Women Crew Mission: इतिहास रचने जा रही हैं ये छह महिलाएं, महिलाओं का क्रू मिशन अंतरिक्ष में होगा रवाना

Women Crew Mission: कल यानी 14 अप्रैल को एयरोस्पेस कंपनी ब्लू ऑरिजिन का नया शेपर्ड रॉकेट इतिहास रचने जा रहा है। कल शेपर्ड रॉकेट छह महिलाओं को लेकर उड़ान भरने को तैयार है।;

Update:2025-04-13 12:36 IST
Women Crew Mission

Women Crew Mission

  • whatsapp icon

Women Crew Mission: कल यानी 14 अप्रैल को शेपर्ड राकेट छह महिलाओं को लेकर उड़ान भरने के लिए तैयार है। सिर्फ महिलाओं को लेकर अंतरिक्ष में उड़ान भरने वाला ये पहला क्रू मिशन है। अरबपतियों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर आने वाले जेफ बेजोस की कंपनी ब्लू ऑरिजिन का नया शेपर्ड रॉकेट इतिहास रचने जा रहा है। इस रॉकेट की 11वीं मानव उड़ान में केवल महिलाएं ही शामिल हैं। इस मिशन का नाम एनएस-31 है। इस मिशन में कैटी पेरी, आयशा बॉवे, अमांडा न्यगेन, गेल किंग, कैरिन फ्लिन और लॉरेन सांचेज शामिल हैं।

कैटी पेरी

कैटी पेरी सिर्फ हॉलीवुड की मशहूर गायिका ही नहीं हैं, बल्कि वे समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाती हैं। यूनिसेफ की सद्भावना दूत होने के साथ-साथ उन्होंने फायरवर्क फाउंडेशन की स्थापना की, जो बच्चों को कला के ज़रिए सशक्त बनाने का कार्य करता है। इस पहल के जरिए कैटी न केवल अपनी बेटी, बल्कि लाखों बच्चों को भी उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करना चाहती हैं।

आयशा बॉवे

आयशा एक पूर्व नासा रॉकेट वैज्ञानिक हैं और अब एक सफल एंटरप्रेन्योर के रूप में जानी जाती हैं। वह STEM शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए STEMBoard की सीईओ और Lingo की संस्थापक हैं। उनका उद्देश्य अंतरिक्ष में अपनी यात्रा से युवाओं, विशेषकर लड़कियों को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।

अमांडा न्यगेन

अमांडा एक बायोएस्ट्रोनॉटिक्स रिसर्च साइंटिस्ट हैं, जिन्होंने नासा के कई मिशनों में अपनी भूमिका निभाई है। वह यौन हिंसा से बचे लोगों की मुखर पैरोकार रही हैं और टाइम मैगज़ीन द्वारा 'वुमन ऑफ द ईयर' के सम्मान से नवाज़ी जा चुकी हैं। वह अंतरिक्ष में उड़ान भरने वाली पहली वियतनामी महिला बनेंगी। इस सफर से वे यह संदेश देना चाहती हैं कि विज्ञान शांति का एक सशक्त माध्यम बन सकता है।

गेल किंग

सीबीएस मॉर्निंग शो की सह-संचालिका और पुरस्कार विजेता पत्रकार गेल किंग अपने प्रभावशाली साक्षात्कारों के लिए मशहूर हैं। अंतरिक्ष की इस रोमांचकारी यात्रा से वह खुद को चुनौती देने के साथ-साथ दूसरों को प्रेरित करना चाहती हैं।

कैरिन फ्लिन

फैशन की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के बाद, कैरिन ने फिल्म निर्माण और सामाजिक कार्यों की ओर रुख किया। उनकी फिल्में जैसे This Changes Everything और Lily महिलाओं के सशक्तिकरण पर केंद्रित हैं। इस अंतरिक्ष यात्रा के ज़रिए वह अपने बेटे और आने वाली पीढ़ियों को सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देना चाहती हैं।

लॉरेन सांचेज

एमी अवार्ड विजेता पत्रकार और पायलट लॉरेन सांचेज अर्थ फंड की सह-अध्यक्ष हैं। उन्होंने ब्लैक ऑप्स एविएशन नामक महिला स्वामित्व वाली पहली हवाई फिल्म कंपनी की स्थापना की है। हाल ही में उन्होंने बच्चों के लिए एक बेस्टसेलिंग पुस्तक भी लिखी है।

दिलचस्प बात यह है कि 1963 के बाद यह पहली बार होगा जब किसी स्पेस मिशन में सिर्फ महिलाएं क्रू का हिस्सा होंगी। यह उड़ान पृथ्वी और अंतरिक्ष के बीच की कार्मन रेखा तक लगभग 10 मिनट की होगी, लेकिन इसका प्रभाव आने वाली पीढ़ियों पर लम्बे समय तक रहेगा।

Tags:    

Similar News