'जिन्ना का दूसरा जन्म राहुल गांधी के रूप में हुआ, वो ही हैं असली वारिस', निशिकांत दुबे ने आखिर क्यों कही ये बात?
Jharkhand: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं की कथित गड़बड़ी के खिलाफ 19वें दिन भी छात्रों का आंदोलन जारी रहा। निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनकी तुलना मोहम्मद अली जिन्ना से की।
Nishikant Dubey
Jharkhand Student Protest: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर चल रहा छात्रों का आंदोलन अब राजनीतिक टकराव का बड़ा मुद्दा बन गया है। प्रदर्शन के 19वें दिन बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर बेहद तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी की तुलना पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना से करते हुए कहा कि राहुल गांधी उनसे भी खराब नेता हैं।
दुबे ने कांग्रेस से झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार से समर्थन वापस लेने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस वास्तव में छात्रों के साथ खड़ी है तो उसे सरकार से अपना समर्थन वापस लेकर यह साबित करना चाहिए।
निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
बीजेपी सांसद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर राहुल गांधी को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने लिखा कि जिन्ना का दूसरा जन्म राहुल गांधी के रूप में हुआ है। इस बयान के जरिए दुबे ने झारखंड के छात्र आंदोलन को लेकर कांग्रेस और राहुल गांधी की भूमिका पर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अलग-अलग मुद्दों पर केंद्र सरकार के खिलाफ होने वाले आंदोलनों में दिखाई देते हैं, लेकिन झारखंड में छात्रों के आंदोलन को लेकर कांग्रेस की भूमिका पर सवाल खड़े होते हैं।
कांग्रेस से समर्थन वापस लेने की मांग
निशिकांत दुबे ने कांग्रेस से कहा कि अगर पार्टी वास्तव में छात्रों के हित में खड़ी है तो उसे हेमंत सोरेन सरकार से समर्थन वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं करने पर यह संदेश जाएगा कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दे से ज्यादा राजनीतिक हितों को महत्व दे रही है। दुबे ने अपने बयान में अमेरिकी कारोबारी जॉर्ज सोरोस का भी जिक्र किया और कांग्रेस पर उनके कथित एजेंडे के तहत काम करने का आरोप लगाया।
CBI जांच को लेकर भी उठाया सवाल
बीजेपी सांसद ने छात्रों की उस मांग का समर्थन किया जिसमें भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी की स्वतंत्र जांच की मांग की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि मामले की CBI जांच कराने में सरकार को क्या परेशानी है।
19वें दिन भी जारी है छात्रों का आंदोलन
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ छात्रों और नौकरी के अभ्यर्थियों का आंदोलन बुधवार को 19वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी JPSC और JSSC की परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।
विधानसभा मार्च के दौरान हुई थी झड़प
सोमवार को प्रदर्शनकारी छात्रों ने झारखंड विधानसभा की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई थी। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।लप्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई में कई छात्रों के घायल होने का दावा किया। वहीं रांची पुलिस के मुताबिक, झड़प में उसके 14 जवान भी घायल हुए।
छात्र आंदोलन बना सियासी अखाड़ा
छात्रों की भर्ती परीक्षा और रोजगार से जुड़ी मांगों से शुरू हुआ यह आंदोलन अब बीजेपी और सत्तारूढ़ गठबंधन के बीच राजनीतिक संघर्ष का रूप लेता जा रहा है। एक तरफ प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े हैं, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष सरकार पर दबाव बढ़ा रहा है।