Raebareli : रायबरेली में बोले राहुल गांधी, अगर वाराणसी से प्रियंका लड़ जाती चुनाव तो मोदी 2-3 लाख वोटों से हार जाते

Rahul Gandhi Raebareli : लोकसभा चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा आज यानी 11 जून को रायबरेली पहुंचे। यहां भुएमऊ सांसद आवास में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया।

Written By :  Rajnish Verma
Report :  Narendra Singh
Update: 2024-06-11 11:35 GMT

Rahul Gandhi Raebareli : लोकसभा चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा आज यानी 11 जून को रायबरेली पहुंचे। यहां भुएमऊ सांसद आवास में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। राहुल गांधी ने रायबरेली और अमेठी में कांग्रेस को मिले अपार समर्थन के लिए कार्यकर्ताओं और जनता का आभार जताया। उन्होंने नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि वह हिंदुस्तान का संविधान खत्म करने जा रहे हैं तो पूरा देश हमारे साथ खड़ा हुआ।

राहुल गांधी ने और क्या कहा?

- राहुल गांधी ने कहा कि यहां से हमारा रिश्ता 100 साल पुराना है, ये रिश्ता जवाहर लाल नेहरू के समय शुरू हुआ था, जब वह किसान आंदोलन में आये थे।

- राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर प्रहार करते हुए कहा कि वह अयोध्या की सीट हार गए। उन्होंने कहा कि जब अयोध्या में मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हो रही थी, तब गरीब व्यक्ति नहीं खड़ा था, उसी का जवाब अयोध्या ने दिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या ही नहीं, वाराणसी से जान बचा कर निकले हैं। राहुल ने अपनी बहन प्रियंका गांधी की ओर इशारा करते हुए कहा कि अगर ये लड़ जाती तो वह 2 से 3 लाख वोटों से हार जाते।

- राहुल ने कहा कि देश के सामने जो मुद्दे हैं, उनमें महंगाई, बेरोजगारी प्रमुख है। उन्होंने कहा कि इस बार हमारी पूरी कोशिश होगी कि विपक्ष में रहकर अग्निवीर को रद्द कराने की कोशिश करेंगे।

- हिंदुस्तान की जनता ने संदेश दिया कि हम मोहब्बत के साथ हैं, मैं आपका दिल से धन्यवाद देना चाहता हूं। आपने हमें इतनी शक्ति दी, ये राजनीतिक निर्णय नहीं था, ये मोहब्बत का पैगाम था।\


- उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी और अमेठी के एक-एक कार्यकर्ता, नेता और आप सबको दिल से बहुत-बहुत बधाई। आपने कठिन से कठिन परिस्थिति में लड़ाई लड़ी। इस चुनाव में सबने बहुत मेहनत की।

- राहुल गांधी ने कहा कि मेरे समाजवादी पार्टी के सभी साथियों ने एकजुटता दिखाकर ये चुनाव लड़ा। हमने यहां एक सेना बनाई और आपकी मजबूती से हमने रायबरेली और अमेठी में जीत हासिल की। आपने पूरे देश में ये संदेश भेजा कि हमें देश में एक सच्ची और स​मर्पित राजनीति चाहिए।

बता दें कि रायबरेली और अमेठी कांग्रेस का गढ़ रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस बार सुलतानपुर से चुनाव लड़े थे, यहां उन्होंने जीत दर्ज की है। बीते चुनावों में अमेठी से कांग्रेस को हार मिली थी, हालांकि इस बार के चुनाव में अमेठी से कांग्रेस नेता किशोरी लाल शर्मा ने जीत दर्ज की है, उन्होंने बीजेपी नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को हरा दिया है।

Tags:    

Similar News