Haryana Vidhan Sabha Election : गृहमंत्री अमित शाह ने की पहली बैठक, मुख्यमंत्री नायब सैनी को लेकर किया यह ऐलान

Haryana Vidhan Sabha Election : हरियाणा में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि प्रदेश की जनता ने लोकसभा चुनाव में जो पार्टी को सहयोग किया है, इसके लिए लोगों को शुक्रिया कहा जाएगा। जानें बैठक में और क्या हुआ।

Newstrack :  Network
Update: 2024-06-29 15:44 GMT

गृहमंत्री अमित शाह 

Haryana Vidhan Sabha Election :  हरियाणा विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज हो गई है। इसी क्रम में भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि यह विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री नायब सैनी के चेहरे पर ही लड़ा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बनने पर सैनी ही राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। बैठक में गृहमंत्री अमित शाह ने हरियाणा में भाजपा की सरकार बनाने को लेकर जीत का मंत्र भी दिया। भाजपा ने दावा किया कि चुनाव में वो अपने दम पर सरकार बनाएगी। पंचकूला में हुई अहम बैठक में नेताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि सभी अपने मन में से संशय निकाल दें कि हम किसी के साथ जाएंगे, कोई बैसाखी पर चलेंगे। उन्होंने आगे कहा कि कोई बैसाखी की जरूरत नहीं है, पूर्ण बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी जीत हासिल करेगी। हरियाणा में फिलहाल भाजपा की ही सरकार है।

हरियाणा में तीसरी बार भी बनेगी भाजपा की सरकार- धर्मेंद्र प्रधान

वहीं हरियाणा के चुनाव प्रभारी व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हरियाणा में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनेगी। हरियाणा में विधानसभा चुनाव अक्टूबर में होने वाला है। हरियाणा के योगदान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनी। पिछले 2 लोकसभा चुनाव में भी हरियाणा ने मोदी सरकार पर विश्वास जताया है। उम्मीद है कि हरियाणा में भी तीसरी बार सरकार बनेगी। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। हरियाणा ने कई पैमाने से अपनी विश्वसनीयता बनाई है। प्रधानमंत्री ने विकसित भारत की बात कही है। हरियाणा इसमें आगे रहेगा। हरियाणा ने 10-10 साल दोनों सरकारों को आंका है।

भाजपा ने किया था लोकसभा चुनाव से पहले उलटफेर

बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भाजपा ने बड़ा उलटफेर करते हुए मनोहर लाल खट्टर को मुख्यमंत्री पद से हटाते हुए नायब सैनी को राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाया है। मनोहर लाल खट्टर लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करते हुए अब केंद्र में मंत्री बन गए हैं। पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित हुई प्रदेश स्तरीय बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री एवं विधानसभा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, सह-प्रभारी बिप्लब कुमार देब, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में नेताओं ने एक-एक कर जीत का पाठ पढ़ाया।

राज्य में चलाएगी शुक्रिया अभियान

बैठक में लोकसभा चुनाव में साथ देने के लिए हरियाणा के मतदाताओं के शुक्रिया अभियान को भी शुरू करने पर सहमति बनी है। पार्टी का मानना है कि हरियाणा की जनता ने लोकसभा चुनाव में बीजेपी को भरपूर सहयोग किया है। अमित शाह से हुई बैठक के बाद भाजपा के नेता भी आत्मविश्वास से लबरेज दिखाई दिए।

Tags:    

Similar News