुनाव मैदान में उतरने का एलान कर दिया है।

बंगाल में भी नहीं होगा गठबंधन

जयराम रमेश ने बंगाल विधानसभा चुनाव में भी अकेले चुनाव लड़ने के संकेत दिए, लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि स्थानीय नेताओं की आपसी समझ और परिस्थितियों पर बहुत कुछ निर्भर करेगा। महाराष्ट्र में कांग्रेस का शिवसेना यूबीटी और एनसीपी एसपी के साथ गठबंधन है। वहीं झारखंड में झामुमो के साथ गठबंधन है। झारखंड, हरियाणा और महाराष्ट्र में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जबकि दिल्ली में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होंगे।

Tags:    

Similar News