रामलीला मैदान और हिंदूराव अस्पताल अब अटल जी के नाम, DMC का प्रस्ताव

Update:2018-08-25 12:36 IST

नई दिल्ली: सब कुछ योजना के अनुरूप चला तो दिल्ली का ऐतिहासिक रामलीला मैदान अब अटल बिहारी वाजपेयी रामलीला मैदान के नाम से जाना जायेगा। इसके साथ ही बाड़ा हिंदूराव अस्पताल का नाम भी अटल जी के नाम होने की प्रक्रिया चल रही है। नाम परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

उत्तरी और मध्य डीएमसी के प्रस्ताव

उत्तरी और मध्य दिल्ली नगर निगम ने इस आशय का प्रस्ताव रखा है जिस पर 30 अगस्त को होने वाली सदन की बैठक में फैसला किया जायेगा। निगम में भाजपा का बहुमत होने की वजह से माना जा रहा है कि इस फैसले को आसानी से मंजूरी मिल जायेगी। बाडा हिंदूराव अस्पताल का संचालन नगर निगम ही करता है और यह दिल्ली के प्राचीनतम अस्पतालों में आता है।

तीनों नगर निगम से कुछ नयी योजनाएं

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर दिल्ली के तीनों नगर निगम कुछ नयी योजनाएं जल्द लाएंगे। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम तो पहले से अटल आहार योजना चला रहा है जिसमें 10 रुपए में भोजन कराया जाता है। माना जा रहा है कि दक्षिणी दिल्ली नगर निगम और पूर्वी दिल्ली नगर निगमों की ओर से भी कुछ प्रमुख इमारतों के नाम अटलजी के नाम पर किये जाने की योजना है।

ऐतिहासिक स्थल है रामलीला मैदान

रामलीला मैदान स्वयं में ऐतिहासिक स्थल है। रामलीला मैदान नयी दिल्ली का एक विशाल मैदान है जिसमें परम्परागत रूप से रामलीला का आयोजन होता आया है। यह मैदान धार्मिक त्यौहारों, प्रमुख राजनैतिक रैलियों/बैठकों, तथा मनोरंजन के कार्यक्रमों के लिये भी प्रयुक्त होता है। यह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और दिल्ली गेट के पास स्थित है।

यह भी पढ़ें: ये कैसा सम्‍मान? अटल जी के अस्थि विसर्जन में जमकर चलेे लात-घूंसे, पुलिस पर भारी पड़े BJP कार्यकर्ता

यह मैदान देश में बड़े बड़े सत्ता परिवर्तन और युगांतकारी आंदोलनों का गवाह रहा है। पिछले कुछ वर्षों में रामलीला मैदान जन लोकपाल के लिए चले अन्ना हजारे के आंदोलन और बाबा रामदेव के आंदोलन का गवाह रहा है। इसके अलावा यह वही मैदान है जहां प्रधानमंत्री और विपक्ष में रहते हुए स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने कई रैलियों को संबोधित किया था।

Tags:    

Similar News