India Weather Alert: छाएंगे काले बादल और शुरू होगी झमाझम बारिश, भयंकर गर्मी का होने वाला है 'द एंड'

India Weather Alert: उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में लोग भीषण गर्मी और लू से परेशान हैं। ऐसे में हर किसी को मानसून के आगमन का इंतजार है।

Update:2026-06-27 15:30 IST

India Weather Alert

India Weather Alert: उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में लोग भीषण गर्मी और लू से परेशान हैं। ऐसे में हर किसी को मानसून के आगमन का इंतजार है। इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य से कुछ दिन देरी से आगे बढ़ रहा है, जिसके कारण उत्तर भारत में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। हालांकि भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अब राहत ज्यादा दूर नहीं है। विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के भीतर मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार मानसून जल्द ही उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तरी अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और उत्तराखंड के शेष हिस्सों तक भी पहुंच जाएगा।

यूपी में तीन दिन हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मानसून आने से पहले उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों तक लू और भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 से 29 जून के बीच हीटवेव का प्रभाव रहेगा, जबकि 27 और 28 जून को भीषण लू चलने की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 27 से 30 जून तक गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। इसके बाद 29 जून से मौसम का मिजाज बदलना शुरू होगा और बारिश के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। एक से तीन जुलाई के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक और तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में 27 से 29 जून के बीच कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 27 से 30 जून तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके अलावा हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली में 27 जून से 2 जुलाई के बीच बारिश के साथ तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। पूर्वी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

मध्य और पूर्वी भारत में भारी बारिश की संभावना

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 2 से 3 जुलाई के दौरान भारी वर्षा का अनुमान लगाया गया है। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 29 जून से 3 जुलाई के बीच व्यापक बारिश की संभावना है। इन राज्यों में कई स्थानों पर तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। 

दक्षिण भारत में मानसून पूरी रफ्तार पर

दक्षिण भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार केरल, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप, तेलंगाना, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। विशेष रूप से केरल, तटीय कर्नाटक और तेलंगाना में कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। ऐसे में स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।

गर्मी के बाद राहत की उम्मीद

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में अगले तीन दिन तक गर्मी अपने चरम पर रहेगी, लेकिन इसके बाद मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही मौसम पूरी तरह बदल जाएगा। बारिश शुरू होने से तापमान में गिरावट आएगी और लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News