चंपई सोरेन की जासूसी में फंसे झारखंड के दो सब इंस्पेक्टर, पूर्व CM ने दर्ज कराया केस, दिल्ली पुलिस ने दोनों को दबोचा

Champai Soren News: चंपई सोरेन की दिल्ली यात्रा के दौरान झारखंड पुलिस के दो सब इंस्पेक्टर उनकी जासूसी करने में जुटे हुए थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने दोनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस में केस दर्ज कराया।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-08-28 09:14 GMT

Champai Soren   (photo: social media )

Champai Soren News: झारखंड में विधानसभा चुनाव की तेज होती हलचलों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन काफी चर्चाओं में है। झारखंड मुक्ति मोर्चा से बगावत करने के बाद वे जल्द ही भाजपा का दामन थामने वाले हैं। दिल्ली में हाल में उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी जिसके बाद उन्होंने भाजपा में शामिल होने की पुष्टि कर दी है।

चंपई सोरेन की दिल्ली यात्रा के दौरान झारखंड पुलिस के दो सब इंस्पेक्टर उनकी जासूसी करने में जुटे हुए थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने इन दोनों पुलिस कर्मियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस में केस दर्ज कराया है जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने इन दोनों पुलिस कर्मियों को दबोच लिया है।

दिल्ली यात्रा के दौरान चंपई की जासूसी

चंपई सोरेन ने आरोप लगाया है कि उनकी दिल्ली यात्रा के दौरान झारखंड पुलिस की ओर से उनकी जासूसी की जा रही थी। झारखंड पुलिस की स्पेशल ब्रांच के दोनों सब इंस्पेक्टर लगातार उनका पीछा करने में जुटे हुए थे। वे चंपई सोरेन के साथ ही असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की गतिविधियों पर भी नजर रख रहे थे।

दिल्ली पुलिस में दर्ज कराए गए केस के मुताबिक दोनों सब इंस्पेक्टर चंपई सोरेन के साथ ही फ़्लाइट से कोलकाता से दिल्ली पहुंचे और ताज होटल में उनके करीब ही कमरा लिया। दोनों चंपई सोरेन की फोटो भी खींच रहे थे।

शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस ने दोनों को दबोचा

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी झारखंड पुलिस पर चंपई सोरेन की जासूसी करने का बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चंपई सोरेन के दिल्ली प्रवास के दौरान झारखंड पुलिस के स्पेशल ब्रांच ने लगातार उनका फॉलो किया और उनकी गतिविधियों की जानकारी हासिल करने की कोशिश की। उनकी गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी।

चंपई सोरेन की ओर से शिकायत दर्ज किए जाने के बाद दिल्ली पुलिस पहुंच गई। पूछताछ में दोनों पुलिसकर्मी पहले खुद को पत्रकार बता रहे थे मगर बाद में दिल्ली पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।

30 को भाजपा में शामिल होंगे चंपई सोरेन

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने झामुमो से बगावत करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधा था। हाल में उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद हिमंत ने चंपई के भाजपा में शामिल होने की पुष्टि कर दी थी। चंपई सोरेन 30 अगस्त को भाजपा का दामन थामने वाले हैं।

माना जा रहा है कि चंपई सोरेन की गतिविधियों की जानकारी हासिल करने के लिए झारखंड सरकार की ओर से ही इन दोनों पुलिस कर्मियों को चंपई के पीछे लगाया गया था।

अब चंपई सोरेन ने अपने सियासी पत्ते खोल दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर भरोसा बढ़ने के कारण उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है।

झारखंड में मिलेगी भाजपा को ताकत

चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने से झारखंड में भाजपा को बड़ा सियासी लाभ होने की उम्मीद जताई जा रही है। झारखंड के कोल्हान इलाके को चंपई सोरेन का गढ़ माना जाता है और अब भाजपा इस इलाके में पूरी मजबूती के साथ झामुमो-कांग्रेस गठबंधन को चुनौती देगी।

चंपई सोरेन को झारखंड में बड़ा आदिवासी चेहरा माना जाता रहा है और ऐसे में उनके शामिल होने से भाजपा को आदिवासी मतदाताओं को साधने में भी मदद मिलेगी। चंपई सोरेन को भाजपा की ओर से स्टार प्रचारक बनाने की तैयारी है और इसके जरिए भाजपा अपने चुनाव अभियान को धार देगी।

चंपई शिबू सोरेन के परिवार के सबसे करीबी नेताओं में रहे हैं। वे झामुमो के संस्थापक सदस्य रहे हैं और उनका पार्टी से अलग होना झामुमो के लिए बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है।

Tags:    

Similar News