UP New Chief Secretary :कौन हैं मनोज कुमार सिंह,जानिए यूपी के नए मुख्य सचिव के बारे में

UP New Chief Secretary: मुख्य सचिव के रूप में दुर्गा शंकर मिश्र का आज आखिरी दिन है। जानकार सूत्रों का कहना है कि मनोज कुमार सिंह आज दोपहर बाद मुख्य सचिव का कार्यभार संभाल सकते हैं

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-06-30 05:55 GMT

यूपी के नए मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह (Pic: Social Media)

UP New Chief Secretary : उत्तर प्रदेश में नए मुख्य सचिव को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही कयासबाजी पर विराम लग गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पसंदीदा अफसर माने जाने वाले मनोज कुमार सिंह प्रदेश के नए मुख्य सचिव होंगे। दुर्गा शंकर मिश्र को मुख्य सचिव के पद पर चौथी बार सेवा में विस्तार नहीं मिल सका है।मुख्य सचिव के रूप में दुर्गा शंकर मिश्र का आज आखिरी दिन है। जानकार सूत्रों का कहना है कि मनोज कुमार सिंह आज दोपहर बाद मुख्य सचिव का कार्यभार संभाल सकते हैं। उनका कार्यकाल जुलाई 2025 तक होगा।

कई दिनों से लगाई जा रही थीं अटकलें

मुख्य सचिव पद की दौड़ में कई वरिष्ठ आईएएस अफसरों के नाम शामिल थे और नए मुख्य सचिव को लेकर पिछले कई दिनों से तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। दुर्गा शंकर मिश्र को चौथी बार सेवा विस्तार मिलने की भी अटकलें थीं मगर मनोज कुमार सिंह की मुख्य सचिव पद पर नियुक्ति के साथ अटकलों का दौर खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चहेते माने जाने वाले अफसर मनोज सिंह की प्रदेश के नए मुख्य सचिव के रूप में नियुक्ति का आदेश जारी किया गया है।


कौन हैं नए मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह

59 वर्षीय मनोज कुमार सिंह मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और उन्होंने 1988 में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की परीक्षा में कामयाबी हासिल की थी। कृषि उत्पादन, अवस्थापना और औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज सिंह का नाम मुख्य सचिव पद की रेस में सबसे आगे माना जा रहा था। उनके पास पंचायती राज विभाग, उद्यानिकी और खाद्य प्रसंस्करण समेत 6 से अधिक विभागों और संस्थाओं की जिम्मेदारी थी।पिछले साल हुई ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में करीब 40 लाख करोड़ के करार हुए थे। पिछले एक साल के समय के दौरान 10 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव को धरातल पर उतारने में मनोज सिंह की प्रमुख भूमिका मानी जाती रही है। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने इस चहेते अफसर पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रदेश के मुख्य सचिव पद की बड़ी जिम्मेदारी सौंपने का फैसला किया है।


चौथी बार सेवा विस्तार नहीं पा सके दुर्गा शंकर

1984 बैच के आईएएस अफसर दुर्गा शंकर मिश्र को 2021 में रिटायर होने से ठीक पहले सेवा विस्तार देते हुए प्रदेश के मुख्य सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। दिसंबर 2022 में उन्हें दोबारा एक साल का सेवा विस्तार मिला था। दिसंबर 2023 में जब उनका कार्यकाल समाप्त होने वाला था तो लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उन्हें छह माह का फिर सेवा विस्तार दिया गया था। इस बार भी उनके सेवा विस्तार की अटकलें लगाई जा रही थीं मगर दुर्गा शंकर मिश्र चौथा सेवा विस्तार पानी में नाकाम रहे। अब उनके कार्यकाल का आज आखिरी दिन है।

Tags:    

Similar News