Jharkhand News: रांची में भी तांडव पर बवाल, हिंदुओं के अपमान का आरोप

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्य प्रभात ने अपनी शिकायत में कहा है कि, हिंदू देवी-देवताओं का अपमान फैशन बन गया है। देवी-देवताओं का मज़ाक उड़ाकर कमाई करने का प्रयास किया जा रहा है।

Update: 2021-01-20 11:31 GMT
Jharkhand News: रांची में भी तांडव पर बवाल, हिंदुओं के अपमान का आरोप (PC: social media)

रांची: अमेजन प्राइम की वेब सीरीज तांडव को लेकर यूपी के बाद झारखंड में भी प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। रांची के अरगोड़ा थाना में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्य प्रभात ने आवेदन देकर FIR दर्ज कराया है। वेब सीरीज के निर्देशक अली अब्बास ज़फर समेत अन्य कलाकारों के नाम इसमें जोड़े गए हैं। प्राथमिकी में हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने, सांप्रदायिक सौहर्द्र बिगाड़ने और अशांति फैलाने का आरोप लगाया गया है। मोर्चा के नेताओं ने वेब सीरीज पर अविलंब रोक लगाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

ये भी पढ़ें:सस्ती फैमिली कार: ऑटो मोबाइल कंपनियों ने किया लॉन्च, जिनकी कीमत है 6 लाख

सनातन धर्म का अपमान

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्य प्रभात ने अपनी शिकायत में कहा है कि, हिंदू देवी-देवताओं का अपमान फैशन बन गया है। देवी-देवताओं का मज़ाक उड़ाकर कमाई करने का प्रयास किया जा रहा है। वेब सीरीज के पहले भाग को देखकर कहा जा सकता है कि, इससे देश में सांप्रदायिक और धार्मिक सौहार्द्र बिगड़ने की पूरी आशंका है। रांची में मीडिया कर्मियों से बात करते हुए उन्होने कहा कि, भगवान शंकर के चेहरे पर क्रॉस का चिन्ह दिखाया गया है। सूर्य प्रभात ने कहा कि, युवा मोर्चा का एक-एक कार्यकर्ता सनातन धर्म की रक्षा के लिए कटिबद्ध है।

नामज़द प्राथमिकी दर्ज

भारतीय जनता युवा मोर्चा झारखंड के द्वारा नामज़द प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक तांडव वेब सीरीज के निर्देशक अली ज़फर अब्बास, लेखक गौरव सोलंकी, प्रोड्यूसर एचके मेहरा, अभिनेता सैफ अली खान, मो. जीशान अयूब, अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया और कृतिका कायरा का नाम शामिल है। मोर्चा ने वेब सीरीज को बैंड करने के साथ ही नामज़द आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।

ये भी पढ़ें:अब रोएगा पाकिस्तान: सेना पर हमला जवान हुए घायल, अलर्ट पर Jammu Kashmir

सड़क पर होगा आंदोलन

भारतीय जनता युवा मोर्चा झारखंड के नेताओं ने साफ कर दिया है कि, वेब सीरीज पर अविलंब रोक नहीं लगाई गई तो सड़क पर आंदोलन किया जाएगा। मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्य प्रभात ने कहा कि, हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किसी भी क़ीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सनातन धर्म की रक्षा के लिए युवा मोर्चा कोई भी कुर्बानी देने को तैयार है।

रिपोर्ट- शाहनवाज़

दोस्तों देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News