Aaj ka Mausam : यूपी में भीषण गर्मी के बीच राहत की उम्मीद, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से इस दिन बारिश की संभावना

Aaj Ka Mausam 02 May 2024 : उत्तर प्रदेश में सूरज की तपिश मई माह में भी आपको परेशान करने वाली है, क्योंकि अलनिनों का प्रभाव धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है और ला-निनो सक्रिय हो रहा है।

Written By :  Rajnish Verma
Update: 2024-05-02 01:35 GMT

फोटो - न्यूजट्रैक

Aaj Ka Mausam 02 May 2024 : उत्तर प्रदेश में सूरज की तपिश मई माह में भी आपको परेशान करने वाली है, क्योंकि अलनिनों का प्रभाव धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है और ला-निनो सक्रिय हो रहा है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक होने की संभावना है। हालांकि इस बीच मौसम विभाग ने नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई है, ऐसे में गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है, जो ज्यादा दिन तक नहीं रहेगी। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 04 से 07 मई तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जिससे कुछ क्षेत्रों में हल्की-फुल्की बारिश होने की संभावना है।  

मौसम विभाग लखनऊ के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के मुताबिक, आज गुरुवार (02 मई, 2024) को प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित आस-पास के क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा। इसके साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे यहां अधिकतम तापमान में बीते दिन की अपेक्षा लगभग 02 डिग्री सेल्सियस कम होने का अनुमान है, अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। हालांकि बीते दिन 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। वहीं, उत्तर प्रदेश में अन्य क्षेत्रों में मौसम के तेवर तीखे दिखाई देंगे, लेकिन हवा तेज रफ्तार से चलेगी। 

फोटो - न्यूजट्रैक

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक प्रदेश में हीटवेव का असर देखने को मिलेगा, इसके लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि यूपी में 4 से 7 मई के बीच गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश होने का अनुमान है। बारिश के कारण गर्मी से कुछ राहत जरूर मिल सकती है, लेकिन इस माह हीटवेव परेशान करेगी। ला-निनों के सक्रिय होने से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

हीटवेव जारी रहने की संभावना 

वहीं, भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी भारत में 02 मई तक और दक्षिण भारत में 03 मई तक भीषण लू (हीट वेव) की स्थिति जारी रहने की संभावना है और उसके बाद धीरे-धीरे स्थिति में कुछ सुधार होगा।  बांग्लादेश में चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है, जिससे बंगाल की खाड़ी से उत्तर-पूर्व भारत तक तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। अगले 5 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा के अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही गरज और चमक के साथ तेज हवाएं (30-50 किमी प्रति घंटे) चल सकती हैं। 

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का अनुमान

3 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से 03 से 06 मई के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में गरज और बिजली के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। 04 से 06 मई 2024 के दौरान हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब, राजस्थान एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर गरज और बिजली गिरने के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। 

Tags:    

Similar News