ITR Filing 2026: सैलरी, फ्रीलांस या बिजनेस? ऐसे चुनें सही ITR फॉर्म, वरना अटक सकता है रिफंड

ITR Form Selection 2026: नौकरीपेशा, फ्रीलांसर और बिजनेस वालों के लिए कौन-सा ITR फॉर्म सही? जानिए पूरी डिटेल

Update:2026-05-11 13:41 IST

ITR Filing 2026 Right Form Selection For Salary, Freelance or Business

ITR Filing Form Selection 2026: न्यू फाइनेंशियल ईयर के आरम्भ के साथ ही हर साल की तरह इस बार भी इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करने का सीजन शुरू हो चुका है। नौकरीपेशा लोगों से लेकर फ्रीलांसर और छोटे कारोबारी तक सभी अपनी कमाई का हिसाब देने की तैयारी में जुट गए हैं। लेकिन टैक्स फाइलिंग में सबसे बड़ी परेशानी तब आती है, जब लोगों को यह समझ नहीं आता कि उनके लिए कौन-सा ITR फॉर्म सही रहेगा। कई बार जल्दबाजी या जानकारी की कमी के कारण लोग गलत फॉर्म चुन लेते हैं, जिसका परिणाम रिटर्न रिजेक्ट होने या इनकम टैक्स विभाग से नोटिस मिलने के रूप में सामने आ सकता है।

टैक्स एक्सपर्ट्स का कहना है कि ITR भरना सिर्फ एक औपचारिकता नहीं, बल्कि वित्तीय रिकॉर्ड को सही रखने का अहम हिस्सा है। इसलिए फॉर्म चुनने से पहले अपनी आय के सभी स्रोतों को ठीक से समझना जरूरी है।

नौकरीपेशा क्लास के लिए ITR-1 अब पहले से ज्यादा हुआ आसान

नौकरीपेशा लोगों के लिए सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला फॉर्म ITR-1 यानी ‘सहज’ माना जाता है। अगर किसी व्यक्ति की सालाना आय 50 लाख रुपये तक है और उसकी कमाई का मुख्य स्रोत सैलरी, पेंशन, घर का किराया और ब्याज जैसी आमदनी है, तो वह आसानी से इस फॉर्म का इस्तेमाल कर सकता है। इस बार सरकार ने नियमों में थोड़ी राहत भी दी है। अब दो घरों से होने वाली आय को भी ITR-1 में शामिल किया जा सकता है। इससे उन लोगों को फायदा मिलेगा जिनके पास एक से ज्यादा घर हैं लेकिन उनकी आय सामान्य सीमा में है।

इसके अलावा, शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों को भी इस बार राहत मिली है। यदि किसी व्यक्ति को 1.25 लाख रुपये तक का लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन हुआ है, तब भी वह ITR-1 भर सकता है। हालांकि, इससे अधिक मुनाफा होने पर ITR-2 फॉर्म भरना जरूरी होगा।

ज्यादा आय और निवेश वालों के लिए ITR-2 जरूरी

कई लोग ऐसे होते हैं जिनकी कमाई सिर्फ सैलरी तक सीमित नहीं रहती। कुछ लोगों को शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड, प्रॉपर्टी बिक्री या विदेशी निवेश से भी आय होती है। ऐसे मामलों में ITR-2 फॉर्म इस्तेमाल किया जाता है। अगर आपकी सालाना आय 50 लाख रुपये से अधिक है, तब भी यही फॉर्म लागू होता है। ITR-2 थोड़ा विस्तृत फॉर्म माना जाता है, क्योंकि इसमें निवेश और कैपिटल गेन से जुड़ी जानकारी विस्तार से देनी पड़ती है। टैक्स विशेषज्ञों का कहना है कि अब आयकर विभाग डिजिटल रिकॉर्ड पर ज्यादा ध्यान दे रहा है। ऐसे में AIS और Form 26AS में दिखाई गई जानकारी को सही तरीके से मिलाना बेहद जरूरी हो गया है।

