IPS Vs IAS: कर्नाटक की दो महिला अधिकारी आपस में भिड़ीं, ऑनलाइन शेयर कर दी निजी तस्वीरें

IPS Vs IAS: कर्नाटक में दो महिला अधिकारियों के बीच जंग छिड़ गई है। लड़ाई ऐसी कि एक महिला IPS अधिकारी ने दूसरी महिला IAS अधिकारी की निजी तस्वीरें ऑनलाइन शेयर कर गंभीर आरोप लगा दिए।

Update: 2023-02-20 12:00 GMT

कर्नाटक की दो महिला अधिकारी आईएएस रोहिणी सिंधुरी, आईपीएस डी रूपा आपस में भिड़ीं: Photo- Social Media

IPS Vs IAS: कर्नाटक से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां अखिल भारतीय सेवा के दो महिला अधिकारियों के बीच भयानक जंग छिड़ गई है। लड़ाई ऐसी कि एक महिला आईपीएस अधिकारी ने दूसरी महिला आईएएस अधिकारी की निजी तस्वीरें ऑनलाइन शेयर कर गंभीर आरोप लगा दिए। जिन दो महिला अधिकारियों के बीच विवाद छिड़ा हुआ है, उनमें एक हैं वरिष्ठ आईपीएस डी रूपा मोदगिल और दूसरी हैं आईएएस अधिकारी रोहिणी सिंधुरी।

दरअसल, आईपीएस डी रूपा ने रविवार को आईएएस अधिकारी रोहिणी सिंधुरी की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, इस प्रकार के फोटो सामान्य लग सकते हैं, मगर इसका क्या मतलब है जब एक महिला आईएएस अधिकारी अक्सर ऐसी कई तस्वीरें एक या दो नहीं, तीन पुरूष आईएएस अधिकारियों को देती हैं ? यह उनका निजी मामला नहीं होगा, यह आईएएस सेवा आचरण नियमों के मुताबिक अपराध है। कोई भी जांच एजेंसी इन तस्वीरों की सत्यता की जांच कर सकती है।

आईएएस रोहिणी सिंधुरी ने लगाया ये आरोप

महिला आईएएस अधिकारी रोहिणी सिंधुरी ने आईपीएस डी रूपा पर पलटवार किया है। उन्होंने रूपा मोदगिल को उन पुरूष अधिकारियों के नाम बताने की चुनौती दी है, जिसे उन्होंने तस्वीरें शेयर की थीं। सिंधुरी ने कहा कि रूपा ने उन्हें बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें शेयर की हैं।

डी रूपा ने आईएएस अधिकारी पर लगाए थे गंभीर आरोप

महिला आईपीएस अधिकारी डी रूपा ने रोहिणी सिंधुरी पर कई और गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने महिला आईएएस अधिकारी पर पद का दुरूपयोग करने और आईएएस अधिकारी डी के रवि की आत्महत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। रूपा ने उन्हें असंवेदनशील करार देते हुए कहा कि कोरोना महामारी के दौरान वह घर में स्वीमिंग पूल बनवाने में व्यस्त थीं। रोहिणी सिंधुरी पर राजनीतिक व्यक्तियों के साथ सांठगांठ करने का आरोप भी लगाया है। रूपा मुदगिल ने प्रशासन से सिंधुरी पर लगे आरोपों की जांच करने की मांग की है।

कौन हैं आईपीएस डी रूपा ?

कर्नाटक कैडर की आईपीएस अधिकारी डी रूपा मोदगिल की छवि एक सख्त पुलिस अधिकारी की रही है। साल 2004 में पहली बार तब वो सुर्खियों में आई थीं, जब वो 1994 के हुबली दंगा मामले में कोर्ट के आदेश पर मध्य प्रदेश की तत्कालीन मुख्यमंत्री उमा भारती को गिरफ्तार करने पहुंची थी। इसके बाद साल 2017 में डी रूपा एकबार फिर चर्चा में आईं, जब उन्होंने कर्नाटक की जेल में बंद तमिलनाडु की कद्दावर नेत्री शशिकला को मिली खास सुविधाओं के बारे में खुलासा किया था। डी रूपा ने साल 2000 में यूपीएससी की परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 43वीं रैंक हासिल की थी। 2016 और 2017 में उन्हें प्रेसीडेंट पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया था। वर्तमान में वह कर्नाटक हस्तशिल्प विकास निगम की एमडी के रूप में काम कर रही हैं।

कौन हैं आईएएस रोहिणी सिंधुरी ?

रोहिणी सिंधुरी 2009 बैच की कर्नाटक कैडर की आईएएस अधिकारी हैं। वह आंध्र प्रदेश की रहने वाली हैं। 2014 में मांड्या जिला पंचायत की सीईओ रहते हुए उन्होंने रिकॉर्ड शौचालयों का निर्माण करवाया था, जिसके लिए उन्हें केंद्र सरकार की ओर से पुरस्कार भी मिला था। इस वक्त वह हिंदू धार्मिक संस्थानों और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के आयुक्त के तौर पर काम कर रही हैं।

राज्य की दो महिला सीनियर अधिकारियों के बीच छिड़े जंग पर अभी तक कर्नाटक सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। बता दें कि राज्य में अगले दो माह में विधानसभा चुनाव होने हैं।

Tags:    

Similar News