Politics On Delhi Pollution: दिल्ली के प्रदूषण पर सियासी घमासान, केजरीवाल ने पीएम मोदी को घेरा तो भाजपा का तीखा जवाब

Politics On Delhi Pollution: दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच सियासी घमासान छिड़ गया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2022-11-03 12:14 IST

दिल्ली के प्रदूषण पर सियासी घमासान, केजरीवाल ने पीएम मोदी को घेरा तो भाजपा का तीखा जवाब: Photo- Social Media

Politics On Delhi Pollution: दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) और भाजपा (BJP) के बीच सियासी घमासान छिड़ गया है। प्रदूषण कम करने के उपायों पर चर्चा करने की जगह दोनों दलों के बीच एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने का दौर शुरू हो गया है। दीपावली के त्योहार के बाद से ही दिल्ली की हवा जहरीली बनी हुई है और एयर क्वालिटी इंडेक्स चिंताजनक स्तर पर पहुंच चुका है।

दिल्ली के प्रदूषण को लेकर जहां दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Chief Minister Arvind Kejriwal) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) पर हमला बोला है तो दूसरी ओर केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिल्ली को गैस चैंबर बताते हुए आप सरकार को तीखा जवाब दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी होने के कारण दिल्ली की स्थिति चिंताजनक हो गई है।

पंजाब के कारण दिल्ली की हवा जहरीली

पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने दिल्ली की हवा के जहरीले होने की चर्चा करते हुए कहा कि इसके कारणों पर भी विचार किया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 2021 में पंजाब में खेतों में पराली जलाने की घटनाओं में 19 फ़ीसदी की बढ़ोतरी हुई। मौजूदा समय में भी पंजाब में विभिन्न स्थानों पर पराली जलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है।

दूसरी ओर हरियाणा में स्थिति पर काबू पाने में काफी हद तक कामयाबी मिली है। उन्होंने आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं में 30 फ़ीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। यहां पर यह उल्लेखनीय है कि पंजाब में मौजूदा समय में भगवंत मान की अगुवाई में आप की सरकार है जबकि हरियाणा में मनोहर लाल खट्टर की अगुवाई में भाजपा की सरकार सत्ता में है।

इस कारण किसान पराली जलाने पर मजबूर

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार फसल अवशेष प्रबंधन मशीनों को लेकर काफी गंभीर है। पिछले पांच वर्षों के दौरान केंद्र की ओर से पंजाब सरकार को इस मद में 1327 करोड़ रुपए दिए गए हैं। पंजाब सरकार की ओर से करीब 1,20,000 मशीनें तो खरीदी गईं मगर इनमें से 11 हजार से ज्यादा मशीनें गायब हो गईं। पंजाब सरकार को पिछले साल और इस साल मिलाकर 492 करोड़ रुपए दिए गए मगर इन पैसों से मशीनें न खरीदने के कारण किसान पर खेतों में पराली जलाने पर मजबूर हुए।

उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को घेरते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र संगरूर के किसानों को भी मदद पहुंचाने में नाकाम साबित हुए। इसी कारण पंजाब के खेतों में पराली जलाने की घटनाओं में लगातार इजाफा दर्ज किया जा रहा है।

केजरीवाल ने पीएम मोदी को घेरा

इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने एक्यूआई की गंभीर स्थिति की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में एक्यूआई की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या दिल्ली और पंजाब ने देश के दूसरे राज्यों में प्रदूषण फैलाया है?

उन्होंने कहा कि पराली पर हमारा प्रस्ताव खारिज कर दिया गया। ऐसे में प्रधानमंत्री को बैठक बुलाकर इस गंभीर स्थिति पर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि आखिर इतने महत्वपूर्ण मुद्दे पर प्रधानमंत्री कोई बैठक क्यों नहीं कर रहे हैं?

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने लिखी चिट्ठी

उधर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने उपराज्यपाल को चिट्ठी लिखकर आप सरकार को घेरने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ने के कारण ही दिल्ली गैस चेंबर में तब्दील होती जा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की हवा के जहरीली हो जाने का सबसे बुरा असर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। उन्होंने दिल्ली में स्कूलों को बंद करके ऑनलाइन क्लासेज शुरू करने की भी मांग की।

Tags:    

Similar News