Agra News: ताजमहल परिसर से कैसे खत्म हो बंदरों का आतंक? ASI को नहीं मिल रहा हल, सिर पर पड़ा बल

Agra News: ताज महल घूमने आने वालों के लिए बंदर बड़ी मुसीबत बना हुआ है। एएसआई के पास इसका फिलहाल कोई निदान नहीं है। हालांकि, तीन वेंडरों से बातचीत भले ही की है।

Report :  Rahul Singh
Update:2022-08-04 13:42 IST

Agra News : ताजमहल (Taj Mahal) देखने के लिए दुनिया भर से पर्यटक आगरा (Agra) पहुंचते हैं। लेकिन, शहर में बंदरों का आतंक इस कदर है कि पर्यटक सहमे-सहमे दिखते हैं। बंदरों के आगे एएसआई अधिकारी बेबस और लाचार हैं। ताजमहल और उसके आसपास बंदरों का झुंड विचरण करते आपको आसानी से दिख जाएंगे। इन बंदरों से होने वाली समस्या से निपटने और ताजमहल से बंदरों उन्हें हटाने के लिए एएसआई ने तीन वेंडरों से बात की है। 

इस बारे में एएसआई अधिकारी ने बताया कि, 'ताजमहल से बंदरों को दूसरी जगह शिफ्ट करने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ताजमहल परिसर में बंदर पर्यटकों के दुश्मन बने हुए हैं। ताज भ्रमण को आने वाले पर्यटकों को बंदरों से बड़ा खतरा रहता है। इससे पर्यटन भी प्रभावित होता है। 


एएसआई अधिकारी के पास नहीं ठोस उपाय 

बंदरों से होने वाली समस्या से एएसआई अधिकारियों के सिर पर बल पड़ गया है। अधिकारी इसका कोई हल नहीं ढूंढ पा रहे हैं। बंदरों को ताज परिसर से हटाने का ठोस उपाय ढूंढा जा रहा है। एएसआई अधिकारी मुख्यतः तीन बिंदुओं पर काम कर रहे हैं। एएसआई की ओर से ताज देखने आने वाले पर्यटकों को बंदरों से दूर रहने का सुझाव दिया गया है। इस संबंध में ताजमहल परिसर में बोर्ड लगाए गए हैं। साथ ही, ताजमहल के दोनों गेट पर बंदरों से दूर रहने का भी संदेश दिया गया है।

बंदरों की समस्या का नहीं कोई हल 

आगरा में बंदरों की समस्या से निजात पाने के लिए एएसआई अधिकारी तीन वेंडरों से बात कर रहे हैं। अधिकारियों की मुख्य चिंता ताजमहल परिसर से बंदरों का राज खत्म करना है। इस  पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। आजकल ताज कैम्पस में बंदरों का राज है। बीते 10 दिनों में बंदरों के हमले बढ़ गए हैं। बंदर अब तक कई पर्यटकों को काट चुका है। ताज परिसर में बंदरों की संख्या इतनी बढ़ चुकी है कि इन्हें वहां से हटा पाना फिलहाल नामुमकिन लग रहा है। कोई स्थायी निदान मिलता नहीं देख फिलहाल अधिकारी पर्यटकों को बंदरों से दूर रहने का ही सुझाव दे रहे हैं। 


निगम और वन विभाग से भी बात 

ताज देखने आने वाले पर्यटकों पर बंदर अक्सर हमला कर देते हैं। इतना ही नहीं उनका सामान तक छीन ले जाते हैं। इस बीच एएसआई अधिकारियों ने तीन वेंडरों से बात की है। एएसआई के अधिकारी 'लॉन्ग टर्म' और 'शॉर्ट टर्म' व्यवस्था पर विचार कर रहे हैं। एएसआई के अधिकारी यह भी पता लगा रहे हैं कि बंदरों का झुंड ताज परिसर में कहां से आता है। दूसरा विचार यह बना रहे हैं कि ताजमहल से बंदरों को पकड़कर कहीं दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए। हालांकि, यह काम मुश्किल है। बंदरों को हटाने के लिए एएसआई की तरफ से नगर निगम को भी पत्र लिखा गया है। वन विभाग के अधिकारियों से भी लगातार बातचीत जारी है।

Tags:    

Similar News