AAP Road Show: दिल्ली में सुनीता केजरीवाल ने किया पहला रोड शो, बोलीं- जेल का जवाब वोट से देंगे

Sunita Kejriwal Road Show: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी ने आज दिल्ली में अपना पहला रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने जनता से देश को बचाने की अपील की।

Written By :  Sidheshwar Nath Pandey
Update:2024-04-27 19:34 IST

Sunita Kejriwal Road Show Delhi (Pic: Social Media)

Sunita Kejriwal Road Show Delhi: जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने अपने चुनावी अभीयान की शुरुआत कर दी है। सुनीता केजरीवाल ने आज दिल्ली में रोड शो किया। इस मेगा रोड शो से सुनीता केजरीवाल ने राजनीति में एंट्री की है। सुनीता केजरीवाल ने पूर्वी दिल्ली से आप के लोकसभा उम्मीदवार कुलदीप कुमार के समर्थन में कोंडली इलाके में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने जनता से देश को बचाने और तानाशाही के खिलाफ वोट करने की अपील की। रोड शो के दौरान भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों के हाथों में केजरीवाल के समर्थन में पोस्टर भी देखने को मिले। सुनीता केजरीवाल ने हाथ जोड़ कर जनता का अभिवादन स्वीकार किया।

'शेर हैं अरविंद केजरीवाल'

रोड शो के दौरान जनता को संबोधित करते हुए सुनीता केजरीवाल ने पूछा कि अरविंद केजरीवाल का क्या कसूर है? दिल्ली सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों के लिए बिजली फ्री की। बच्चों के लिए शिक्षा की मुफ्त व्यवस्था की इसीलिए अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया। मगर अरविंद केजरीवाल शेर हैं, उन्हें कोई झुका नहीं सकता। साथ ही लोगों से वोट देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि मैं आप सब से विनती करती हूं कि 25 मई को मतदान करने जरूर जाएं। अपने वोट की कीमत को समझें और देश में तानाशाही खत्म करने के लिए वोट करें। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि साथ लड़ेंगे तभी जीतेंगे और जेल का जवाब वोट से देंगे। 

बीजेपी पर लगाए आरोप

रोड शो के दौरान सुनीता केजरीवाल ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि एक महीने से अरविंद केजरीवाल को जबरदस्ती जेल में रखा है। जबकि अदालत ने दोषी नहीं ठहराया है। वो कह रहे हैं कि जांच चल रही है। अगर 10 साल तक जांच चलेगी तो क्या 10 साल तक जेल में रखेंगे। ये तानाशाही है। केजरीवाल की बीमारी पर बयान देते हुए उन्होंने कहा कि केजरीवाल पिछले 22 साल से शुगर के मरीज हैं। 12 साल से इंसुलिन ले रहे हैं। उन्हें जेल में इंसुलिन देने से इनकार किया गया। उन्होंने कहा कि मैं जानती कि आप लोग केजरीवाल से प्यार करते हैं और यही भाजपा की परेशानी है। 

रोड शो में दिखी भारी भीड़

सुनीता केजरीवाल का यह पहला चुनावी अभियान है। ये पहली बार है जब वो चुनाव प्रचार के लिए सामने आई हैं। केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद सुनीता कई मौकों पर सरकार का विरोध करती नजर आ चुकी हैं। माना जा रहा था कि अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद सुनीता को दिल्ली की कमान सौंपी जा सकती है। हालांकि पार्टी ने इसे लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। आज के रोड शो में सुनीता का चुनावी अंदाज दिखा। हाथ जोड़ कर लोगों का अभिवादन स्वीकार करती सुनीता केजरीवाल राजनीति की मंझी खिलाड़ी की तरह नजर आईं। इस रोड शो में केजरीवाल के समर्थन के पोस्टर भी देखने को मिले। समर्थक मिस यू केजरीवाल के पोस्टर के साथ रोड शो में शामिल हुए। भारी भीड़ देखने के बाद कहा जा सकता है कि आम आदमी पार्टी अब सुनीता केजरीवाल को ही अपनी प्रमुख चेहरा बना रही है। 

Tags:    

Similar News