Punjab : सीएम भगवंत मान कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, ये पांच नए चेहरे हुए शामिल

Punjab : दिल्ली के बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार में सोमवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

Newstrack :  Network
Update:2024-09-23 18:39 IST

Punjab : दिल्ली के बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार में सोमवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला है। सीएम भगवंत मान की कैबिनेट पर पांच नए चेहरों को शामिल किया गया है, जबकि चार पुराने मंत्रियों और एक ओएसडी को हटा दिया गया है। बता दें कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्यकाल में यह चौथा कैबिनेट फेरबदल है।

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद्र कटारिया ने राजभवन में आयोजित शपथ समारोह में सभी नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई है। नए मंत्रियों में सानेवाल से विधायक हरदीप सिंह मुंडिया, लहरागागा से विधायक बरिंदर गोयल, जालंधर पश्चिम से मोहिन्दर पाल भगत, खन्ना सीट से विधायक तरनप्रीत सिंह सोंध और शाम चौरासी से विधायक डॉ. रवजोत सिंह का नाम शामिल है। 

नए मंत्रियों को मिला ये विभाग

पंजाब सरकार ने देरशाम नए मंत्रियों के विभागों का भी बंटवारा कर दिया है। जानिए किसे कौन सा विभाग दिया गया है।

1. हरदीप सिंह मुंडिया - राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन, जलापूर्ति और स्वच्छता, तथा आवास और शहरी विकास।

2. बरिंदर गोयल - खान एवं भूविज्ञान, जल संसाधन तथा भूमि एवं जल संरक्षण विभाग।

3. तरनप्रीत सिंह सोंध - पर्यटन एवं संस्कृति मामले, निवेश संवर्द्धन, श्रम, आतिथ्य, उद्योग एवं वाणिज्य तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग।

4. डॉ. रवजोत सिंह - स्थानीय शासन और संसदीय मामले।

5. मोहिन्दर पाल भगत - रक्षा सेवा कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी और बागवानी विभाग।

इनके विभागों में नहीं हुआ बदलाव

सीएम भगवंत मान ने बलजीत कौर, डॉ. बलबीर सिंह, हरपाल सिंह चीमा, कुलदीप सिंह धालीवाल, गुरुमीत सिंह खुदियां, लाल सिंह कटारूचक, हरभजन सिंह और अमन अरोड़ा के विभागों में कोई बदलाव नहीं किया है। इसके साथ ही जेल, उद्योग एवं वाणिज्य तथा आवास एवं शहरी विकास विभाग छोड़ दिया है। वहीं, परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से ग्रामीण एवं पंचायत विभाग छीन लिया है और उन्हें जेल विभाग सौंप दिया गया है। इसके साथ ही सूचना एवं जनसंपर्क विभाग का अतिरिक्त प्रभार शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस को सौंप दिया गया है।

इन्हें हटाया गया

पंजाब सरकार से जिन मंत्रियों को हटाया गया है, उनमें राजस्व, आपदा प्रबंधन और जल आपूर्ति मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा, श्रम एवं पर्यटन मंत्री गगन अनमोल मान, स्थानीय निकाय और संसदीय कार्य मंत्री बलकार सिंह, सूचना और सार्वजनिक सुधार मंत्री चेतन सिंह जोड़ामाजरा का नाम शामिल है। वहीं, सीएम भगवंत मान ने अपने ओएसडी ओंकार सिंह को भी हटा दिया है।

Tags:    

Similar News