विरोध प्रदर्शन करने पर पड़ेंगे लाठी, भाजयुमो ने दी चेतावनी, पुलिस से कही ये बात

भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेताओं ने पुलिस और कांग्रेसियों को खुलेआम चेतावनी दी है।

Written By :  Anshul Thakur
Published By :  Shreya
Update: 2021-07-13 14:18 GMT

पुलिस से भाजयुमो कार्यकर्ताओं की झड़प (फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Bhartiya Janta Yuva Morcha Warning: भारतीय जनता युवा मोर्चा (Bhartiya Janta Yuva Morcha) के नेताओं ने पुलिस और कांग्रेसियों को खुलेआम चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि अगर भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन (Protest) किया गया तो लाठी से सिर फोड़ देंगे और पुलिस को भी नहीं छोड़ेंगे। साथ ही पुलिस को हेलमेट पहनकर अपनी ड्यूटी (Duty) करने की नसीहत भी दी है।

यह पूरा हंगामा पिछले दिनों भाजयुमो कार्यकर्ता (BJYM) के जयपुर कलेक्ट्री सर्किल पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस की लाठियों से पिटे जाने के कारण हो रहा है। गुस्साए कार्यकर्ता अब पुलिस अधिकारियों को खुलेआम लाठी मारने की चेतावनी दे रहे हैं। दरअसल महंगाई के खिलाफ भाजपा मुख्यालय के बाहर कांग्रेस सेवादल (Congress Seva Dal) ने रैली निकाली थी। जिसके बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं और वहां तैनात पुलिस अधिकारियों के बीच झड़प हुई थी।

विरोध प्रदर्शन करने पर फोड़ देंगे सिर

मंगलवार को भाजयुमो कार्यकर्ता की पिटाई के मामले से गुस्साए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन पिलानिया और युवा मोर्चा नेता विक्रम शेखावत (Vikram Singh Shekhawat) ने तो यहां तक कह दिया कि, अगर अगली बार भाजपा मुख्यालय (BJP Headquarters) के बाहर इस भी प्रकार की रैली या विरोध प्रदर्शन किया गया तो फिर भाजपा कार्यकर्ता उन्हें लाठी मार कर सिर फोड़ देंगे और अगर पुलिस आई तो पुलिस को भी लठ्ठ देंगे। वहीं शेखावत ने पुलिस अधिकारी को हेलमेट पहनकर भाजपा मुख्यालय के बाहर आने की नसीहत तक दे डाली।

दरअसल भाजयुमो से जुड़े ये नेता और कार्यकर्ता इस बात को लेकर आक्रोशित थे कि जब कांग्रेस से जुड़े विभिन्न संगठनों के लोग इन दिनों भाजपा कार्यालय के बाहर रैली निकालते हुए जाते हैं और पार्टी मुख्यालय के बाहर रुक कर हंगामा भी करते हैं, तब पुलिस उनके खिलाफ कोई कदम नहीं उठाते।

बता दें कि मंगलवार को एक बार फिर कुछ ऐसा ही हुआ था। रैली के निकल जाने के बाद भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और नेता आक्रोशित हो गए और पुलिस से उनकी भिड़ंत हो गई थी। इस दौरान एसपी एडिशनल डीसीपी रैंक के अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद थे। हंगामे के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बीजेपी कार्यालय के बाहर मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग लगाए जाने का भी विरोध किया और बैरिकेडिंग गिरा दी थी। इसके बाद एडिशनल एसपी अवनीश शर्मा से भी उनका विवाद हो गया था।

पुलिस अधिकारियों को दी चेतावनी

युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने जिस तरह से सार्वजनिक रूप से पुलिस अधिकारियों को ही चेतावनी दी है, यह इस बात का संकेत है कि अगली बार यदि इस तरह का कांग्रेस या अन्य लोग प्रदर्शन करेंगे तो भाजपा कार्यकर्ता उन पर सीधी कार्रवाई करेंगे। जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ने की संभावना रहेगी।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News