Deputy CM of Madhya Pradesh: जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला बने डिप्टी सीएम, नरेंद्र सिंह तोमर को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Deputy CM of Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर मोहन यादव के ऐलान के बाद ही प्रदेश में दो डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला के नाम का भी ऐलान कर दिया गया है।

Update: 2023-12-11 11:49 GMT

जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला बने मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम: Photo- Social Media

Deputy CM of Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर मोहन यादव के ऐलान के बाद ही प्रदेश में दो डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला के नाम का भी ऐलान कर दिया गया है। वहीं नरेंद्र सिंह तोमर को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है उन्हें मध्य प्रदेश विधानसभा का नया स्पीकर बनाया गया है।

मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री को लेकर सोमवार को सभी अटकलों पर अब विराम लग गया है। प्रदेश को अब नया सीएम मोहन यादव के रूप में मिल गया है। मध्य प्रदेश में दो डिप्टी मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला होंगे। इनके नाम पर मुहर लग चुकी है। बता दें कि जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला दोनों ही नेता अपने-अपने क्षेत्र के कद्दावर राजनीतिज्ञ हैं। एक ओर जगदीश देवड़ा जहां लगातार छह बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं तो वहीं राजेंद्र शुक्ला भी पांच बार के कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।

राजनीति में लम्बा अनुभव रखते हैं देवड़ा

बता दें कि जगदीश देवड़ा मध्य प्रदेश के मल्हारगढ़ विधानसभा सीट से फिर विधायक चुने गए हैं। वह छह बार से वह लगातार विधानसभा का चुनाव जीत रहे हैं। जगदीश देवड़ा स्वर्गीय गेंदालाल जी देवड़ा के पुत्र हैं। जगदीश देवड़ा ने अर्थशास्त्र में मास्टर ऑफ आर्ट्स (एम.ए.) किया है। भाजपा नेता जगदीश देवड़ा के पास राजनीति का अच्छा अनुभव रहा है। उनकी अहम राजनीतिक यात्रा और राजनीतिक समझ के कारण ही आज उन्हें मध्यप्रदेश की सरकार में उप मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

विंध्य के कद्दावर नेता हैं राजेंद्र शुक्ला

मध्य प्रदेश के दूसरे डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला रीवा विधानसभा सीट से विधायक चुने गए हैं। वहीं राजेंद्र शुक्ला को विंध्य क्षेत्र के कद्दावर नेता के तौर पर देखा जाता रहा है। राजेंद्र शुक्ला ने 2003 में पहली बार बीजेपी के टिकट पर रीवा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और जीत कर पहली बार विधानसभा पहुंचे। इसके बाद से शुक्ला ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और सभी चुनावों में लगातार जीत दर्ज करते आए। इस बार उन्होंने लगातार पांचवीं बार रीवा विधानसभा सीट से चुनाव जीता है। इससे पहले राजेंद्र शुक्ला, उमा भारती की सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। राजेंद्र शुक्ला को 2003, 2008, 2013 और 2023 में मंत्री बनाया जा चुका है।

भाजपा को मिला प्रचंड बहुमत

मध्य प्रदेश विधानसभा की 230 सीटों के लिए 17 नवंबर 2023 को वोट डाले गए थे। इसके नतीजे तीन दिसंबर 2023 को आए थे। नतीजों में भाजपा को प्रचंड बहुमत के साथ जीत मिली थी। भाजपा को 163 सीटें मिली तो वहीं कांग्रेस को 66 सीटों से ही संतोष करना पड़ा।

मुख्यमंत्री के चेहरे पर था सस्पेंस

विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से सभी के मन में यह सवाल था कि मध्य प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? शिवराज सिंह चुनाव जीतने के बाद से ही लोगों के बीच लगातार जा रहे थे। माताओं-बहनों से मिल रहे थे। उन्होंने यह भी कहा था कि वे मध्य प्रदेश में ही रहेंगे। वहीं उन्होंने बार-बार पार्टी का हर फैसला मानने की बात भी दोहराई थी। इस बीच विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने वाले भाजपा सांसदों ने इस्तीफा देकर मामले को और रोचक बना दिया था। इसी के साथ माना जाने लगा था कि मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शिवराज के अलावा भी कई दिग्गज हैं, लेकिन हर बार की तरह इस बार भी भाजपा ने सबको चौंकाते हुए एक ऐसे ओबीसी चेहर को प्रदेश की कमान सौंप दी जिसके बारे में कोई सोचा भी नहीं होगा। भाजपा ने मोहन यादव को अब मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान कर दिया है।

Tags:    

Similar News