INDIA Alliance Rally: पतिदेव जेल में बंद तो मैडम ने संभाला मोर्चा, रामलीला मैदान की रैली में पहुंचीं इन चार दिग्गज नेताओं की पत्नियां

INDIA Alliance Rally: रैली में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी पहुंचीं। उनके अलावा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की पत्नियां भी रैली में हिस्सा लेने के लिए पहुंचीं।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-03-31 10:36 GMT

पति जेल में बंद, रैली में पहुंचीं सुनीता केजरीवाल, कल्पना सोरेन, सत्येंद्र जैन की पत्नी, संजय सिंह की पत्नि रामलीला मैदान में: Photo- Social Media

INDIA Alliance Rally: दिल्ली के शराब घोटाले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ( CM Arvind Kejriwal) के गिरफ्तारी पर विरोध जताने के लिए आज इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance) में शामिल विपक्षी दलों की ओर से राजधानी के रामलीला मैदान में बड़ी रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में हिस्सा लेने के लिए इंडिया गठबंधन में शामिल विभिन्न विपक्षी दलों के दिग्गज नेता रामलीला मैदान पहुंचे और मोदी सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला।

रामलीला मैदान (Ramlila Maidan) की इस रैली में एक उल्लेखनीय बात यह भी नजर आई की उन चार महिलाओं ने भी मोर्चा संभाला जिनके पतियों को विभिन्न मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। इस रैली में हिस्सा लेने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी पहुंचीं। उनके अलावा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की पत्नियां भी रैली में हिस्सा लेने के लिए पहुंचीं।

सुनीता केजरीवाल: Photo- Social Media

सुनीता केजरीवाल ने अरविंद को बताया शेर

दिल्ली शराब घोटाले (Delhi Liquor Scam) में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल भी काफी सक्रिय नजर आ रही है। पार्टी को एकजुट बनाए रखने के लिए वे खुद मैदान में उतर चुकी हैं। हाल के दिनों में उन्होंने वीडियो संदेश के जरिए अपनी बात सबके सामने रखी है। उनकी बढ़ती सक्रियता को देखते हुए पहले ही यह तय माना जा रहा था कि वे आज की रैली में हिस्सा लेने के लिए जरूर पहुंचेगी।

रैली को संबोधित करते हुए सुनीता केजरीवाल ने कहा कि मोदी जी ने मेरे पति को जेल में डाल दिया। क्या उन्होंने ठीक किया? मोदी जी को यह बात ध्यान में रखनी चाहिए कि वे सभी के चहेते केजरीवाल को ज्यादा दिनों तक जेल में नहीं रख पाएंगे। उन्होंने कहा कि आपके केजरीवाल शेर हैं और देश के करोड़ों लोगों के दिलों में बसते हैं। उन्होंने कहा कि कभी-कभी लगता है कि केजरीवाल फ्रीडम फाइटर थे जो देश के लिए लड़ते-लड़ते शहीद हो गए। उन्होंने रैली के दौरान अपने पति केजरीवाल का संदेश भी पढ़कर सुनाया। इस संदेश के जरिए उन्होंने देश के सामने छह गारंटी रखी।

कल्पना सोरेन ने किया तीखा हमला

झारखंड के मुख्यमंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (former Chief Minister Hemant Soren) भी इन दिनों जेल में बंद हैं। उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी रैली में हिस्सा लेने के लिए पहुंचीं। उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी ताकत भारत की 140 करोड़ की जनता है। संविधान के जरिए हमें जितनी भी गारंटियां मिली हुई हैं, उन सभी गारंटियों को एनडीए की सरकार की ओर से नष्ट किया जा रहा है।

कल्पना सोरेन: Photo- Social Media

कल्पना सोरेन ने कहा कि भगवान राम ने भी अपने विरोधियों का सम्मान किया था मगर एनडीए सरकार विरोधियों को खत्म करने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई सातवें आसमान पर है, बेरोजगारी बढ़ रही है और नफरत की आग फैलाई जा रही है। देश की जनता ही सबसे बड़ी है और जनता से ऊपर कोई भी नहीं है। देश की जनता यह सबकुछ देख रही है और वह फैसला जरूर करेगी।

इन नेताओं की पत्नियां भी रैली में पहुंचीं

दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की पत्नियों ने भी रैली में हिस्सा लिया। आप के ये दोनों बड़े नेता इन दिनों जेल में बंद हैं और उनकी पत्नियों ने रैली में जुटे विपक्षी नेताओं से मुलाकात की।

रामलीला मैदान की सैलरी के जरिए विपक्ष ने अपनी ताकत दिखाई है। देश में लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) की प्रक्रिया शुरू हो जाने के कारण विपक्ष की ओर से आयोजित इस समय का रैली को सियासी नजरिए से भी काफी अहम माना जा रहा है।

रैली में हिस्सा लेने वाले विपक्षी नेताओं ने मोदी सरकार (Modi Government) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आने वाले चुनाव में देश की जनता सरकार की तानाशाही भरी नीतियों का बदला जरूर लेगी।

Tags:    

Similar News