तमिलनाडु में महा-विजय...एक ही दिन थलपति ने किया ‘डबल सेलिब्रेशन’, ‘लेडी लव’ के बर्थडे पर सियासत में ‘विजयी’ आगाज
Thalapathy Vijay: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव दर्ज कर दिया है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है।
Thalapathy Vijay
Thalapathy Vijay: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव दर्ज कर दिया है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। चुनावी मैदान में पहली बार उतरी इस पार्टी ने पारंपरिक दिग्गजों DMK और AIADMK को कड़ी टक्कर देते हुए बड़ी जीत हासिल की है। इस जीत के बाद पार्टी कार्यालय में जश्न का माहौल है और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
विजय राजनीति का नया चेहरा
4 मई को घोषित हुए चुनावी नतीजों ने विजय को राज्य की राजनीति का नया चेहरा बना दिया है। दिलचस्प बात यह है कि इसी दिन उनकी करीबी मानी जाने वाली अभिनेत्री तृषा कृष्णन का जन्मदिन भी था, जिससे इस जीत का जश्न और भी खास बन गया। तृषा 43 साल की हो गई हैं और इस मौके पर सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। चुनाव नतीजों से ठीक एक दिन पहले तृषा को तिरुपति बालाजी में दर्शन करते हुए देखा गया था। उनकी यह यात्रा कैमरों में कैद हुई, जिसमें वह मुस्कुराती नजर आईं।
फैंस ने इस दौरे को विजय की जीत से जोड़ते हुए कयास लगाए कि वह उनके लिए प्रार्थना करने मंदिर गई थीं। हालांकि कुछ लोगों का मानना है कि यह उनकी जन्मदिन से पहले की धार्मिक यात्रा थी, लेकिन चुनावी माहौल में इसे विजय की सफलता से जोड़कर देखा गया। चुनावी रुझानों के दौरान तृषा को विजय के चेन्नई स्थित आवास पर जाते हुए भी देखा गया। इस दौरान उनकी मुस्कान ने सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाओं को जन्म दिया।
विजय और तृषा की जोड़ी लंबे समय से चर्चा में
विजय और तृषा की जोड़ी लंबे समय से चर्चा में रही है। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया है और उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। उनके रिश्ते को लेकर समय-समय पर अफवाहें भी सामने आती रही हैं। बताया जाता है कि एक समय दोनों के बीच दूरी आ गई थी, लेकिन फिल्म लियो के जरिए करीब 15 साल बाद दोनों ने फिर साथ काम किया। राजनीतिक दृष्टि से देखें तो विजय की यह जीत केवल एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।
लंबे समय से राज्य की सत्ता DMK और AIADMK के बीच ही घूमती रही है, लेकिन TVK की एंट्री ने इस समीकरण को बदल दिया है। युवा मतदाताओं और पहली बार वोट देने वालों ने विजय के पक्ष में बड़ा समर्थन दिखाया है। इस जीत ने यह भी साबित किया है कि फिल्मी लोकप्रियता को सही रणनीति और मुद्दों के साथ जोड़ा जाए, तो उसे राजनीतिक सफलता में बदला जा सकता है। विजय ने अपने अभियान में रोजगार, भ्रष्टाचार और शासन सुधार जैसे मुद्दों को उठाया, जिसने जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता बढ़ाई।