Bengal Jhalmuri: स्ट्रीट फूड से नेशनल ट्रेंड तक, बंगाल की झालमुड़ी ने यूपी में लगाई चटपटी एंट्री

Bengal Jhalmuri Trend in UP: बंगाल की मशहूर झालमुड़ी अब यूपी में भी तेजी से लोकप्रिय हो रही है। जानिए इसकी खासियत, हेल्थ बेनिफिट्स और घर पर बनाने का आसान तरीका।

Update:2026-05-06 17:27 IST

Bengal Jhalmuri Trend in Uttar Pradesh 2026 Recipe & Health Benefits

Bengal Jhalmuri Trending in Uttar Pradesh: कड़कती ठंड हो या गर्मी में कुछ हल्का फुल्का चटपटा खाने की तलब भेलपुरी हमेशा ही स्वाद और जेब के मुताबिक एक बेहतरीन विकल्प साबित हुई है। सड़क किनारे ठेलों पर उपलों और कोयले की सौंधी खुशबू से लबरेज़ कढ़ाई में गर्म होते मुरमुरे के साथ तैयार की गई भेलपुरी चाट यूपी की एक खास पहचान मानी जाती है। जिसमें लाई-चने, बेसन की सेव और प्याज, हरिमिर्च, धनिया चटनी या इमली की चटनी के मेल के साथ इसका अनोखा स्वाद हर उम्र की जुबां पर ऐसा चढ़ा है जिसके आगे बेशकीमती स्नैक्स नाकाफी साबित होते हैं। ख़ासतौर से चखने के तौर पर इसकी डिमांड हमेशा ही हाई रही है। लेकिन आज कल बंगाल की झालमुड़ी की खुशबू यूपी में तारी होती देखी जा रही है। यूं तो झालमुड़ी और भेलपुरी, दोनों ही भारत के सबसे पसंदीदा स्ट्रीट फूड हैं। दिखने में ये भले ही एक जैसे लगें, लेकिन इनके स्वाद, सामग्री और बनाने के तरीके में काफी अंतर होता है। पश्चिम बंगाल की गलियों में सदियों से बिकने वाली एक साधारण-सी दिखने वाली झालमुड़ी हाल में पूरे देश की चर्चा का केंद्र बन गई है। चुनावी माहौल, राजनीतिक जश्न और आम लोगों के स्वाद इन तीनों का ऐसा मेल कम ही देखने को मिलता है। लेकिन जब से नरेंद्र मोदी ने कोलकाता की एक छोटी-सी दुकान पर रुककर इस चटपटे नाश्ते का स्वाद लिया है, तब से सिर्फ यह एक स्नैक नहीं रह गया, बल्कि एक राष्ट्रीय ट्रेंड बन गया है। बंगाल की जीत का जश्न अब उत्तर प्रदेश तक पहुंच चुका है, जहां झालमुड़ी सिर्फ खाने की चीज नहीं, बल्कि उत्साह, जुड़ाव और स्थानीय संस्कृति का प्रतीक बनती जा रही है। अब यहां भी ठेलों पर आम तौर से बिकती हुई भी देखी जा रही है।

सियासत और स्वाद का दिलचस्प मेल

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी की जीत ने जहां राजनीतिक हलकों में हलचल मचाई, वहीं जश्न मनाने का अंदाज भी चर्चा का विषय बन गया। परंपरागत मिठाइयों की जगह कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी बांटकर जीत का जश्न मनाया। उत्तर प्रदेश में भी इसका असर साफ दिखाई दिया। लखनऊ, कानपुर और वाराणसी जैसे शहरों में कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी को जश्न का हिस्सा बनाया। इससे यह साफ हो गया कि यह व्यंजन अब क्षेत्रीय सीमाओं से निकलकर राष्ट्रीय पहचान बना रहा है।

कोलकाता से उठी खुशबू, पूरे देश में फैली

कोलकाता की सड़कों पर शाम ढलते ही ठेलों के आसपास लगने वाली भीड़ इस बात का प्रमाण है कि झालमुड़ी सिर्फ एक स्नैक नहीं, बल्कि एक अनुभव है। मौजूदा समय में जगह जगह झालमुड़ी बेचते ठेले वाले की तेज़ी से चलती उंगलियां, मसालों की खुशबू और ग्राहकों की उत्सुकता ये सब मिलकर एक खास माहौल बया कर रहे हैं। यह व्यंजन अपनी सादगी के बावजूद बेहद खास है। न तो इसमें महंगे सामग्री की जरूरत होती है और न ही जटिल प्रक्रिया की। फिर भी इसका स्वाद ऐसा होता है जो एक बार खाने के बाद लंबे समय तक याद रहता है।

क्या है झालमुड़ी की खासियत?

