Delhi Crime: अब दिल्ली में दुमका जैसी घटना से कांपा भारत, मनचलों ने लड़कियों का जीना किया दुश्वार

Delhi Crime: आरोपी अमानत अली ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वो दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए काजल के संपर्क में आया था।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2022-09-01 08:13 GMT

 Crime (photo: social media )

Delhi Crime: झारखंड के दुमका की रहने वाली 12वीं की छात्रा अंकिता सिंह की नृशंस हत्या से देश उबरा भी नहीं था कि देश के अन्य हिस्सों से एक के बाद ऐसी कई घटनाएं सामने आने लगी है। ताजा मामला राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के संगम विहार इलाके का है, जहां एक मनचले ने 16 वर्षीय छात्रा को गोली मार दी। छात्रा का नाम काजल है। वहीं जिस शख्स ने छात्रा पर गोली चलाई उसका नाम अमानत अली है। वो मूलतः यूपी के मेरठ का रहने वाला है और दिल्ली में संगम विहार के ई ब्लॉक में रहता है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अमानत अली ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वो दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए काजल के संपर्क में आया था। बाद में काजल ने उससे बात करना बंद कर दिया, जिसके बाद उसने उसे सबक सिखाने की योजना बनाई और उसे गोली मार दी।

कब की है घटना

पुलिस के मुताबिक, घटना 25 अगस्त की शाम की है। तिगड़ी पुलिस स्टेशन को 3 बजकर 47 मिनट पर संगम विहार इलाके में लड़की पर गोली चलने की खबर मिली। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो पता चला कि लड़की को कंधे पर गोली लगी है और बत्रा अस्पताल में उसे एडमिट करवाया गया है। पुलिस ने वहां पहुंचकर घायल छात्रा का बयान दर्ज किया। लड़की ने पुलिस को बताया कि वह देवली रोड स्थित कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में 11वीं में पढ़ती है। उस दिन वह स्कूल से घर आ रही थी तो उसे लगा कि तीन लड़के बाइक से उसका पीछा कर रहे हैं। जब वह संगम विहार के बी ब्लॉक में पहुंची तो एक लड़के ने उसपर पिस्टल से गोली चला दी और सभी मौके से फरार हो गए।

लड़की ने आगे बताया कि वह अरमान अली नामक लड़के को जानती है, जो सोशल मीडिया के जरिए उसके संपर्क में था। 4-5 माह से वह लड़के के संपर्क में नहीं थी, फिर भी वह उसका पीछा कर रहा था। पुलिस ने इस वारदात में शामिल तीनों आरोपियों अरमान अली, बॉबी और पवन को गिरफ्तार कर लिया है। लड़की के बयान पर आरोपियों के विरूद्ध हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

देशभर में ऐसे कई वारदात आ चुके हैं सामने

दुमका की अंकिता सिंह को जलाने का मामला सामने आने के बाद देशभर से ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें किसी शख्स ने एकतरफा प्यार के खातिर महिलाओं की जान लेने की कोशिश की है। बीते दिनों एमपी के खंडवा में एक सिरफिरे आशिक ने एक लड़की की चाकू से गला रेत दी। इसके बाद यूपी के अलीगढ़ में एक युवक ने एक युवती को पेट्रोल से जिंदा जलाने की कोशिश की। वहीं झारखंड के चतरा में एक मनचले ने एक लड़की पर तेजाब उड़ेलकर उसे बुरी तरह घायल कर दिया है।

Tags:    

Similar News