राजनीति छोड़ देंगे प्रशांत किशोर? जन सुराज की करारी हार के बाद लोग उठा रहे सवाल... सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग तेज!
Bihar Election Result 2025: बिहार चुनाव 2025 में एक भी सीट ना मिल पाने से क्या पिके राजनीति से संन्यास ले लेने जा रहे हैं...? इस वक़्त सोशल मीडिया पर यूज़र्स सवाल कर रहे हैं, और कई मीम्स भी वायरल हो रहे हैं।
Bihar Election Result 2025
Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के रुझानों ने इस बार कई बड़े दावों और राजनीतिक समीकरणों को बदल कर रख दिया है। चुनाव में जहां NDA को ऐतिहासिक जीत हाथ लगी तो वहीं 'महागठबंधन' समेत 'जन सुराज' पार्टी को भी बुरी तरह से निराशा हाथ लगी। चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर की नई राजनीतिक पार्टी जन सुराज को तगड़ा झटका लगा है, जिसकी उम्मीद किसी ने भी नहीं की थी। 234 सीटों पर उम्मीदवार उतारने के बावजूद भी पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली। मतदान के शुरुआती माहौल में बढ़त मिलने के कुछ घंटे बाद ही जन सुराज सभी सीटों पर पीछे हो गई। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर मीम्स और प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है, जिनमें लोग अब पीके के पुराने दावों को याद दिलाने लगे हैं।
सबसे अधिक चर्चा उस बयान की है जिसमें प्रशांत किशोर ने यह दावा किया था कि JDU 25 सीटों के ऊपर नहीं जा पाएगी, और अगर ऐसा हुआ तो वह 'राजनीति छोड़ देंगे।' यह बयान उस वक़्त बहुत ज़्यादा सुर्खियों में रहा था। अब रुझानों में JDU 80 से 85 सीटों पर मजबूती से आगे रही। ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स ये सवाल कर रहे हैं - क्या अब प्रशांत किशोर अपना वादा पूरा करेंगे?
सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़
सोशल मीडिया प्लेटफार्म X और फेसबुक पर यूजर्स लगातार पिके पर तंज कस रहे हैं। कई यूजर्स 'ई त गजब हो गईल' और 'अब PK क्या करेंगे?'.... जैसे मीम तेज़ी से शेयर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "पीके ने कहा था JDU 25 के पार गई तो राजनीति छोड़ देंगे… अब तो 85 पार!” सोशल मीडिया पर इस तरह के मीम्स तेजी से वायरल हो रहे हैं।
जन सुराज के कई प्रमुख उम्मीदवार, जैसे करगहर से रितेश रंजन और चनपटिया से मनीष कश्यप, भी NDA प्रत्याशियों से हजारों वोटों से पीछे रहे। इन सीटों पर अंतर इतना ज़्यादा था कि पार्टी के अंदर भी अब उम्मीदें लगभग खत्म मान ली गयीं।
वहीं, पार्टी की तरफ़ से पहला बयान सामने आया है, जिसमें प्रवक्ताओं ने कहा कि 'जन सुराज' एक नई राजनीतिक सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास था, लेकिन जनता तक उसका यह संदेश स्पष्ट रूप से नहीं पहुंच पाया। साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी हार मानने वाली नहीं है और जनता के बीच अपना करती रहेगी।हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि पीके की पार्टी को इतनी ज़्यादा संख्या में सीटों पर उम्मीदवार उतारने से पहले मजबूत संगठनात्मक तैयारी की बेहद आवश्यकता थी, जिससे कहीं न कहीं वो वंचित रह गए। जन सुराज ने पिछले दो सालों में गांव-गांव पदयात्रा कर माहौल अवश्य बनाया, लेकिन उसे वोटों में तब्दील करना बड़ी चुनौती साबित हुआ।
बिहार में NDA की ज़बरदस्त वापसी के बीच विपक्षी गठबंधन और छोटी पार्टियों का जनाधार और भी कमजोर होता नज़र आ रहा है। ऐसे माहौल में एक नई पार्टी का जमीन पर जगह बनाना स्वाभाविक रूप से बेहद मुश्किल रहा।
क्या पिके कायम रहेंगे...
अब सबसे बड़ा सवाल इस वक़्त जो खड़ा हो रहा वो ये है कि क्या 'प्रशांत किशोर अपने वादे पर कायम रहेंगे?' क्या वह वाकई राजनीति से संन्यास ले लेंगे या इसे सिर्फ इसे एक चुनावी बयान मानकर आगे बढ़ेंगे? फिलहाल... अभी तक पीके की तरफ़ से इस पर कोई भी प्रतिक्रिया नहीं आई है।
अब देखना ये होगा कि जन सुराज पार्टी आगामी दिनों में क्या रुख अपनाती है। क्या प्रशांत किशोर अपनी राजनीतिक रणनीति में कोई बदलाव करेंगे या... अपने बयानों पर मुकम्मल करेंगे...