बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा- घोषणापत्र में किए गए वादे जनता की आंख में धूल झोंकने वाले

Update: 2017-01-23 12:55 GMT

लखनऊ: सपा चुनाव के लिए जारी घोषणा पत्र में किये गये लोक-लुभावन वायदे जनता की आंखों में धूल झोंकने वाले हैं। अखिलेश सरकार ने पिछले पांच वर्षों में वह काम क्यों नहीं किए, जिनका अब वायदा किया जा रहा है। बसपा मुखिया मायावती ने सोमवार को एक बयान जारी कर यह बात कही।

मायावती ने सपा के मेनिफेस्टो पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा कि वास्तव में सपा सरकार ने अपने शासनकाल में प्रदेश को जंगलराज का प्रतीक अपराध प्रदेश व दंगा-प्रदेश बनाकर रख दिया। इसके अलावा विकास के जो काम बसपा की पिछली सरकार में शुरू किये गये थे, उनकी पहले कुछ वर्षों में उपेक्षा की गई। बाद में आधी-अधूरी बनी योजनाओं का लोकार्पण/उद्घाटन करके सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश की गई। हालांकि इनमें ज्यादातर योजनाएं बजट के बिना अभी तक भी अधूरी हैं और उनका इस्तेमाल जनता अभी नहीं कर पा रही है।

वर्तमान सरकार के मुखिया की आपाधापी की राजनीति और हड़बड़ी और गड़बड़ी की सरकार ने प्रदेश का पिछले पांच वर्षों में जितना अहित व नुकसान किया है, उसकी भरपाई होना बहुत ही मुश्किल है। राजधानी की मुख्य योजनाओं को पूरा करने का सरकारी खर्चों पर काफी डंका पीटा जाता रहा, वह अभी तक भी आधी-अधूरी ही पड़ी हुई है। उनका जनहित में सही इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। इन योजनाओं में व्यापक भ्रष्टाचार की भी आमचर्चा है। सपा की प्रदेश व भाजपा की केन्द्र सरकार ने अपनी गलत नीतियों के कारण प्रदेश को और भी ज्यादा पिछड़ा प्रदेश बना दिया है।

Similar News