Weather Today Update: फिर हाड़ कंपाने वाली ठंड की होगी वापसी,घने कोहरे का अटैक भी बढ़ाएगा मुसीबत

Weather Today Update: मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए अलर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण ठंड 16 जनवरी से एक बार फिर लोगों की मुसीबत बढ़ाएगी।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-01-15 03:09 GMT

Weather Update (photo: social media )

Aaj Ka Mausam 15 January 2023: उत्तर भारत के लोगों को पश्चिमी विक्षोभ की वजह से ठंड से फौरी राहत भले मिल गई हो मगर आने वाले दिनों में एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए अलर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण ठंड 16 जनवरी से एक बार फिर लोगों की मुसीबत बढ़ाएगी। कुछ इलाकों में रविवार को भी ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड की वापसी होने वाली है।

इस दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के तापमान में गिरावट आने से लोगों की मुसीबत फिर बढ़ेगी। उत्तर प्रदेश में 20 जनवरी तक भीषण ठंड पड़ने की चेतावनी दी गई है। हाल के दिनों में उत्तर भारत के राज्यों को कोहरे से भले ही राहत मिली हो मगर ठंड बढ़ने के साथ ही कोहरा भी पड़ने की चेतावनी दी गई है। उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कई इलाकों में अगले पांच दिनों तक सुबह और रात के समय घना कोहरा लोगों की मुसीबत बढ़ाएगा। 

इन राज्यों में भीषण ठंड का अलर्ट

उत्तर भारत के लोगों को पश्चिमी विक्षोभ की वजह से भीषण ठंड से राहत मिली थी मगर पश्चिमी विक्षोभ का असर अब खत्म हो चुका है। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के साथ ही ठंड बढ़ने का माहौल फिर बन गया है। मौसम के जानकारों के मुताबिक पश्चिमी सामान्य प्रवाह बीतने के साथ ही उत्तर पश्चिम भारत में बर्फीली हवाओं का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। राजस्थान और गुजरात के कई हिस्सों के तापमान में पहले ही गिरावट दर्ज की जा चुकी है।

राजस्थान के कई इलाकों में एक बार फिर शीतलहर का प्रकोप दिखने लगा है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी बर्फीली हवाओं का असर दिखेगा। मौसम के जानकारों का कहना है कि इस कारण न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा सकती है। कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार दिख रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश के लोगों को भी 15 से 17 जनवरी तक भीषण शीतलहर का सामना करना पड़ सकता है। मध्य प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में 16 से 18 जनवरी तक कड़ाके की ठंड की वजह से लोग ठिठुरने पर मजबूर होंगे। मौसम विभाग का कहना है कि 19 जनवरी के बाद फिर पश्चिमी विक्षोभ के कारण लोगों को ठंड से राहत मिलेगी और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

घना कोहरा भी छाए रहने की आशंका

मौसम विभाग की ओर से उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट भी जारी किया गया है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के उत्तरी हिस्से में आने वाले दिनों में घना कोहरा लोगों की मुसीबत बढ़ाएगा। सुबह और रात के वक्त घने कोहरे की वजह से यातायात भी काफी हद तक प्रभावित हो सकता है।

देश के पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। इन तीनों राज्यों के विभिन्न इलाकों में 18 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। मध्य प्रदेश के उत्तरी इलाके में भी घना कोहरा 18 जनवरी तक लोगों की मुसीबत बढ़ाएगा। पूर्वोत्तर के राज्य भी आने वाले दिनों में घने कोहरे की गिरफ्त में होंगे। मौसम विभाग ने असम, मेघालय और त्रिपुरा में घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है।

उत्तर प्रदेश में पड़ेगी कड़ाके की ठंड

उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में हाल के दिनों में मौसम सुधरने से लोगों ने राहत की सांस ली थी मगर अब राहत का दौर खत्म होने वाला है। मकर संक्रांति के बाद उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में भीषण ठंड पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के अलग-अलग जिलों के लिए ऑरेंज व यलो अलर्ट जारी किया गया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में कड़ाके की ठंड की मार ज्यादा पड़ेगी। भीषण ठंड का यह दौर करीब एक हफ्ते तक राज्य के लोगों के लिए मुसीबत बन सकता है। इस दौरान कई इलाकों में घना कोहरा भी लोगों की मुसीबत बढ़ाएगा।

मौसम के जानकारों का कहना है कि मकर संक्रांति के बाद प्रदेश में ठिठुरन के साथ गलन बढ़ेगी। 16 से 19 जनवरी तक प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ेगी और इस दौरान न्यूनतम पारा गिरकर दो डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

राजधानी दिल्ली में गिरेगा तापमान

राजधानी दिल्ली में शनिवार को धूप खिली रही और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से शीतलहर और कोहरा एक बार फिर दिल्ली के लोगों की मुसीबत बढ़ाएगा।

मंगलवार को न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट होने की आशंका है और न्यूनतम तापमान गिरकर तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इधर बीच कोहरा कम होने के कारण दिल्ली में विमान सेवा सामान्य हो गई है मगर मंगलवार से राजधानी में काफी घना कोहरा छाने की आशंका है। इससे रेल, सड़क और विमान यातायात भी प्रभावित होगा।

हिमपात के साथ बारिश बनेगी मुसीबत

स्काईमेटवेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इस कारण राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में एक बार फिर शीतलहर की स्थिति पैदा हो सकती है।

कर्नाटक के आंतरिक हिस्सों में और हिमाचल प्रदेश के कुछ समय भी शीतलहर की स्थिति दिख सकती है। पश्चिमी हिमालय पर भारी बारिश और हिमपात की गतिविधियां बंद होने के आसार हैं। पूर्वी असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश होने की आशंका है। अरुणाचल प्रदेश में हिमपात भी हो सकता है।

Tags:    

Similar News