Bomb Threat: विस्तारा की पेरिस-मुंबई फ्लाइट में बम की सूचना से मचा हड़कंप, हुई इमरजेंसी लैंडिंग

Vistara Flight Bomb Threats: पेरिस से मुंबई लौट रही विस्तारा की एक फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली। बम की सूचना के साथ ही पूरे मुंबई एयरपोर्ट पर आपातकाल घोषित कर दिया गया। मामले की जांच चल रही है।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-06-02 11:52 GMT

Vistara Flight Emergency Landing: मुंबई एयरपोर्ट पर आज एक बार फिर एक विमान में बम की सूचना से हड़कंप मच गया। दरअसल, फ्रांस की राजधानी पेरिस से 306 लोगों को लेकर मुंबई आ रही विस्तारा फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली। बम की धमकी के तुरंत बाद विमान के पहुंचने से पहले ही मुंबई एयरपोर्ट पर आपातकाल की घोषणा कर दी गई। आज सुबह 10:19 बजे विमान मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। फ्लाइट में करीब 12 क्रू मेंबर्स और 294 यात्री मौजूद थें। 

धमकी से भरा खत मिला

दरअसल, आज सुबह लगभग 10:08 पर पेरिस से भारत (मुंबई) आने वाली विस्तारा एयरलाइंस की एक फ्लाइट में क्रू मेंबर्स को एक हाथ से लिखा हुआ नोट मिला, जिसमें बम धमाके की बात लिखी हुई थी। जानकारी के मुताबिक, धमकी से भरा यह नोट विस्तारा एयरलाइंस क्रमांक UK024 में मिला था। जिस समय यह खत क्रू मेंबर को मिला उस समय फ्लाइट में करीब 12 क्रू मेंबर्स और 294 यात्री मौजूद थें। विस्तारा ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि 2 जून 2024 को पेरिस से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली यूके 024 में सवार हमारे कर्मचारियों ने सुरक्षा संबंधी चिंता देखी है। प्रोटोकॉल का पालन करते हुए, हमने तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद फ्लाइट को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारा है और हम सभी सुरक्षा जांचों के लिए सुरक्षा एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। वहीं इसको लेकर अधिकारियों का कहना है कि विस्तारा में, हमारे ग्राहकों, चालक दल और क्रू मेंबर्स समेत विमान की सुरक्षा हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है।

दिल्ली से श्रीनगर आ रही फ्लाइट को मिली थी धमकी

गौरतलब है बीते 31 मई को दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक विस्तारा फ्लाइट में बम की धमकी मिली। बम की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, विमान में 177 यात्री समेत एक बच्चा सवार था। फ्लाइट में बम की सूचना मिलने के बाद एयरलाइन और सुरक्षा बलों ने विमान को आइसोलेशन बे में भेज दिया। विमान की जांच की गई। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली से श्रीनगर के लिए रवाना हुई उड़ान संख्या- यूके-611 लगभग 12:10 बजे श्रीनगर हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

Tags:    

Similar News