UP: राज्यपाल ने CM अखिलेश को लिखी चिट्ठी, पूछा- गायत्री अभी तक मंत्रिमंडल में कैसे?

Update: 2017-03-05 12:17 GMT

लखनऊ: यूपी के राज्यपाल राम नाइक ने सीएम अखिलेश यादव को चिट्ठी लिखकर रेप मामलों में फरार उनकी सरकार के मंत्री गायत्री प्रजापति को उनकी मंत्रिमंडल में बनाए रखने को लेकर सवाल किए हैं। एक समाचार एजेंसी को राजभवन से जुड़े सूत्र ने बताया कि राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से गायत्री को मंत्री पद पर बनाए रखने पर जवाब मांगा है।

चिट्ठी में राज्यपाल राम नाइक ने लिखा है कि, 'हाईकोर्ट ने कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति पर एक महिला और उसकी नाबालिग बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के आरोप के आरोप पर गैर जमानती वारंट जारी किया है।'

कैबिनेट में उनकी स्थिति पर जल्द बताएं

राज्यपाल ने चिट्ठी में लिखा, 'इस प्रकार के मंत्री के कैबिनेट में बने रहने तथा उनके विरुद्ध कोई कार्यवाही नहीं किए जाने से लोकतांत्रिक शुचिता, संवैधानिक मर्यादा और संवैधानिक नैतिकता पर गंभीर सवाल खड़ा होता है। राज्यपाल ने अपने पत्र में कहा है कि गायत्री प्रसाद प्रजापति के राज्य सरकार के कैबिनेट में बने रहने के औचित्य पर अपने विचार से उन्हें जल्द से जल्द अवगत कराएं।'

पुलिस की छापेमारी जारी

राज्यपाल ने ये भी लिखा है कि 'अख़बारों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के से यह भी पता चला है कि खुद मुख्यमंत्री ने भी सार्वजनिक तौर पर ये कहा है कि प्रजापति को तुरंत आत्मसमर्पण कर देना चाहिए लेकिन ऐसा हुआ नहीं। वह लगातार फरार चल रहे हैं। उनके विदेश भाग जाने की भी आशंका है। खबरों के अनुसार फरार मंत्री की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।'

Tags:    

Similar News