Haryana Assembly Elections 2024: अब हरियाणा में कांग्रेस की टेंशन बढ़ाएंगे केजरीवाल

Haryana Assembly Elections 2024: माना जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल कांग्रेस के वोट बैंक में सेंध लगाएंगे जिससे कांग्रेस का विधानसभा चुनाव में खेल बिगड़ सकता है।

Update:2024-09-23 07:53 IST

Rahul Gandhi and Arvind Kejriwal : (Pic:Social Media)

Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा के विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल अब कांग्रेस की टेंशन बढ़ाएंगे। जेल से अंतरिम जमानत मिलने के बाद केजरीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। अब वे हरियाणा में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। पहले हरियाणा विधानसभा चुनाव में आप की ओर से अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल प्रचार कर रही थीं।

लेकिन अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने के बाद अब केजरीवाल प्रचार का जिम्मा खुद संभालेंगे। दिल्ली के जंतर-मंतर पर जनता की अदालत में जिस तरह से अरविंद केजरीवाल ने भाजपा, आरएसएस और पीएम मोदी पर हमला बोला है उससे तो साफ है कि हरियाणा में कांग्रेस का खेल तो बिगाड़ ही सकते हैं साथ ही भाजपा को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।


90 सीटों पर उतारा है उम्मीदवार

हरियाणा विधानसभा की कुल 90 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। यहां मुख्य तौर पर मुकाबला भाजपा, कांग्रेस और दुष्यंत चौटाला की पार्टी के बीच माना जा रहा है। लेकिन वहीं आम आदमी पार्टी ने यहां की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार कर चुनाव को काफी दिलचस्प बना दिया है।

कांग्रेस से नहीं बनी थी बात तो...

आम आदमी पार्टी हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन के मूड में थी। लेकिन कांग्रेस और आप के बीच सीटों को लेकर बातचीत तो शुरू हुई लेकिन अंततः दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन नहीं हो पाया और आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में अकेले ही विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला कर लिया और राज्य की सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए।


आप बिगाड़ेगी कांग्रेस का खेल!

अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में लगातार तीन बार सरकार बनाई है। यही नहीं पार्टी ने पंजाब में भी अपनी सरकार बनाने में सफलता हासिल की। लेकिन हरियाणा की राजनीति का मिजाज दिल्ली और पंजाब से एकदम अलग है। हरियाणा की राजनीति में इमोशन यानी सेंटीमेंट का सिक्सा चलता है। इस बार के चुनाव में कांग्रेस ने बड़ी तैयारी की है। पार्टी ने जाट, पहलवान और किसान सेंटीमेंट को मजबूती के साथ बड़े पैमाने पर धार देने की कोशिश की है। अब उसकी यह कोशिश कितनी रंग लाएगी यह तो चुनाव के नतीजे आने के बाद ही पता चलेगा।

वहीं आम आदमी पार्टी भी केजरीवाल के लोकल होने का कार्ड खेल रही है। केजरीवाल के जेल में रहते समय आप के प्रचार अभियान की कमान संभालने वाली उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल अपनी हर रैली में उन्हें हरियाणा का बेटा और खुद को हरियाणा की बहु बताती रहीं। अब इसका आप को चुनाव में कितना फायदा होगा यह तो समय ही बताएगा।


कांग्रेस को देंगे डेंट

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल हरियाणा में कांग्रेस को झटका दे सकते हैं। माना जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल कांग्रेस के वोट बैंक में सेंध लगाएंगे जिससे कांग्रेस का विधानसभा चुनाव में खेल बिगड़ सकता है। अब अरविंद केजरीवाल का यहां कितना प्रभाव होता है यह तो विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद ही पता चलेगा।

Tags:    

Similar News