Women's Hockey World Cup 2022: भारतीय महिला हॉकी टीम विश्व कप से बाहर, क्रॉसओवर मैच में मिली हार

महिला हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम का सफर समाप्त। क्रॉसओवर मैच में मेजबान स्पेन के खिलाफ 0-1 से मिली हार। टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं जीत सकी भारतीय टीम।

Written By :  Aakash Mishra
Update: 2022-07-11 07:43 GMT

Indian Women's Hockey Team (Image credit: Twitter)

Women's Hockey World Cup 2022: भारतीय महिला हॉकी टीम मेजबान स्पेन के खिलाफ हारकर हॉकी विश्व कप से बाहर हो गई हैं। रविवार को खेले गए क्रॉसओवर मैच में भारत को स्पेन के खिलाफ 0-1 से हार का सामना करना पड़ा। टीम को क्वार्टरफाइनल में जगह बनाने के लिए यह मुकाबला किसी हाल में जीतना था। मगर स्पेन ने फुल टाइम से 3 मिनट पहले गोल दाग कर भारत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इससे पहले भारतीय टीम ने पूल-बी में इंग्लैंड और चीन के खिलाफ ड्रा खेला था। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम को हार का सामना करना पड़ा था।

मैच के आखिरी मिनटों में पलटी बाजी

भारत के टीम पूल-बी में तीसरे स्थान पर रही थी, जिस कारण टीम को क्वार्टरफाइनल में जगह बनाने के लिए क्रॉसओवर मैच जीतना जरूरी था। क्रॉसओवर मैच में दोनों टीमों के बीच जबरदस्त खेल देखने को मिला। खेल के तीसरे क्वार्टर तक बिना खाता खोले दोनों ही टीम बराबरी पर थी। लेकिन चौथे क्वार्टर में स्पेन की टीम ज्यादा आक्रामकता के साथ खेल रही थी। लगातार कोशिशों के बावजूद दोनों टीमें गोल करने में नाकाम हो रही थी। मगर मैच खत्म होने से तीन मिनट पहले स्पेन ने पूरी बाजी पलट दी। स्पेन की ओर से सेगु मार्ता ने खेल के 57वें मिनट में गोल कर मैच को स्पेन की झोली में डाल दिया। इस एक गोल की मदद से स्पेन ने भारत को हारकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अब स्पेन को क्वार्टरफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना होगा।

एक भी मैच नहीं जीत सकी भारतीय टीम

सविता पूनिया की अगवाई में भारतीय टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। टीम एक भी मैच जीतने में नाकाम रही। क्रॉसओवर मैच में मिली हार से पहले भारत ने पूल-बी में दो ड्रा खेले थे और एक में हार मिली थी। भारत ने अपने पहले दो मुकाबले में इंग्लैंड और चीन के खिलाफ 1-1 के साथ ड्रा खेला था। वहीं न्यूजीलैंड के सामने 3-4 से हार का समाना करना पड़ा था। अब भारतीय टीम विश्व कप में 9वें से 16वें स्थान के लिए 11 जुलाई को कनाडा से भिड़ेगी। कनाडा की टीम पूल-सी में तीनों मैच गंवाने के बाद आखिरी स्थान पर रही थी। महिला हॉकी विश्व कप में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन साल 1974 के उद्घाटन संस्करण में आया था। उस वर्ष भारतीय टीम चौथे स्थान पर रही थी। वहीं 2018 लंदन में आयोजित पिछले विश्व कप में भारत आठवें स्थान पर रहा था।

Tags:    

Similar News