Coronavirus: कोरोना ने फिर बढ़ाई टेंशन, दिल्ली और मुंबई बन रहे हॉटस्पॉट

Coronavirus: बुधवार को 16,047 नए मामले सामने आए थे। देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 1,25,076 हो गई है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2022-08-11 06:30 GMT

Coronavirus: (photo: social media )

Coronavirus: देशभर में कोरोना के नए मामलों ने एकबार फिर रफ्तार पकड़ ली है। रोजाना के मामलों ने टेंशन बढ़ा दी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 16,299 नए केस मिले हैं। इससे एक दिन पहले यानी बुधवार को 16,047 नए मामले सामने आए थे। देश में सक्रिय मरीजों की संख्या 1,25,076 हो गई है। पॉजिटिविटी रेट भी बढ़कर 4.58 प्रतिशत हो गया है।

कोरोना की दूसरी लहर ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गजब का कहर ढ़ाया था। इसके बाद तीसरे लहर में भी लॉकडाउन का सहारा लेना पड़ा था। अब एकबार फिर दिल्ली में हालात तेजी से उसी ओर जाते नजर आ रहे हैं। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमण के मामलों में उछाल के साथ - साथ मौतों की संख्या में भी वृद्धि हुई है। राष्ट्रीय राजधानी में बीते 24 घंटे में 2146 नए केस मिले हैं जबकि आठ मरीजों ने दम तोड़ा है। बीते छह माह में एक दिन में हुई मौतों का ये सर्वाधिक आंकड़ा है। इस आंकड़े ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों को डरा दिया है। इससे पहले 13 फरवरी को दिल्ली में कोरोना के 12 मरीजों की मौत हुई थी।

दिल्ली में 8 हजार से अधिक एक्टिव केस

दिल्ली सरकार के हेल्थ विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 12,036 सैंपल की जांच गई, जिसमें 2146 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद राष्ट्रीय राजधानी में सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 8025 हो गया। इनमें से 5549 मरीज घर पर रहकर ही उपचार करवा रहे हैं। दिल्ली में कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 19,75,540 हो गई। वहीं आठ मरीजों की मौत के बाद कुल मृतकों की संख्या भी बढ़कर 26,351 हो गई। दिल्ली में नए मामलों में आए उछाल और मौतों की बढ़ती संख्या पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि दूसरी बीमारी से ग्रसित लोग ही कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। इन मरीजों का पहले से अन्य बीमारियों का उपचार भी चल रहा है।

मुंबई में भी बढ़ रहे केस

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी कोरोना के रोजाना के मामलों में वृद्धि हुई है। पिछले 24 घंटे में मायानगरी में 852 नए केस मिले हैं, जो 1 जुलाई के बाद सर्वाधिक है। हालांकि, किसी के मौत की पुष्टि नहीं हुई है। मुंबई में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 11,29,285 पर पहुंच चुका है। वहीं अब तक 19661 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं बात करें पूरे महाराष्ट्र की तो पिछले 24 घंटे में 1,847 मामले सामने आए और सात मरीजों की मौत हुई।

Tags:    

Similar News