बंगाल में CM फेस पर सबसे बड़ा अपडेट! महिला मुखयमंत्री पर विचार कर रही BJP, इन नामों ने बढ़ाई धड़कनें

Bengal BJP Female CM Face: बंगाल में BJP किसे बनाएगी CM? महिला मुख्यमंत्री के फॉर्मूले पर मंथन तेज, अग्निमित्रा पॉल और रूपा गांगुली के नाम चर्चा में, जबकि शुभेंदु अधिकारी भी रेस में आगे। जानिए अमित शाह क्या बड़ा फैसला ले सकते हैं।

Update:2026-05-06 18:35 IST

Bengal BJP Female CM Face: पश्चिम बंगाल की राजनीति में 15 साल बाद 'कमल' खिलने के साथ ही अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इस ऐतिहासिक जीत का ताज किसके सिर सजेगा? शनिवार, 9 मई को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, कोलकाता से दिल्ली तक हलचल तेज हो गई है। हालांकि, कयास लगाए जा रहे थे कि ममता बनर्जी को उन्हीं के गढ़ में धूल चटाने वाले 'जायंट किलर' शुभेंदु अधिकारी मुख्यमंत्री पद के सबसे स्वाभाविक दावेदार हैं, लेकिन बीजेपी के गलियारों से छनकर आ रही खबरें कुछ और ही इशारा कर रही हैं। चर्चा है कि बीजेपी बंगाल की कमान किसी महिला नेता को सौंपकर ममता बनर्जी के 'महिला कार्ड' का स्थायी इलाज ढूंढ सकती है।

फैशन डिजाइनर से 'फायरब्रैंड' नेता बनीं अग्निमित्रा पॉल की चर्चा

मुख्यमंत्री की दौड़ में जिस महिला नाम की सबसे ज्यादा चर्चा है, वह है अग्निमित्रा पॉल। आसनसोल दक्षिण सीट से टीएमसी के तापस बनर्जी को 40,839 वोटों के बड़े अंतर से हराने वाली अग्निमित्रा ने अपनी राजनीतिक ताकत साबित कर दी है। साल 2019 में बीजेपी में शामिल होने वाली अग्निमित्रा राजनीति में आने से पहले एक मशहूर फैशन डिजाइनर थीं और 'इंगा' (Inga) नाम से अपना ब्रांड चलाती थीं। 2021 के चुनाव में सयोनी घोष को हराने के बाद से ही वह पार्टी का एक प्रमुख चेहरा बन गई थीं। हाल ही में उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है और उनकी प्रशासनिक समझ व आक्रामक शैली उन्हें इस पद के लिए एक मजबूत दावेदार बनाती है।

द्रौपदी से मुख्यमंत्री तक: रूपा गांगुली का बढ़ा कद

दूसरा बड़ा नाम रूपा गांगुली का है, जो बीआर चोपड़ा की 'महाभारत' में द्रौपदी का कालजयी किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुईं। रूपा गांगुली ने सोनारपुर दक्षिण सीट से टीएमसी की अरुंधति मैत्रा को 35 हजार से ज्यादा मतों से हराकर अपनी लोकप्रियता साबित की है। वह पिछले 10 सालों से बीजेपी के साथ हैं और राज्यसभा सांसद के रूप में भी उनका अनुभव रहा है। बंगाल की संस्कृति और जनता के बीच उनकी गहरी पैठ को देखते हुए पार्टी उन्हें मुख्यमंत्री बनाकर एक बड़ा सांस्कृतिक संदेश दे सकती है। रूपा गांगुली का नाम सामने आने से टीएमसी के खेमे में भी बेचैनी देखी जा रही है।

शुभेंदु अधिकारी और अन्य कद्दावर चेहरों पर सस्पेंस

महिला चेहरों के अलावा 'नंदीग्राम के शेर' शुभेंदु अधिकारी का नाम सूची में सबसे ऊपर बना हुआ है। नंदीग्राम और भवानीपुर, दोनों ही हाई-प्रोफाइल सीटों पर जीत का परचम लहराने के बाद अधिकारी का कद पार्टी में बहुत बढ़ गया है। माना जा रहा है कि उन्हें जल्द ही दिल्ली तलब किया जा सकता है। उनके अलावा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, जमीन से जुड़े नेता दिलीप घोष और आरएसएस के करीबी चेहरा उत्पल महाराज के नामों पर भी मंथन चल रहा है। बीजेपी के लिए चुनौती एक ऐसा चेहरा चुनने की है जो संगठन और सरकार के बीच तालमेल बिठा सके।

अमित शाह की 'चाणक्य नीति' तय करेगी बंगाल का भविष्य

बीजेपी ने सरकार गठन की प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए अपने सबसे बड़े रणनीतिकार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। अमित शाह की देखरेख में होने वाली विधायक दल की बैठक में ही वह नाम फाइनल होगा, जो 9 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि बीजेपी इस बार 'चौंकाने वाला' फैसला ले सकती है, जैसा उसने हाल के दिनों में राजस्थान और मध्य प्रदेश में किया है। अब देखना यह है कि क्या बंगाल को अपनी दूसरी महिला मुख्यमंत्री मिलेगी या फिर कमान शुभेंदु अधिकारी जैसे अनुभवी सिपहसालार के हाथ में होगी।

Tags:    

Similar News