एशिया के दूसरे अमीर बिजनेसमैन हैं गौतम अडाणी, यहां जानें उनसे जुड़े कुछ रोचक जानकारी

Gautam Adani Birthday : गौतम अडानी आज भले ही सफलता की नई ऊंचाईयों को छू रहे हों, लेकिन उन्हें कारोबार विरासत में नहीं मिला है। गौतम अडानी ने खुद कामयाबी की मंजिल खड़ी की हैं। एशिया के दूसरे सबसे अमीर बिजनेसमैन गौतम अडाणी आज 62 साल के हो गए हैं। फोर्ब्स के अनुसार उनकी नेटवर्थ 7.13 लाख करोड़ रुपए है। दुनिया के अमीरों की लिस्ट में वे 14वें नंबर पर हैं।

Newstrack :  Network
Update: 2024-06-24 09:41 GMT

Gautam Adani Birthday : अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी के 62वें जन्मदिन पर पूरे देश में अदाणी फ़ाउंडेशन के अलग-अलग केंद्रों पर मेगा ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किया गया। इसी क्रम में यूपी के लखनऊ, बदायूँ, शाहजहाँपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली और प्रतापगढ़ में भी स्थित अडानी फ़ाउंडेशन के केंद्रों पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। लखनऊ एयरपोर्ट सहित निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण कर रही कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों ने भारी संख्या में रक्तदान किया। गौतम अडानी आज भले ही सफलता की नई ऊंचाईयों को छू रहे हों, लेकिन उन्हें कारोबार विरासत में नहीं मिला है। गौतम अडानी ने खुद कामयाबी की मंजिल खड़ी की हैं। एशिया के दूसरे सबसे अमीर बिजनेसमैन गौतम अडाणी आज 62 साल के हो गए हैं। फोर्ब्स के अनुसार उनकी नेटवर्थ 7.13 लाख करोड़ रुपए है। दुनिया के अमीरों की लिस्ट में वे 14वें नंबर पर हैं। अडाणी ग्रुप का साम्राज्य कोल ट्रेडिंग, माइनिंग, लॉजिस्टिक्स, पावर जेनरेशन और डिस्ट्रीब्यूशन तक फैला हुआ है। अडाणी ग्रुप ने सीमेंट इंडस्ट्री में भी एंट्री की है। पिछले साल आई हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद कंपनी के ज्यादातर शेयरों की कीमत आधे से ज्यादा गिर गई थी। संसद से लेकर सड़क तक हंगामा हुआ था। हालांकि, अब ये शेयर रिकवर हो चुके हैं। हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी ग्रुप पर मनी लॉन्ड्रिंग से लेकर शेयर मैनिपुलेशन जैसे आरोप लगाए थे। SEBI इस मामले की जांच कर रही थी। अडानी की सफलता की कहानी बिल्कुल फिल्मी लगती है। गौतम अडानी ने कैसे जिंदगी में इतनी बड़ी सफलता हासिल की आईए हम यहां आपको बताते हैं।

घर-घर जाकर साड़ियां बेचते थे गौतम अडानी


गौतम शांतिलाल अडानी का जन्म गुजरात के अहमदाबाद में 24 जून 1962 को हुआ था। गौतम अडानी को बचपन में काफी संघर्षों का सामना करना पड़ा है। वह घर चलाने में अपने पिता का हाथ बांटने के लिए 16 साल की उम्र में अहमदाबाद में घर-घर जाकर साड़ियां बेचने का काम करते थे। अडानी का परिवार अहमदाबाद के पोल इलाके की शेठ चॉल में रहता था। मध्यम परिवार से ताल्लुक रखने वाले गौतम अडानी ने अपनी स्कूली पढ़ाई अहमदाबाद के शेठ चिमनलाल नागिंददास विद्यालय से की थी। इसके बाद उन्होंने गुजरात यूनिवर्सिटी से कॉमर्स में दाखिल लिया, लेकिन उन्होंने दूसरे साल पढ़ाई छोड़ दी और मुंबई आ गए। 

100 रुपए लेकर पहुंचे मुंबई


गौतम अडानी जब मुंबई आए तब उनके पास केवल 100 रुपए थे। गौतम अडानी का कारोबारी सफर तब शुरू हुआ, जब वह गुजरात यूनिवर्सिटी से बीकॉम पूरा किए बिना मुंबई आ गए। उन्होंने 1980 के दशक में डायमंड सॉर्टर के तौर पर शुरुआत की और कुछ ही सालों में मुंबई के झवेरी बाजार में खुद की डायमंड ब्रोकरेज फर्म के साथ अडाणी ग्रुप की शुरुआत की। इसके बाद मुंबई में कुछ साल बिताने के बाद वह अपने भाई की प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करने के लिए वापस अहमदाबाद आ गए। ये अब एक ऐसे ग्रुप में बदल गया है जो कोल ट्रेडिंग, माइनिंग, लॉजिस्टिक्स, पावर जनरेशन और डिस्ट्रीब्यूशन तक फैला हुआ है। अडाणी ग्रुप ग्रीन एनर्जी, एयरपोर्ट्स, डेटा सेंटर्स और सीमेंट इंडस्ट्री में भी है। गौतम अडाणी ने अपने ग्रुप को दुनिया का सबसे बड़ा रिन्यूएबल एनर्जी प्रोड्यूसर बनाने के लिए 2030 तक कुल 70 अरब डॉलर का निवेश करने का कमिटमेंट किया है।

गौतम की पत्नी प्रीति ने 1996 में बनाई अडाणी फाउंडेशन


गौतम अडाणी की पत्नी प्रीति अडाणी के नेतृत्व में अडाणी फाउंडेशन की स्थापना 1996 में हुई थी। इसने भारत के ग्रामीण इलाकों में सोशल प्रोगाम्स पर काम किया है। अडाणी ग्रुप की वेबसाइट के अनुसार वर्तमान में ये फाउंडेशन देश के 18 राज्यों में सालाना 34 लाख लोगों के उत्थान में मदद कर रहा है। प्रीति अडाणी पेशे से डॉक्टर हैं, जिन्होंने डेंटल सर्जरी (BDS) में ग्रेजुएशन किया है। 

जानें गौतम अडाणी के लग्जरी लाइफ के बारे में


आज गौतम अडाणी के पास लग्जरी कारों से लेकर प्राइवेट जेट तक सबकुछ है। अडानी ज्यादातर सफर अपने प्राइवेट जेट में ही करते हैं। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, उनके पास जो सबसे सस्ता प्राइवेट जेट है उसकी भी भारत में कीमत करीब 15.2 करोड़ रुपए है। उन्होंने अपने कम दूरी के ट्रैवल के लिए हैलीकॉप्टर रखे हुए हैं। गौतम अडानी अपने परिवार के साथ हवेली में रहते हैं। उनके पास एक नहीं कई हवेली हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2020 में उन्होंने दिल्ली के लुटियंस एरिया में एक हवेली खरीदी है, जिसकी कीमत करीब 400 करोड़ रुपए है। इसे उन्होंने सबसे महंगी बोली लगाकर खरीदा था। इसके अलावा अहमदाबाद में भी पॉश कॉलोनी में उनकी एक हवेली है। गुड़गांव में भी उनका एक बंगला है।

Tags:    

Similar News