Delhi Assembly Elections 2025: बीजेपी ने जारी की चौथी लिस्ट, बवाना-देवली सीट पर गठबंधन पार्टियों के उम्मीदवार

Delhi Assembly Elections 2025: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपनी चौथी सूची जारी कर दी है। केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा स्वीकृत इस सूची में 9 विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं;

Newstrack :  Network
Update:2025-01-16 17:24 IST

BJP faces challenges in selecting district presidents in Devipatan; key decisions likely soon.(Photo: Social Media)

Delhi Assembly Elections 2025: भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपनी चौथी सूची जारी कर दी है। केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा स्वीकृत इस सूची में 9 विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नाम घोषित किए गए हैं, जिनमें से तीन सीटें अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित हैं। इस सूची को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से जारी किया गया है। अब तक बीजेपी ने कुल 70 विधानसभा क्षेत्रों में से 68 पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। शेष दो सीटों—बुराड़ी और देवली—पर बीजेपी अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगी, बल्कि ये सीटें अपने गठबंधन दलों जेडीयू और लोजपा(आर) को देगी। जेडीयू बुराड़ी से और लोजपा(आर) देवली से अपना उम्मीदवार मैदान में उतार सकती है।


चौथी सूची में घोषित उम्मीदवारों के नाम

- बवाना (एससी): रविंद्र कुमार (इंद्रज)

- वजीरपुर: पूनम शर्मा

- दिल्ली कैंट: भुवन तंवर

- संगम विहार: चंदन कुमार चौधरी

- ग्रेटर कैलाश: शिखा राय

- त्रिलोकपुरी (एससी): रविकांत उज्जैन

- शाहदरा: संजय गोयल

- बाबरपुर: अनिल वशिष्ठ

- गोकलपुर (एससी): प्रवीण निमेष

स्टार प्रचारकों की जारी हुई लिस्ट

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आगामी चुनावों के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की थी। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत सात मुख्यमंत्रियों को शामिल किया गया है। इस सूची में पूर्वांचल के नेताओं को विशेष महत्व दिया गया है, जिनमें भोजपुरी फिल्मों के मशहूर सितारे और सांसद मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' का नाम भी शामिल है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बड़ी संख्या में पूर्वांचल से आने वाले मतदाता रहते हैं, और बीजेपी इस वोट बैंक को साधने पर जोर दे रही है।

इसके अतिरिक्त, पार्टी ने केंद्रीय मंत्रियों जैसे नितिन गडकरी, पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान, हरदीप सिंह पुरी, और गिरिराज सिंह को भी स्टार प्रचारक बनाया है। सात मुख्यमंत्रियों की सूची में योगी आदित्यनाथ के अलावा देवेंद्र फडणवीस, हिमंत बिस्वा सरमा, पुष्कर सिंह धामी, और भजन लाल शर्मा का नाम शामिल है। दिल्ली से जुड़े नेताओं में सभी सात सांसद और प्रदेश नेतृत्व के प्रमुख नेता जैसे बैजयंत पांडा, सह प्रभारी अलका गुर्जर और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा को भी स्थान दिया गया है।

Tags:    

Similar News