Assembly Election Results 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम से पहले इन राज्यों में बदलेगी सरकार !

Assembly Election Results 2024: सामरिक रूप से अति महत्वपूर्ण दो राज्यों को मिलेंगे नए सीएम, राष्ट्रीय और स्थानीय दलों में है कांटे की टक्कर ।

Newstrack :  Network
Update:2024-06-01 15:21 IST

Assembly Election Results 2024  (photo: social media )

Assembly Election Results 2024: आगामी 4 जून को लोकसभा चुनाव-2024 के परिणाम आने से पहले 2 जून को देश के 2 राज्यों को नई सरकार मिलने जा रही है। आपको बताते चलें की सामरिक रूप से अति महत्वपूर्ण सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में 2 जून को विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। इन नतीजों के आधार पर दोनों राज्यों में नई सरकार का गठन किया जाएगा। वर्तमान में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) के अध्यक्ष प्रेम सिंह तामंग (गोले) राज्य के मुख्यमंत्री हैं जबकि अरुणाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के पेमा खांडू मुख्यमंत्री हैं। उक्त दोनों राज्यों में बीती 19 अप्रैल को विधानसभा चुनावों के लिए मतदान हुए थे। अब 2 जून को इन चुनावों के नतीजे आ रहे हैं। इसे लेकर राज्य की जनता के साथ ही प्रत्याशियों की धड़कनें भी तेज हो गई हैं। आंकड़ों के अनुसार सिक्किम की कुल 32 विधानसभा सीटों पर 146 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं जबकि अरुणाचल प्रदेश में कुल 60 विधानसभा सीटों में भाजपा ने 10 पर निर्विरोध जीत हासिल की है बाकी बची 50 सीटों पर विभिन्न दलों के कुल 133 उम्मीदवार मैदान में हैं।

अनोखे हैं सिक्किम के राजीनतिक समीकरण, राष्ट्रीय पार्टियों पर भारी पड़ती हैं स्थानीय पार्टी

2011 की जनगणना के अनुसार देश भर में सबसे कम जनसंख्या वाला सिक्किम राज्य विधानसभा चुनावों में हमेशा से स्थानीय पार्टियों को ही तरजीह देता है। लोकसभा चुनावों में भले ही राष्ट्रीय पार्टियां बाजी मार ले जाएं लेकिन विधानसभा चुनावों में स्थानीय पार्टियां भारी पड़ती हैं। 3 जून 2019 को गठित हुई सिक्किम की 10वीं विधानसभा का कार्यकाल अब खत्म होने वाला है और 2 जून 2024 को राज्य में 11वीं विधानसभा का गठन होगा। पहाड़ों के बीच बसे सिक्किम का स्वतंत्र राजशाही के बाद 16 मई 1975 को भारतीय संघ में विलय हुआ था और यह भारत का 22वां राज्य बना। वहीं, वर्ष 1979 से लेकर आज तक सिक्किम में सिर्फ स्थानीय दलों ने ही सरकार चलाई है। राज्य की जनता विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय दलों को सत्ता से बाहर ही रखती है।

अरुणाचल में भाजपा ने 60 में से 10 सीटें निर्विरोध जीती, अन्य दलों की बढ़ी मुश्किलें

2 जून को सिक्किम के साथ ही अरुणाचल प्रदेश में भी विधानसभा चुनावों के नतीजे आ रहे हैं। भाजपा शाषित अरुणाचल प्रदेश में वर्तमान में पेमा खांडू मुख्यमंत्री हैं। यहाँ नतीजों के पहले ही भारतीय जनता पार्टी ने कुल 60 विधानसभा सीटों में से 10 सीटें निर्विरोध ही हासिल कर ली हैं। इसमें राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू व उप मुखयमंत्री चाउना मीन की सीट भी शामिल है जिसपर उन्होंने बिना किसी विरोध के जीत दर्ज की है। हालाँकि बिना किसी लड़ाई के 10 सीटें भाजपा के खाते में जाने से कांग्रेस समेत अन्य विरोधी दलों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री खांडू ने 10 सीटें जीतने के बाद इसका श्रेय पीएम नरेंद्र मोदी को देते हुए राज्य की जनता का आभार जताया है। राज्य के चुनाव अधिकारियों के मुताबिक 6 विधानसभा सीटों पर सिर्फ 1-1 नामांकन पत्र दाखिल हुआ था जबकि अन्य सीटों 4 पर विपक्षी प्रत्याशियों ने अपना पर्चा वापस ले लिया। फ़िलहाल भाजपा को इसी का फायदा मिला और उसने 10 सीटें निर्विरोध हासिल कर ली।

Tags:    

Similar News