Aaj ka Mausam : सूबे के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी

Aaj Ka Mausam 19 April 2024: मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी दोनों इलाकों में बारिश, गरज के साथ बौछारें पड़ने और कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

Written By :  Rajnish Verma
Update: 2024-04-19 01:48 GMT

सांकेतिक फोटो (Photo - Social Media)

Aaj Ka Mausam 19 April 2024: उत्तर प्रदेश में मौसम में आज (19 अप्रैल, 2023) भी बदलाव जारी रहेगा। मौसम विभाग ने पश्चिमी और पूर्वी दोनों इलाकों में बारिश, गरज के साथ बौछारें पड़ने और कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। इसके साथ ही बादल गरजने के साथ वज्रपात की आशंका को देखते हुए सचेत रहने को कहा गया है।

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि राजधानी लखनऊ सहित आस-पास के क्षेत्र में मौसम साफ रहेगा। यहां का अधिकतम 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किए जाने का अनुमान है। पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है। यहां 19 अप्रैल को तेज हवा के साथ आंधी और बारिश हो सकती है। इसे लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए सचेत रहने को कहा है।

तापमान में होगी और बढ़ोतरी

मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के बुलंदशहर, कानपुर, झांसी, बस्ती, वाराणसी, बहराइच, प्रयागराज और हमीरपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। वहीं, अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, और हरदोई में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम रहने का अनुमान है। हालांकि मौसम विभाग ने तेज हवा के साथ बारिश का अनुमान जताया है, इसे देखते हुए गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी।

कानपुर में 40 के पार रहा पारा

राजधानी लखनऊ में बीते दिन 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कानपुर में अधिकतम तापमान 41 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस, लखीमपुर खीरी में अधिकतम 39 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, हरदोई में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि लखनऊ और आस- पास क्षेत्र में मौसम साफ रहेगा, लेकिन तेज हवाएं चल सकती है, जिससे परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

Tags:    

Similar News