फ्रीलांसरों और प्रोफेशनल्स के लिए टैक्स नियम थोड़े अलग

डिजिटल युग में फ्रीलांसिंग तेजी से बढ़ी है। कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और आईटी कंसल्टेंसी जैसे क्षेत्रों में लाखों लोग स्वतंत्र रूप से काम कर रहे हैं। ऐसे प्रोफेशनल्स के लिए ITR-3 और ITR-4 सबसे उपयुक्त फॉर्म माने जाते हैं।

यदि कोई फ्रीलांसर अपनी टैक्स प्रक्रिया को आसान बनाना चाहता है, तो वह Section 44ADA के तहत प्रिजम्पटिव टैक्सेशन स्कीम का लाभ ले सकता है। इस स्कीम के तहत कुल आय का केवल 50 प्रतिशत हिस्सा ही टैक्सेबल माना जाता है। उदाहरण के तौर पर, यदि किसी फ्रीलांसर की कुल कमाई 20 लाख रुपए है, तो उसे केवल 10 लाख रुपए पर टैक्स देना होगा। यह व्यवस्था उन लोगों के लिए राहत लेकर आती है जिनके पास हर खर्च का पूरा रिकॉर्ड मौजूद नहीं होता।

TDS और टैक्स क्रेडिट को समझना भी जरूरी

फ्रीलांसरों की कमाई पर आमतौर पर कंपनियां 10 प्रतिशत TDS काटती हैं। कई बार लोग इसे नुकसान समझ लेते हैं, जबकि यह राशि बाद में टैक्स रिटर्न भरते समय क्लेम की जा सकती है। इसके लिए जरूरी है कि Form 26AS और AIS में TDS की सभी एंट्री सही तरीके से दिखाई दें। यदि किसी भुगतान का रिकॉर्ड पोर्टल पर नहीं दिख रहा है, तो संबंधित कंपनी या क्लाइंट से तुरंत संपर्क करना चाहिए। छोटी लापरवाही बाद में टैक्स रिफंड अटकने का कारण बन सकती है।

सही ITR फॉर्म चुनना क्यों है सबसे अहम

आयकर विभाग लगातार अपनी तकनीकी व्यवस्था को मजबूत कर रहा है। अब गलत जानकारी या गलत फॉर्म चुनने पर रिटर्न जल्दी पकड़ में आ जाता है। गलत ITR भरने से रिटर्न डिफेक्टिव घोषित हो सकता है, रिफंड रुक सकता है या नोटिस भी आ सकता है। इसी वजह से टैक्स विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि टैक्सपेयर्स पहले अपनी आय के सभी स्रोतों की सूची तैयार करें और उसी हिसाब से सही फॉर्म चुनें। जरूरत पड़ने पर चार्टर्ड अकाउंटेंट या टैक्स एक्सपर्ट की मदद लेना भी बेहतर विकल्प हो सकता है।

डेडलाइन का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी

सामान्य टैक्सपेयर्स के लिए ITR फाइल करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई 2026 तय की गई है। वहीं, जिन कारोबारियों के खातों का ऑडिट जरूरी है, उन्हें 31 अगस्त 2026 तक का समय मिलेगा। हालांकि, इसके बाद भी 31 दिसंबर तक बिलेटेड रिटर्न फाइल किया जा सकता है, लेकिन इसमें लेट फीस और ब्याज देना पड़ सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि आखिरी समय तक इंतजार करने से सर्वर की समस्या, दस्तावेजों की कमी और गलतियों की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए समय रहते रिटर्न फाइल करना ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक माना जाता है।

रिटर्न फाइल करने से पहले दस्तावेज जरूर जांचें

ITR भरने से पहले Form-16, बैंक स्टेटमेंट, निवेश प्रमाण, TDS डिटेल और AIS रिपोर्ट को अच्छी तरह जांच लेना चाहिए। कई बार गलत बैंक अकाउंट नंबर, अधूरी आय की जानकारी या निवेश छूट की गलत एंट्री के कारण रिटर्न अटक जाता है।

इसलिए चाहे आप नौकरीपेशा हों, निवेशक हों या फ्रीलांसर, सही जानकारी और सही ITR फॉर्म के साथ रिटर्न फाइल करना बेहद जरूरी है। थोड़ी-सी सावधानी आपको टैक्स नोटिस और अनावश्यक तनाव से बचा सकती है।

Tags:    

Similar News