Jhansi News: वैगन वर्कशॉप ने 8702 वैगन का उत्पादन कर बनाया नया कीर्तिमान रिकॉर्ड

Jhansi News: वैगन वर्कशॉप ने वर्ष 2021-22 में 7170 वैगन, वर्ष 2022-23 में 8681 वैगन, वर्ष 2023-24 में 8301 वैगन का उत्पादन किया था।;

Update:2025-03-31 20:00 IST

Jhansi News

Jhansi News: भारतीय रेल के लिए, सर्वाधिक वैगन का उत्पादन करने वाले झाँसी स्थित वैगन वर्कशॉप ने वर्ष 2024-25 (1 अप्रैल से 31 मार्च) में पिछले सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त करते हुए, 8702 वैगन का उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।

इस अवसर पर मुख्य कारखाना प्रबंधक अजय श्रीवास्तवा ने बताया कि उत्तर मध्य रेलवे के, प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिमेष कुमार सिन्हा के कुशल निर्देशन में, वैगन वर्कशॉप ने वर्ष के लगभग छह माह कम फीड उपलब्ध होने के बावजूद, न सिर्फ रेलवे बोर्ड के द्वारा निर्धारित लक्ष्य को पूरा किया, बल्कि वैगन उत्पादन में लक्ष्य से 187 वैगन अधिक बनाकर नया कीर्तिमान भी स्थापित कर दिया।

 अजय श्रीवास्तवा ने आगे बताया कि वैगन वर्कशॉप ने वर्ष 2021-22 में 7170 वैगन, वर्ष 2022-23 में 8681 वैगन, वर्ष 2023-24 में 8301 वैगन का उत्पादन किया था, जो कि वर्ष 2024-25 में 8702 वैगन का उत्पादन कर, 129 वर्ष के वर्कशॉप के इतिहास में सर्वश्रेष्ठ है, साथ ही माह जनवरी 2025 में 1001 वैगन का उत्पादन कर, एक माह में सर्वाधिक वैगन उत्पादित कर अनूठा कीर्तिमान भी बना दिया था।

इसमें यार्ड शॉप, वैगन रिपेयर शॉप्स, व्हील और सी.टी.आर.बी. शॉप, ट्रॉली शॉप, एयर ब्रेक लैब, सी.एम.टी. लैब, प्रगति फील्ड शॉप, वैल्डिंग शॉप, बैंच फिटिंग, बी.एस.एस., मिल राईट, मशीन शॉप, इलैक्ट्रिकल शॉप, आई.ओ.डब्ल्यू.सेक्शन, प्रगति कार्यालय, मैकेनिकल सेक्शन, ई.डी.पी. सेन्टर, वाईस सेल और एन.टी.एक्स. आर सेक्शन ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्ष 2024-25 में ही वैगन वर्कशॉप के यार्ड शॉप ने कन्डेम वैगन डम्पिंग के क्षेत्र में, 220 कन्डेम वैगन को, डम्प करने के लक्ष्य को 748 वैगन डम्प कर नया रिकॉर्ड भी बना दिया है, जो कि वैगन वर्कशॉप के 129 वर्ष के इतिहास में सर्वाधिक है।

 सी.डब्ल्यू.एम. बोर्ड रूम में अध्यक्षता करते हुऐ भी सी.डब्ल्यू.एम. अजय श्रीवास्तवा ने बताया कि नया स्ट्रीपिंग शॉप और ढाई किलोमीटर रेल लाईन के निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है, नया स्ट्रीपिंग शॉप के निर्माण से पी.ओ.एच. के लिए आने वाले वैगन, साफ होकर ही रिपेयर शॉप्स में भेजे जा सकेगें, इससे कर्मचारियों को बेहतर वातावरण में वैगन पर काम करने का अवसर मिलेगा, साथ ही ढाई किलोमीटर लंबी रेल लाईन बन जाने के बाद, शंटिंग कार्य सुगमता से कराया जा सकेगा, जिससे रेल संरक्षा पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

इस अवसर पर अमित तिवारी ’’फैक्ट्री मैनेजर’’, शिवेन्द्र ’’डिप्टी सी.एम.ई’’, ए.के.वर्मा ’’ डिप्टी सी.एम.ई.’’, बी.के. वर्मा ’’डिप्टी सी.ई.’’, अशोक प्रिय गौतम ’’डिप्टी सी.ई.ई.’’, आशीष कुमार शुक्ला ’’ डिप्टी सी.पी.ओ., संजीव चाबा ’’ए.पी.ई.’’, विद्याभूषण शाह ’’ए.डब्ल्यू.एम.’’, इन्द्र विजय सिंह ’’सचिव एन.सी.आर.ई.एस.’’, ऊषा सिंह ’’सचिव एन.सी.आर.एम.यू.’’ के साथ समस्त शॉप के प्रभारी भी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News