बंगाल में शुभेंदु अधिकारी की हुंकार! 'गुंडाराज-भ्रष्टाचार' पर अब लगेगी लगाम, इस दिन फाइनल होगा CM का नाम

Suvendu Adhikari latest statement: क्या शुभेंदु अधिकारी बनेंगे बंगाल के अगले CM? BJP की प्रचंड जीत के बाद ‘गुंडाराज खत्म’ करने का दावा, अमित शाह करेंगे अंतिम फैसला। जानिए कब होगा ऐलान और शपथ ग्रहण की पूरी डिटेल।

Update:2026-05-06 16:41 IST

Suvendu Adhikari latest statement: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रचंड जीत के बाद राज्य की सियासत में 'सफाई अभियान' की आहट सुनाई देने लगी है। भाजपा के कद्दावर नेता और मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे माने जा रहे शुभेंदु अधिकारी ने साफ कर दिया है कि नई सरकार के गठन के साथ ही राज्य में 'गुंडाराज' का अंत होगा। नंदीग्राम पहुंचे अधिकारी ने भगवान बजरंग बली का आशीर्वाद लिया और ममता सरकार के दौरान कार्यकर्ताओं पर हुए अत्याचारों को याद करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और अराजकता के दिन अब लद चुके हैं और बंगाल में कानून का शासन स्थापित करना भाजपा की प्राथमिकता होगी।

अगले 10 दिन में एक सीट छोड़ेंगे शुभेंदु, नंदीग्राम या भवानीपुर?

इस चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने वो करिश्मा कर दिखाया जिसने ममता बनर्जी के राजनीतिक अभेद्यता के दावे को ध्वस्त कर दिया। अधिकारी ने न केवल अपनी नंदीग्राम सीट बचाई, बल्कि भवानीपुर में भी 'दीदी' को 15,000 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी। अब दो सीटों से विधायक होने के नाते उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। इस पर अधिकारी ने कहा, "मैं अगले 10 दिनों में एक सीट छोड़ दूंगा। पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व ही तय करेगा कि मुझे कहां से विधायक रहना है। मैं भवानीपुर और नंदीग्राम, दोनों जगहों की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझता हूं।" उनके इस बयान ने बंगाल की राजनीति में सस्पेंस बढ़ा दिया है कि आखिर भाजपा का यह धुरंधर किस क्षेत्र को अपनी कर्मभूमि बनाए रखेगा।

गुंडों पर कसी जाएगी लगाम, कार्यकर्ताओं के फर्जी केस होंगे वापस

अधिकारी ने टीएमसी शासनकाल के दौरान हुए राजनीतिक दमन पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले शासन में भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ 500 से ज्यादा फर्जी केस दर्ज किए गए और 400 से अधिक कार्यकर्ताओं को सलाखों के पीछे डाल दिया गया। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि नई भाजपा सरकार इन 'गुंडों' और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ जरूरी एक्शन लेगी। शांति बनाए रखने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि अगले दो-तीन दिनों तक कोई विजय जुलूस नहीं निकाला जाएगा। सरकार गठन के बाद पुलिस की अनुमति से ही भव्य धन्यवाद समारोह आयोजित होंगे ताकि जनता के बीच शांतिपूर्ण तरीके से जीत का जश्न मनाया जा सके।

अमित शाह पहुंच रहे बंगाल, शुक्रवार को होगा CM के नाम का फैसला

बंगाल में 'सोनार बांग्ला' की पहली सरकार के मुखिया का चुनाव करने के लिए भाजपा के 'चाणक्य' अमित शाह गुरुवार शाम कोलकाता पहुंच रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, शाह बिहार में कैबिनेट विस्तार और शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद सीधे बंगाल रवाना होंगे। शुक्रवार को होने वाली विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री के नाम का औपचारिक प्रस्ताव प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य द्वारा रखा जाएगा। इस बैठक से पहले अमित शाह वरिष्ठ नेताओं और कोर कमेटी के सदस्यों के साथ एक विशेष बैठक भी करेंगे, जिसमें सरकार और संगठन के बीच तालमेल और मंत्री परिषद के चेहरों पर भी गहन मंथन किया जाएगा।

9 मई को शपथ ग्रहण, बंगाल में एक नए युग का आगाज

पूरी तैयारी 9 मई को गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित करने की है। अमित शाह की बंगाल यात्रा और शुक्रवार की बैठक के बाद यह साफ हो जाएगा कि बंगाल की कमान किसके हाथों में होगी। भाजपा सूत्रों का कहना है कि पार्टी एक ऐसा चेहरा चाहती है जो न केवल प्रशासनिक रूप से सक्षम हो, बल्कि बंगाली अस्मिता और विकास के एजेंडे को मजबूती से आगे बढ़ा सके। शुभेंदु अधिकारी के तेवरों ने यह संकेत दे दिया है कि भाजपा की नई पारी में 'सफाई और न्याय' मुख्य एजेंडा रहने वाला है।

Tags:    

Similar News