Agra News: तेंदुए के हमले से युवक घायल, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

2 दिन पहले भी इलाके में नजर आया था तेंदुआ तभी से पुलिस और वन विभाग की रेस्क्यू टीम तेंदुए की तलाश में लगी हुई है

Written By :  Rahul Singh
Published By :  Pallavi Srivastava
Update: 2021-06-22 06:23 GMT

Agra News: आगरा के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के सीतानगर में पिछले दो दिन से दहशत का माहौल व्याप्त है। बता दें कि इलाके में दो दिन से एक तेंदुआ घूम रहा है। और सुबह अचानक एक युवक पर तेंदुए ने हमला कर दिया। जिससे युवक घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की रेस्क्यू टीम तेंदुए की तलाश में जुटी है। पर अभी तक तेंदुए का पता नहीं चल सका है। पूरी घटना सीसीटी में कैद हो गयी।

बता दें कि आगरा के एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के सीतानगर में तेंदुए की दस्तक से दहशत फैल गई है। जंगली तेंदुए ने अचानक एक युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। तेंदुआ 2 दिन पहले भी इलाके में नजर आया था। तभी से पुलिस और वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में लगी हुई थी। लेकिन आज सुबह यानी मंगलवार को जंगली तेंदुए ने एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के सीता नगर में रहने वाले युवक सुमित पर अचानक हमला कर दिया और पैर को घायल कर दिया। हालांकि लोगो की चीख पुकार सुनकर तेंदुआ मौके से भाग निकला। लेकिन तेंदुए की दहशत की कहानी पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई इन तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह तेंदुए ने युवक पर हमला बोला। और उसे घायल करता हुआ भाग निकला। युवक पर तेंदुए के हमले की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और वन विभाग की टीम फिलहाल तेंदुए को पकड़ने की कवायद में जुटी हुई है। टीम ने आसपास के इलाकों में डेरा डाल दिया है। और सरगर्मी से तेंदुए की तलाश कर रही है। इलाके में तेंदुए की दस्तक के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने अपने बच्चों को घरों में बंद कर लिया है। 

Tags:    

Similar News