UP Election 2022: रामगोपाल यादव ने BJP पर बोला हमला, कहा- सपा सरकार में शुरु हुई योजनाएं भाजपा सरकार में बंद

उन्होंने कहा कि आज नौजवान परेशान है। उसके हाथों में काम नहीं है। समाजवादी पार्टी की सरकार में जो योजनाएं शुरू की गई थी, वह योजना बंद कर दी गई।

Report :  B.K Kushwaha
Published By :  Divyanshu Rao
Update: 2022-02-15 14:58 GMT
राम गोपाल यादव और सपा के कार्यकर्ताओं की तस्वीर 

UP Election 2022: समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद तथा राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा है कि पिछले 5 साल में पूरे उत्तर प्रदेश ने दर्द और तकलीफ सही है। 2017 में भारतीय जनता पार्टी के लोगों ने जो वायदे किए थे, उनमें एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। इससे साफ हो गया कि भारतीय जनता पार्टी झूठ बोलने वाली सबसे बड़ी पार्टी है। यह बात उन्होंने बबीना विधानसभा क्षेत्र के पार्टी के प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव के समर्थन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि आज नौजवान परेशान है। उसके हाथों में काम नहीं है। समाजवादी पार्टी की सरकार में जो योजनाएं शुरू की गई थी, वह योजना बंद कर दी गई। आज विधवाओं, वृद्धों को पेंशन नहीं मिल रही है। नौजवान दर-दर भटक रहा है। महंगाई सातवें आसमान पर है और भारतीय जनता पार्टी के लोग आज भी झूठ बोलने में नहीं चूक रहे। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में प्रदेश के एक-एक नागरिक को बचाने का कर्तव्य सरकार का था, लेकिन भाजपा ने लोगों को मरने के लिए छोड़ दिया।

स्वास्थ्य सेवाओं की असलियत सामने आ गई। लोग अस्पतालों में पलंग तथा ऑक्सीजन के लिए तड़प तड़प कर दम तोड़ गए, लेकिन भाजपा के लोगों की सेहत पर कोई फर्क नहीं पड़ा। उन्होंने इस बात पर गहरा दुख जताया कि इसके बाद भी भारतीय जनता पार्टी के लोग सच्चाई स्वीकार करने के बजाय बड़े-बड़े दावे करने और बड़े-बड़े झूठ बोलने में जुटे हुए हैं। भारतीय जनता पार्टी का समाजवादी पार्टी से कोई मुकाबला है ही नहीं। न ही पार्टी का काम के मामले में और न ही प्रत्याशियों का समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के मामले में। समाजवादी पार्टी के बबीना विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी से ज्यादा साक्षर हैं।



प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर क्रियान्वित की जाने वाली योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि आज जो नौजवान काम के लिए भटक रहे हैं, ऐसे सभी नौजवानों के लिए पहले से ही नौकरी की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी की सरकार में दी जा रही पेंशन की राशि को 500 रुपए से बढ़ाकर 15 सौ रुपये किए जाने का प्रावधान अभी से कर दिया गया है।

लोगों को बिजली के बिल की मार से राहत दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर प्रत्येक व्यक्ति को 300 यूनिट बिजली फ्री दिए जाने का ऐलान किया गया है। वर्ष 2012 से 2017 तक का इतिहास इस बात का गवाह है कि समाजवादी पार्टी जो कुछ भी कहती है, वह करके दिखाती है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस बार समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। समाजवादी पार्टी के प्रमुख महासचिव ने देश के गृहमंत्री अमित शाह द्वारा झाँसी में दिए गए बयान पर चुटकी लेते हुए कहा कि योगी मोदी के कोई औलाद ही नहीं है तो भी परिवार और परिवार वाद के बारे में जो कुछ भी बोलते हैं, वह खुद भी नहीं समझ पाते कि वह क्या बोल रहे हैं और उसका अर्थ क्या है।

सम्मेलन को संबोधित करते हुये पूर्व राज्यसभा सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासन में सबसे ज्यादा किसान परेशान हुआ है। भाजपा 2014 में झूठ बोलकर केंद्र में सत्ता की कुर्सी पर काबिज हुई थी। 2017 में भी भाजपा ने तमाम सपने लोगों को दिखाए, लेकिन आज लोगों को यह हकीकत पता चल गई है कि भाजपा सिर्फ झूठ बोलना जानती है, जबकि समाजवादी पार्टी काम करके दिखाती है।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव नई पीढ़ी के तकदीर का फैसला करने का चुनाव है, इसलिए नई पीढ़ी को दर-दर से भटकने से बचाने के लिए समाजवादी पार्टी को विजई बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि वे पूरे जोश के साथ मतदान के दिन सतर्क और सजग रहें। एक-एक वोट निकलवा कर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी यशपाल सिंह यादव के पक्ष में डलवाएं, ताकि समाजवादी पार्टी की प्रचंड जीत हो और उत्तर प्रदेश में प्रचंड रूप में विकास कार्य हो। इससे पूर्व कार्यकर्ता सम्मेलन को पूर्व विधान परिषद सदस्य श्याम सुंदर सिंह यादव सहित तमाम वक्ताओं ने संबोधित किया। संचालन मिर्जा करामत बेग ने किया।

Tags:    

Similar News