वाहन प्रदूषण सर्टिफिकेट पर बड़ा बदलाव, BS-6 वाहन को 3 साल की राहत; जानें कब कराना होगा PUC रिन्यू

PUC Certificate New Rules 2026: केंद्र सरकार ने वाहन प्रदूषण सर्टिफिकेट के नियम बदल दिए हैं। BS-6 निजी गाड़ियों को 3 साल की राहत मिलेगी। जानें BS-1, BS-2, BS-3 और BS-4 वाहनों के लिए नए नियम।

Update:2026-11-19 21:04 IST

PUC Certificate New Rules 2026: गाड़ी चलाने वालों के लिए केंद्र सरकार ने पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट को लेकर बड़ा बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब सभी गाड़ियों के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट की वैलिडिटी एक जैसी नहीं रहेगी। वाहन किस BS (भारत स्टेज) उत्सर्जन मानक का है और उसकी उम्र कितनी है, इसी आधार पर सर्टिफिकेट की वैधता तय होगी।

इस बदलाव में सबसे बड़ी राहत नई BS-6 गाड़ियों को मिली है। छह साल तक पुरानी निजी BS-6 कारों और अन्य गैर-व्यावसायिक वाहनों को अब हर साल पीयूसी कराने की जरूरत नहीं होगी। ऐसे वाहनों का सर्टिफिकेट तीन साल तक वैध रहेगा। हालांकि, पुराने वाहनों के लिए प्रदूषण जांच की अवधि कम रखी गई है।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने 13 नवंबर 2026 को केंद्रीय मोटर वाहन नियमों में संशोधन की अधिसूचना जारी की है। यह बदलाव सेंट्रल मोटर व्हीकल (16वां संशोधन) रूल्स, 2026 के तहत किया गया है। नए प्रावधान राजपत्र में प्रकाशित होने के साथ लागू हो गए हैं।

BS-6 गाड़ियों को कितनी मिली राहत?

नए नियमों में BS-6 वाहनों की उम्र के हिसाब से पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता निर्धारित की गई है। निजी और कमर्शियल वाहनों के लिए अलग-अलग समय-सीमा तय की गई है।

निजी BS-6 वाहनों के लिए नियम:

- छह साल तक पुराने वाहनों को तीन साल में पीयूसी सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा।

- छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने वाहनों के लिए वैधता एक साल होगी।

- 10 साल से अधिक पुराने वाहनों को हर छह महीने में प्रदूषण जांच करानी होगी।

कमर्शियल यानी परिवहन श्रेणी के BS-6 वाहनों को भी राहत दी गई है। छह साल तक पुराने कमर्शियल वाहनों का पीयूसी दो साल तक वैध रहेगा। छह से 10 साल तक पुराने वाहनों के लिए एक साल और 10 साल से अधिक पुराने वाहनों के लिए छह महीने की वैधता निर्धारित की गई है।

BS-1, BS-2, BS-3 और BS-4 गाड़ियों के लिए क्या नियम?

पुरानी उत्सर्जन श्रेणी वाली गाड़ियों के लिए सरकार ने पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता कम रखी है।

- BS-1, BS-2 और BS-3: पीयूसी सर्टिफिकेट सिर्फ तीन महीने तक वैध रहेगा।

- BS-4: पीयूसी सर्टिफिकेट छह महीने तक मान्य रहेगा।

इसका मतलब है कि पुरानी तकनीक वाली गाड़ियों के मालिकों को पहले के मुकाबले ज्यादा बार प्रदूषण जांच करानी होगी।

नई PUC वैलिडिटी के नियमों की पूरी लिस्ट

गाड़ियों की श्रेणी पीयूसी की वैधता

BS-1, BS-2, BS-3 3 महीने

BS-4 6 महीने

BS-6 निजी वाहन (6 साल तक) 3 साल

BS-6 निजी वाहन (6 से 10 साल) 1 साल

BS-6 निजी वाहन (10 साल से अधिक) 6 महीने

BS-6 कमर्शियल (6 साल तक) 2 साल

BS-6 कमर्शियल (6 से 10 साल) 1 साल

BS-6 कमर्शियल (10 साल से अधिक) 6 महीने

पुराने PUC सर्टिफिकेट का क्या होगा?

नए नियम लागू होने के बाद वाहन मालिकों के लिए यह जानना भी जरूरी है कि पहले से बने पीयूसी सर्टिफिकेट का क्या होगा।

सरकार ने इसके लिए ट्रांजिशन व्यवस्था भी रखी है। जिन वाहनों के पास नए नियम लागू होने से पहले जारी पीयूसी सर्टिफिकेट है, उनकी वैधता तुरंत नहीं बदलेगी। ऐसे सर्टिफिकेट पर नए नियम तभी लागू होंगे, जब उनका पहली बार रिन्यूअल कराया जाएगा। यानी मौजूदा सर्टिफिकेट अपनी पहले से निर्धारित एक्सपायरी डेट तक मान्य रहेगा।

PUC रिन्यू कराने की तारीख को लेकर भी नया नियम

केंद्र सरकार ने पीयूसी सर्टिफिकेट रिन्यू कराने की तारीख को लेकर भी स्पष्ट प्रावधान किया है।

- अगर वाहन मालिक मौजूदा सर्टिफिकेट की एक्सपायरी से 10 दिन पहले के भीतर रिन्यूअल कराता है, तो नया सर्टिफिकेट पुराने सर्टिफिकेट की वैधता खत्म होने की तारीख से लागू होगा।

- अगर सर्टिफिकेट एक्सपायर होने के बाद रिन्यू कराया जाता है, तो नया सर्टिफिकेट रिन्यूअल की तारीख से ही मान्य होगा।

इस व्यवस्था का मकसद समय से पीयूसी रिन्यू कराने वालों को अतिरिक्त राहत देना है।

दिल्ली के प्रदूषण नियमों से अलग है केंद्र का फैसला

यहां एक बात समझना जरूरी है कि केंद्र सरकार के नए पीयूसी नियम पूरे देश में लागू होने वाले हैं। वहीं दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू विंटर एक्शन प्लान और वाहनों पर लगाई गई अतिरिक्त पाबंदियां अलग व्यवस्था हैं।

दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ कार्रवाई के तहत 1 नवंबर से 17 नवंबर 2026 के बीच वैध पीयूसी नहीं रखने वाले 25,610 वाहनों के चालान किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इसलिए नए पीयूसी नियमों के बावजूद दिल्ली-एनसीआर में लागू अतिरिक्त प्रतिबंधों और स्थानीय निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा।

वाहन मालिकों के लिए जरूरी बात: अगर आपकी कार BS-6 मानक वाली है और छह साल से कम पुरानी है, तो अब आपको हर साल पीयूसी रिन्यू कराने की जरूरत नहीं होगी। लेकिन मौजूदा सर्टिफिकेट की एक्सपायरी डेट जरूर जांच लें, क्योंकि नए नियमों का लाभ पहली बार रिन्यूअल कराने पर मिलेगा।

Tags:    

Similar News