Lok Sabha Elections 2024: यूपी के 80 में 73 सीटें जीत सकती है एनडीए!

Lok Sabha Elections 2024: पीएम मोदी-सीएम योगी के डबल इंजन में इंडिया फेल। ओपिनियन में बीजेपी को 52 फीसदी वोट, बसपा का खाता खुलने की संभावना नहीं। एसपी-आरएलडी को पांच सीटें मिल सकती है।

Update: 2023-07-30 17:20 GMT
लोकसभा चुनाव 2024 में यूपी के 80 में 73 सीटें जीत सकती है एनडीए: Photo- Social Media

Lok Sabha Elections 2024: 2024 के लोकसभा चुनाव में जहां भाजपा अपने जीत का अभी से दावा कर रही है तो वहीं भाजपा को चुनौती देने के लिए 26 दलों वाले विपक्षी गठबंधन इंडिया के लिए यह खबर अच्छी नहीं है। ऐसा हम नहीं कह रहें बल्कि यह ओपिनियन पोल कह रहा है। ओपिनियन पोल में बीजेपी तीसरी बार बाजी मारती नजर आ रही है और वहीं दूसरी तरफ तमाम कोशिशों के बाद भी विपक्ष को हार झेलनी पड़ सकती है। ओपिनियन पोल की मानें तो आज चुनाव हो जाएं तो उत्तर भारती राज्यों में बीजेपी गठबंधन बंपर जीत के साथ केंद्र में तीसरी बार वापसी कर रही है। इंडिया टीवी-सीएनएक्स ओपिनियन पोल के मुताबिक, एनडीए यूपी के 80 लोकसभा सीटों में 73 सीटें जीत सकती है। पोल के सर्वेक्षण की मानें तो पीएम मोदी और सीएम योगी का डबल इंजन विपक्षी गठबंधन पर भारी पड़ता दिख रहा है।

इंडिया को केवल सात सीटें-

ओपिनियन पोल में कहा गया है कि विपक्षी गठबंधन इंडिया उत्तर प्रदेश में केवल सात सीटें जीत सकता है। इंडिया टीवी-सीएनएक्स के ओपिनियन पोल में यह भी दावा किया गया है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी गठबंधन के साथ एनडीए 2019 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले ज्यादा सीट जीत कर इतिहास रच सकती है। पोल में अनुमान लगाया गया है कि 2024 में यूपी में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को राज्य की कुल 80 लोकसभा सीटों में से 73 सीटें और सुभासपा एक सीट जीत सकती है।

विपक्ष का बुरा हाल-

ओपिनियन सर्वे में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए उत्तर प्रदेश में 2019 के मुकाबले 2024 के लोकसभा चुनाव में 9 सीटें अधिक जीत सकता है। वहीं बसपा का खाता खुलने की संभावना नहीं है। एसपी-आरएलडी को पांच सीटें जिसमें एसपी को चार और आरएलडी को एक सीट मिल सकती है। सपा को 2024 में एक सीट का नुकसान होने की संभावना है।

बीजेपी को 52 फीसदी वोट-

इंडिया टीवी-सीएनएक्स ओपिनियन पोल के मुताबिक 2024 के लोकसभा चुनाव में यूपी में बीजेपी को 52 फीसदी वोट मिलने की तो वहीं दूसरे नंबर पर एसपी को 23 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है। बीएसपी 12 प्रतिशत वोटों के साथ तीसरे नंबर पर है। कांग्रेस को केवल 4 फीसदी वोट मिल सकते हैं।

गठबंधन से दूर रह कर भी मायावती को नुकसान-

बतादें कि 2024 के चुनावों में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आरएलडी विपक्षी गठबंधन इंडिया का हिस्सा हैं। हालांकि मायावती ने घोषणा की है कि उनकी पार्टी किसी भी गठबंधन में शामिल नहीं होगी और लोकसभा के आम चुनाव में अकेले लड़ेगी। ओपिनियन पोल के अनुसार देश में सबसे अधिक लोकसभा सीटों वाले यूपी में नवीनतम राजनीतिक समीकरणों का राज्य के चुनावों के नतीजों पर बहुत कम प्रभाव पड़ता दिख रहा है।

2019 से भी बड़ी जीत-

2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि उसकी विरोधी अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा पांच सीटों पर सिमट गई थी। वहीं बीजेपी की सहयोगी अपना दल एस ने 2 सीटें जीतीं और कांग्रेस को एक सीट से संतोष करना पड़ा था। पिछले चुनाव में बसपा 10 सीटों के साथ दहाई का आंकड़ा छूने में कामयाब रही थी। एसपी और बीएसपी ने 2019 का चुनाव एक साथ लड़ा था और दोनों 80 में से 15 सीटें साझा करने में कामयाब रहे थे।

गुजरात और उत्तराखंड में सफाया-

यह भी अनुमान है कि बीजेपी गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटें और उत्तराखंड की सभी पांच सीटें जीत सकती है, जबकि वह कर्नाटक की 28 में से 20 सीटें जीत सकती है। सात सीटें इंडिया गठबंधन के लिए और एक जनता दल-एस के पास जा सकती हैं।

Tags:    

Similar News