Weather Today: देश के कई राज्यों में आज होगी झमाझम बारिश, चक्रवाती तूफान के तेज होने की आशंका

Weather Today: दक्षिण भारत के तीन और राज्यों तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश मंह आज बारिश होने की आशंका है। मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भी बादल बरस सकते हैं।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-10-20 02:53 GMT

Weather Today (photo: Newstrack )

Aaj Ka Mausam 20 October 2022: उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मौसम पूरी तरह शुष्क हो गया है मगर दक्षिण भारत के कई राज्यों में अभी भी बारिश का दौर चल रहा है। मौसम विभाग की ओर से कर्नाटक में अगले कई दिनों तक भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसके लिए विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।

दक्षिण भारत के तीन और राज्यों तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश मंय आज बारिश होने की आशंका है। मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भी बादल बरस सकते हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश के साथ हल्की बर्फबारी भी होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। बर्फबारी के बाद इन तीनों राज्यों में ठंड में काफी इजाफा होगा।

चक्रवाती तूफान के तेज होने का खतरा

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव के क्षेत्र के चक्रवात के रूप में तब्दील होने की आशंका जताई है। चक्रवाती तूफान के और तेज होने की आशंका है। आईएमडी का कहना है कि 22 अक्टूबर की सुबह तक बंगाल की खाड़ी के मध्य में कम दबाव का यह क्षेत्र बनने की संभावना है। ओडिशा पर चक्रवात का सबसे ज्यादा खतरा मंडरा रहा है। थाईलैंड ने इसका नाम सी तरंग रखा है जो काफी तेजी के साथ ओडिशा की ओर बढ़ रहा है।

सी तरंग बंगाल के पूर्व मध्य खाड़ी के दक्षिण पूर्वी हिस्से में केंद्रित होगा। बाद में इसके पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद ओडिशा सरकार ने 23 से 25 अक्टूबर के बीच सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। राज्य के तटीय जिलों में अफसरों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। इस चक्रवात की वजह से ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश में जोरदार बारिश हो सकती है।

इन इलाकों में हो सकती है भारी बारिश

अगले 24 घंटे के दौरान आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और लद्दाख में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों में हल्की बर्फबारी होने का भी पूर्वानुमान लगाया गया है। उत्तराखंड में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, मिजोरम, नागालैंड और मणिपुर में हल्की बारिश होने की संभावना है।

कर्नाटक में होगी जोरदार बारिश

मौसम विभाग की ओर से कर्नाटक में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इस आशंका के मद्देनजर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। राजधानी बेंगलुरु में दो दिनों तक झमाझम बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। बेंगलुरु में इस साल पहले ही रिकॉर्डतोड़ बारिश हो चुकी है।

इस साल राजधानी बेंगलुरु में अभी तक 1706 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। इससे पहले बेंगलुरु में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड 2017 में दर्ज किया गया था जब 1696 मिलीमीटर बारिश हुई थी। बेंगलुरु के अलावा राज्य के शिवमोगा, उडुपी, बेलगावी, बागलकोट, कालाबुरागी, बल्लारी और कोडागु आदि जिलों में जोरदार बारिश होने की संभावना है।

दक्षिण भारत पर बादल मेहरबान

दक्षिण भारत के कई अन्य राज्यों में भी आज बारिश होने की संभावना जताई गई है। तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में कई दिनों से बारिश का दौर चल रहा है। इन तीनों राज्यों में आज भी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में भी बादलों की मेहरबानी दिख सकती है। देश के दो पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की आशंका भी जताई गई है।

जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश के साथ हल्की बर्फबारी हो सकती है। इन तीनों राज्यों में बर्फबारी के बाद ठंड में काफी इजाफा होने की उम्मीद है। पूर्वोत्तर के तीन राज्यों मिजोरम,नागालैंड और मणिपुर में कई दिनों से चल रहा बारिश का दौर आज भी बना रहेगा।

Tags:    

Similar News