अयोध्या में लगेगी 108 फीट ऊंची राम प्रतिमा, दीपों से जगमगाएगी धर्म नगरी

यूपी का पर्यटन विभाग धर्म नगरी अयोध्या में सरयू नदी के तट पर भगवान राम की 108 फीट ऊंची प्रतिमा लगाने की तैयारी में है।

Update: 2017-10-10 07:32 GMT
BJP प्रदेश कार्यसमिति की दूसरे दिन की बैठक शुरू, CM योगी कानपुर पहुंचे

लखनऊ : यूपी का पर्यटन विभाग धर्म नगरी अयोध्या में सरयू नदी के तट पर भगवान राम की 108 फीट ऊंची प्रतिमा लगाने की तैयारी में है। इसके लिए सिर्फ नेशनल ग्रेन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के परमीशन की दरकार है। दीपावली पर्व पर धर्मनगरी को 1.71 लाख दीपों से भी सजाया जाएगा। ठीक उसी तरह जैसे भगवान राम का लंका पर विजय हासिल करने के बाद अयोध्या आगमन पर दीपोत्सव मनाकर स्वागत किया गया था। पर्यटन विभाग ने इसको अमली जामा पहनाना भी शुरू कर दिया है।

प्रमुख सचिव पर्यटन अवनीश कुमार अवस्थी ने गवर्नर राम नाईक से राजभवन में भेंट कर यह जानकारी दी। इस दौरान गवर्नर के समक्ष अयोध्या के पर्यटन विकास के लिए तैयार ‘नव्य अयोध्या’ योजना का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। अवस्थी ने 18 अक्टूबर को छोटी दीपावली पर अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव के बारे में जानकारी दी। इसमें राम की पैड़ी पर 1.71 लाख दीप जलाए जाएंगे। सरयू नदी पर बने नए घाट में गवर्नर और सीएम आरती करेंगे। नदी तट पर लेजर शो का आयोजन होगा। कार्यक्रम में इंडोनशिया और थाईलैंड के कलाकार रामलीला का मंचन भी करेंगे।

गवर्नर राम नाईक ने कहा आने वाली दिवाली में पहले दिन पर ही लंका विजय के बाद प्रभु राम जिस तरह अयोध्या में आये और दिवाली मनायी गयी उसका एक चित्र बन रहा है। कल उसका प्रेजेंटेशन मेरे सामने प्रदेश सरकार ने किया। अयोध्या में यहां पर राम की मूर्ति लगानी चाहिए ऐसा निर्णय नही हुआ है। इसका निर्णय राज्य सरकार करेगी । राम में आस्था रखने वालों को उसका आनंद मिलेगा।

यह भी पढ़ें ... अयोध्या में 2019 से पहले बनेगा राम मंदिर : मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह

छोटी दीपावली को अयोध्या मे रहेंगे सीएम, गवर्नर

दीपोत्सव कार्यक्रम में गवर्नर राम नाईक, सीएम योगी आदित्यनाथ, पर्यटन मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री अल्फोन्स कन्ननथानम और केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री डॉ. महेश शर्मा शामिल होंगे। इसमें स्थानीय सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक भी सम्मिलित होंगे।

भगवान राम का होगा प्रतीकात्मक राज्याभिषेक

अवनीश कुमार अवस्थी के मुताबिक, दीपोत्सव कार्यक्रम में अयोध्या की हेरिटेज वाॅक, भगवान राम के अयोध्या आगमन को दर्शाते हुए भव्य शोभा यात्रा, यात्रा के रामकथा पार्क आगमन पर पूजन-वंदन, भगवान राम के प्रतीकात्मक राज्यभिषेक का आयोजन किया जाएगा।

यह भी पढ़ें ... अमित शाह बोले- कानूनी तरीके से ही होगा राम मंदिर का निर्माण

इसके बाद गवर्नर और सीएम अयोध्या के विकास से संबंधित योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना, नए बिजली कनेक्शन और अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी बांटे जाएंगे।

जहां भगवान राम ने ली थी जलसमाधि, वहां होगा विकास

अवस्थी ने बताया कि रामकथा गैलरी, सरयू तट का विकास, ‘रानी हो’ का स्मारक घाटों का सुधार विशेषकर गुप्तार घाट (यहां भगवान श्रीराम ने जल समाधि ली थी) दिगंबर अखाड़ा परिसर में बहुउद्देश्यीय प्रेक्षागृह का निर्माण, राम की पैड़ी, पर्यटकों के ठहरने के स्थल, सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे, पुलिस बूथ, नागरिक सुविधाएं जैसे टॉयलेट, जल निकासी के साधन भी विकसित किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें ... साक्षी महाराज बोले: राम मंदिर निर्माण शुरू कर 2019 के चुनाव में उतरेगी भाजपा

Tags:    

Similar News