विशेषज्ञों के अनुसार, झालमुड़ी बंगाल की सांस्कृतिक पहचान का अहम हिस्सा है। इसमें इस्तेमाल होने वाला हर मुरमुरा, सरसों का तेल, हरी मिर्च, प्याज और मसाले उस क्षेत्र की खाद्य परंपरा का हिस्सा हैं।

इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका झाला यानी तीखापन है, जो कच्चे सरसों के तेल से आता है। यही स्वाद इसे बाकी स्ट्रीट फूड से अलग बनाता है। यह हल्का, स्वादिष्ट और तुरंत तैयार होने वाला नाश्ता है, जो हर उम्र के लोगों को पसंद आता है।

झालमुड़ी से जुड़े हेल्थ बेनिफिट

कम कैलोरी और वेट लॉस:

झालमुड़ी में बहुत कम फैट (Fat) होता है और यह वजन कम करने में मदद करती है।

फाइबर और पाचन:

इसमें मौजूद प्याज, खीरा और टमाटर अच्छी मात्रा में फाइबर देते हैं, जो पाचन क्रिया को दुरुस्त रखता है और कब्ज से राहत देता है।

इम्यूनिटी और विटामिन:

नींबू के रस के कारण इसमें विटामिन-सी की भरपूर मात्रा होती है, जो इम्यूनिटी बूस्ट करती है।

प्रोटीन का अच्छा स्रोत:

इसमें भुनी हुई मूंगफली और भीगे हुए चने डालने से यह प्रोटीन का एक अच्छा स्रोत बन जाता है।

एनर्जी बूस्टर:

यह एक हल्का और पेट भरने वाला नाश्ता है, जो शरीर को तुरंत एनर्जी (Carbs) देता है।

एंटीऑक्सीडेंट्स:

सरसों के तेल और कच्ची सब्जियों का मिश्रण शरीर को एंटीऑक्सीडेंट्स प्रदान करता है

घर पर ऐसे बनाएं बंगाली स्टाइल झालमुड़ी

अगर आप भी इस ट्रेंडिंग स्नैक का स्वाद घर पर लेना चाहते हैं, तो इसे बनाना बेहद आसान है:

सबसे पहले मुरमुरे को हल्की आंच पर 1–2 मिनट तक भून लें ताकि वह कुरकुरा हो जाए। फिर एक बड़े बर्तन में इसे निकाल लें।

अब इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर (बीज निकालकर), उबला आलू, हरी मिर्च और ताजा धनिया डालें। इसके बाद भुनी हुई मूंगफली और चना मिलाएं, जिससे स्वाद के साथ पोषण भी बढ़े।

अब नमक, चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर और हल्की लाल मिर्च डालकर इसे अच्छे से मिलाएं। अंत में एक से डेढ़ चम्मच कच्चा सरसों का तेल और थोड़ा नींबू का रस डालें।

सब कुछ अच्छी तरह मिलाकर तुरंत परोस दें। ध्यान रखें कि इसे ज्यादा देर तक न रखें, वरना मुरमुरा नरम हो जाएगा और स्वाद कम हो जाएगा।

स्थानीय स्वाद और छोटे विक्रेताओं का बढ़ा महत्व

नरेंद्र मोदी के इस छोटे-से कदम ने एक बड़ा संदेश दिया है कि, स्थानीय स्वाद और छोटे विक्रेताओं का महत्व देश के विकास में बेहद जरूरी है। जब देश का प्रधानमंत्री किसी सड़क किनारे ठेले पर खड़े होकर एक आम व्यंजन का आनंद लेता है, तो वह सीधे तौर पर उस संस्कृति और उससे जुड़े लोगों को सम्मान देता है। इसके बाद सोशल मीडिया पर झालमुड़ी की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हुए। फूड ब्लॉगर्स, यूट्यूब चैनल्स और इंस्टाग्राम रील्स में इसकी रेसिपी छा गई। खासकर युवाओं ने इसे क्विक और हेल्दी स्नैक के रूप में अपनाना शुरू कर दिया।

यूपी में बढ़ता क्रेज

उत्तर प्रदेश में झालमुड़ी का बढ़ता क्रेज सिर्फ एक ट्रेंड नहीं, बल्कि एक बदलाव का संकेत है। यहां के लोग अब सिर्फ पारंपरिक स्नैक्स तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नए स्वादों को भी अपनाने लगे हैं। लखनऊ की गलियों में अब कई ठेलों पर झालमुड़ी बिकती नजर आ रही है। कुछ दुकानदारों ने तो इसमें अपने तरीके से बदलाव भी किए हैं जैसे सेव डालना, अलग मसाले मिलाना या स्पाइसी वर्जन बनाना आदि।

छोटे व्यापारियों के लिए नई उम्मीद

झालमुड़ी की बढ़ती लोकप्रियता छोटे स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए एक नई उम्मीद लेकर आई है। कम लागत में तैयार होने वाला यह स्नैक अच्छा मुनाफा दे सकता है।

कोलकाता के कई विक्रेताओं का मानना है कि इस तरह की राष्ट्रीय चर्चा से उनका व्यवसाय बढ़ेगा। वहीं यूपी के नए विक्रेता भी इसे अपनाकर अपनी रोजी-रोटी का साधन बना रहे हैं।

Tags:    

Similar News