Delhi CM Oath Ceremony: रेखा गुप्ता के साथ यह छह नेता भी लेंगे शपथ, प्रवेश वर्मा- पंकज सिंह का नाम शामिल

Delhi CM Oath Ceremony: भारतीय जनता पार्टी की सत्ता में 27 साल बाद वापसी को ऐतिहासिक बनाने के लिए भव्य तैयारियां की गयी हैं। भाजपा ने दिल्ली सरकार के मंत्रिपरिषद के चयन में हर वर्ग को तरजीह दी है।;

Written By :  Shishumanjali kharwar
Update:2025-02-20 11:25 IST
delhi oath ceramony 

Delhi CM Oath Ceremony: दिल्ली के रामलीला मैदान में रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगीं। रेखा गुप्ता के साथ उनके मंत्रिपरिषद के छह सदस्य भी मंत्री पद की शपथ लेगीं। भारतीय जनता पार्टी की सत्ता में 27 साल बाद वापसी को ऐतिहासिक बनाने के लिए भव्य तैयारियां की गयी हैं। भाजपा ने दिल्ली सरकार के मंत्रिपरिषद के चयन में हर वर्ग को तरजीह दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्रराज, आशीष सूद और पंकज सिंह मंत्री पद की शपथ लेंगे। आइए जानते हैं इन छह नेताओं के बारे में।

कौन हैं प्रवेश वर्मा?

प्रवेश वर्मा सियासी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह दिल्ली के मुख्यमंत्री रह चुके साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। प्रवेश वर्मा की शुरूआती षिक्षा दीक्षा दिल्ली पब्लिक स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने किरोड़ीमल कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। 1999 में उन्होंने स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया से इंटरनेशनल बिजनेस सब्जेक्ट में एमबीए किया।

प्रवेश वर्मा ने साल 2013 में सियासी सफर की शुरूआत की। उन्होंने दिल्ली के महरौली विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और कांग्रेस नेता योगानंद शास्त्री को परास्त किया। इसके साथ वह साल 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में पश्चिमी दिल्ली सीट से सांसद निर्वाचित हुए। दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चार हजार वोटों से मात दी।

कौन हैं मनजिंदर सिंह सिरसा

मनजिंदर सिंह सिरसा साल 2021 में शिरोमणि अकाली दल पार्टी को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। भाजपा ने उन्हें राजौरी गार्डन विधानसभा सीट से मैदान में उतारा था। उन्होंने 18,190 वोटों से जीत दर्ज की। अब तक भाजपा उन्हें दिल्ली सरकार में मंत्री बनाने जा रही है।

आशीष सूद पहली बार बने विधायक और बन रहे मंत्री

आशीष सूदन दिल्ली में पंजाबी समुदाय का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। वह दिल्ली की जनकपुरी विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने हैं और अब दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। उनके राजनीतिक करियर की शुरूआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से हुई थी। वह आरएसएस के बेहद करीबी हैं। पार्टी के लिए आशीष सूद ने जम्मू कश्मीर, गोवा जैसे राज्यों में अहम भूमिका भी निभायी है।

आम आदमी छोड़ भाजपा में शामिल हुए कपिल मिश्रा

करावल नगर सीट से निर्वाचित हुए कपिल मिश्रा दिल्ली सरकार में मंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने 17 अगस्त 2019 में आम आदमी पार्टी को छोड़ भाजपा का दामन थामा था। कपिल मिश्रा उस समय चर्चा में आए थे जब दिल्ली दंगे हुए थे। उनकी छवि हिंदूवादी नेता के तौर पर रही है। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के अंबेडकर कॉलेज से स्नातक और फिर सोशल वर्क में परास्नातक की डिग्री हासिल की। साल 2017 में कपिल मिश्रा के तेवर ने अरविंद केजरीवाल सहित आम आदमी पार्टी के नेताओं की नींद उड़ा दी थी

कौन हैं रविंद्र इंद्रराज

रविंद्र इंद्रराज के जरिए भाजपा ने दलित समाज को अपने पक्ष में करने की कोषिष की है। रविंद्र इंद्रराज ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई की है। दिल्ली की बवाना सुरक्षित सीट से रविंद्र इंद्रराज ने पहली बार जीत हासिल किया है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के जय भगवान उपकार को 31,475 वोटों के अंतर से हराया और अब मंत्री पद की शपथ लेंगे।

पंकज सिंह के जरिए पूर्वांचल समाज को खुश करने की कोशिश

दिल्ली की विकासपुरी विधानसभा सीट से पंकज सिंह ने जीत का परचम लहराया। उन्होंने आम आदमी पार्टी के महेंद्र यादव को 12, 876 मतों से करारी मात दी। भाजपा ने पंकज सिंह के जरिए पूर्वांचल समाज को साधने की कोशिश की है। पंकज सिंह पूर्वांचल के ठाकुर बिरादरी से ताल्लुक रखते हैं।

Tags:    

Similar News