Aaj Ka Mausam 13 June 2023: जाने कब होगी बारिश, दिल्ली-यूपी में भीषण गर्मी का कहर, इन राज्यों में मौसम विभाग का अलर्ट

Aaj Ka Mausam 13 june 2023: उत्तर प्रदेश को भीषण गर्मी से राहत मिलती हुई नहीं दिख रही है। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय प्रदेश के विभिन्न जिलों में सड़कों पर काफी कम आवागमन दिख रहा है।;

Update:2023-06-13 09:25 IST
Aaj Ka Mausam 13 june 2023 (photo: social media )

Aaj Ka Mausam 13 june 2023: दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा है। चिलचिलाती धूप, हीटवेव और उमस के कारण लोग कई दिनों से परेशान हैं। राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है और आज भी राजधानी में प्रचंड गर्मी पड़ने की आशंका है। मौसम के जानकारों के मुताबिक राजधानी में आज भी पारा 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है।

Also Read

दूसरी ओर उत्तर प्रदेश को भीषण गर्मी से राहत मिलती हुई नहीं दिख रही है। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय प्रदेश के विभिन्न जिलों में सड़कों पर काफी कम आवागमन दिख रहा है। प्रदेश में अभी मानसून के दस्तक देने में विलंब है मगर देश के कई अन्य हिस्सों में मानसून आगे बढ़ चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार के कुछ हिस्सों में मानसून आगे बढ़ चुका है। चक्रवाती तूफान बिपरजॉय उत्तर की ओर आगे बढ़ रहा है। इस चक्रवाती तूफान के कारण गुजरात में अलर्ट जारी किया गया है जबकि देश के 27 राज्यों में बारिश होने की उम्मीद है।

इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश

चक्रवाती तूफान बिपरजॉय ने गुजरात के तटवर्ती इलाकों में लोगों की धड़कनें बढ़ा रखी हैं। इस चक्रवाती तूफान के 15 जून की शाम तक गुजरात के मांडवी और पाकिस्तान के कराची के बीच समुद्र तटों को पार कर जाने की उम्मीद है। मौसम विभाग का कहना है कि इस चक्रवाती तूफान के तट से टकराने के समय रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हो सकती है।

मौसम विभाग ने इस चक्रवाती तूफान के कारण कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। आईएमडी का कहना है कि सौराष्ट्र और कच्छ, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कई इलाकों में आज भारी बारिश हो सकती है। केरल, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा और नागालैंड में भी भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ इलाके में बहुत भारी बारिश होने की आशंका के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

तेज हवाओं के साथ बरसेगा पानी

देश के इन इलाकों के अलावा कई अन्य राज्य भी आज बारिश से सराबोर हो सकते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि झारखंड,ओडिशा, छत्तीसगढ़, पश्चिम राजस्थान, विदर्भ, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और तटीय आंध्र प्रदेश में भी आज गरज-चमक के साथ बारिश होने की आशंका है। जम्मू कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, बिहार, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा, तमिलनाडु और पुडुचेरी आदि इलाकों में भी आंधी के साथ बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में ओलावृष्टि होने की आशंका जताई गई है।

यूपी को गर्मी से अभी राहत नहीं

जहां एक ओर कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है, वहीं उत्तर प्रदेश के लोगों को अभी भीषण गर्मी और हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान ज्यादा रहने की आशंका है। प्रदेश के कई इलाकों में लू चलने की भी चेतावनी दी गई है। छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में हीटवेव लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनेगी। मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार और विदर्भ के कई इलाकों में भी लू चलने की आशंका है।

Tags:    

Similar News