भारत में आर्थिक संकट का अलार्म! PM मोदी कर रहे बचत की अपील, बोलें- 'खाओ, पियो और मौज करो' वाली सोच नहीं चलेगी
पीएम मोदी ने मंत्रियों से बचत और आर्थिक अनुशासन को बढ़ावा देने की अपील की।
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार के मंत्रियों को बचत और आर्थिक अनुशासन को लेकर एक बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने साफ कहा कि भारत की संस्कृति 'खाओ, पियो और मौज करो' वाली नहीं, बल्कि बचत करने और सोच-समझकर खर्च करने की रही है।
पीएम मोदी ने मंत्रियों को आगाह किया कि देश ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में बड़ी कामयाबी हासिल की है, लेकिन अगर आर्थिक अनुशासन नहीं रखा गया तो ये उपलब्धि फिर से पीछे छूट सकती है। प्रधानमंत्री की इस नसीहत के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या सरकार आने वाले दिनों में बचत और खर्च को लेकर कोई बड़ा अभियान शुरू करने वाली है या फिर आम लोगों के लिए भी कोई नया संदेश आने वाला है?
50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने की उपलब्धि का जिक्र
गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की करीब साढ़े तीन घंटे तक बैठक हुई। इस बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2011 से 2023 के बीच करीब 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने की उपलब्धि का जिक्र किया। उन्होंने इसे देश के लिए ऐसी कामयाबी बताया, जिसका राष्ट्रीय स्तर पर जश्न मनाया जाना चाहिए।
पीएम मोदी ने कहा कि लोगों को गरीबी से बाहर निकालना ही काफी नहीं है, बल्कि यह भी जरूरी है कि वे दोबारा गरीबी की तरफ न लौटें। इसके लिए बचत की आदत और आर्थिक अनुशासन को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने मंत्रियों को याद दिलाया कि भारतीय संस्कृति में बचत को हमेशा अहमियत दी गई है।
2014 में किए वादे को भी किया याद
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने साल 2014 में संसद के सेंट्रल हॉल में दिए अपने पहले संबोधन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय उनकी सरकार ने खुद को गरीबों के लिए समर्पित सरकार बताया था। पीएम मोदी के मुताबिक, बीते वर्षों में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं ने देश की तरक्की में अहम भूमिका निभाई है।
हालांकि, अब प्रधानमंत्री का जोर इस बात पर है कि गरीबी से बाहर निकले लोगों की आर्थिक स्थिति आगे भी मजबूत बनी रहे। इसके लिए सिर्फ सरकारी योजनाएं ही नहीं, बल्कि लोगों के बीच बचत और सही वित्तीय फैसले लेने की आदत भी जरूरी है।
नशे के मुद्दे पर भावुक हुए प्रधानमंत्री
बैठक में सिर्फ आर्थिक अनुशासन ही नहीं, बल्कि देश में नशे की समस्या और आंतरिक सुरक्षा पर भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, युवाओं में बढ़ते नशे के खतरे पर बात करते हुए प्रधानमंत्री भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना बेहद जरूरी है।
पीएम मोदी ने इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार के सभी विभागों को मिलकर काम करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश ने नक्सलवाद जैसी चुनौती का मुकाबला किया है, उसी तरह नशे की समस्या पर भी जीत हासिल की जा सकती है।
नक्सलवाद को लेकर भी मंत्रियों को चेताया
प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी मंत्रियों और अधिकारियों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस दिशा में हासिल की गई कामयाबी के बाद लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। लगातार प्रयास करने होंगे, ताकि नक्सलवाद दोबारा पैर न पसार सके।
इस संदेश के जरिए पीएम मोदी ने साफ किया कि सरकार को सिर्फ किसी चुनौती पर काबू पाने तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना है कि वह समस्या फिर से खड़ी न हो।
योजनाओं की समीक्षा और आगे के लक्ष्यों पर भी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार देर रात फिलीपींस की राजधानी मनीला में ASEAN शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली लौटे थे। इसके बाद गुरुवार को उन्होंने मंत्रिपरिषद की बैठक में सरकार की योजनाओं की प्रगति और सितंबर में हुई चिंतन बैठक में तय किए गए लक्ष्यों की समीक्षा की।
बैठक में दिए गए संदेशों को देखें तो प्रधानमंत्री का जोर तीन बड़े मुद्दों पर रहा- गरीबी से बाहर निकले लोगों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाए रखना, युवाओं को नशे से बचाना और देश की आंतरिक सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना।
क्या आने वाले दिनों में कोई बड़ा फैसला होने वाला है?
प्रधानमंत्री का बचत पर जोर देना, गरीबी से बाहर आए लोगों के दोबारा आर्थिक संकट में फंसने की आशंका जताना और मंत्रियों को वित्तीय अनुशासन की सलाह देना कई सवाल खड़े करता है। क्या सरकार अब अपनी योजनाओं में बचत और आर्थिक स्थिरता को और ज्यादा प्राथमिकता देने वाली है? क्या आम लोगों को भी खर्च और बचत को लेकर कोई नई सलाह या अभियान देखने को मिलेगा?
फिलहाल बैठक में ऐसे किसी नए फैसले या अभियान का ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन प्रधानमंत्री ने जिस तरह इन मुद्दों पर मंत्रियों को गंभीर संदेश दिया है, उससे साफ है कि सरकार आने वाले समय में इन मोर्चों पर अपनी कोशिशें तेज रखना चाहती है। अब देखना होगा कि पीएम मोदी की इस नसीहत के बाद सरकार के स्तर पर अगला कदम क्या होता है और क्या इसका असर आम लोगों की जिंदगी में भी दिखाई देगा?