Flood News: हरदोई में बाढ़ से 83 स्कूल बंद, फर्रुखाबाद में नाले में बहा किशोर

Flood News: गर्रा और रामगंगा के उफनाने से सैकड़ों गांव चपेट में आ गये हैं। फतेहपुर में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब है।

Report :  Snigdha Singh
Update: 2024-07-12 14:36 GMT

Flood News

Flood News: हरदोई और फर्रुखाबाद से बाढ़ से आफत खड़ी हो गई है। नदियों के उफनाने से मची तबाही के बीच स्कूलों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। गर्रा नदी के उफनाने से बाढ़ का पानी स्कूलों में भर गया है। हरदोई में डीएम ने 83 स्कूलों में 18 जुलाई तक के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। जिले में 100 से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में हैं। डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने आदेश में कहा है कि पानी भरने की वजह से स्कूल बंद कराए गए हैं।

सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है कि आदेश का कड़ाई से पालन कराएं। उधर, फर्रुखाबाद में रामगंगा में उफान से अलादादपुर भटौली समेत कई गांवों में पानी घुस गया। गंगा पार के एक दर्जन से ज्यादा गांव के लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। रास्तों में पानी से दिक्कतें हो रही हैं। कोलासोता व अलादादपुर भटौली समेत बेचेपट्टी, खरगपुर, नहरैया के पास भी पानी पहुंच चुका है। फर्रुखाबाद के रतनपुर रम्हौआ गांव निवासी चंद्रमोहन द्विवेदी का 13 वर्षीय बेटा नारायण शुक्रवार सुबह उफनाए सोता नाला में बह गया। वह दो बच्चों के साथ नहाने गया था। गोताखोरों ने उसकी काफी तलाश की पर पता नहीं चल सका। नारायण दिल्ली में आठवीं में पढ़ता था। 15 जुलाई को ताऊ के बेटे की शादी में वह आया था।

वहीं, फतेहपुर में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के करीब पहुंच गया है। यमुना समेत सहायक नदियों के जलस्तर में भी इजाफा हो रहा है। बाढ़ की आशंका को लेकर तटवर्ती गांवों के लोग सहमे हुए है। ऊंचाई वाले स्थानों पर बाढ़ चौकियां स्थापित की जा रही हैं।

Tags:    

Similar News